ETV Bharat / bharat

6 महीने की बच्ची रो रही थी तो मां ने गला रेतकर मार डाला, बिहार में सनसनीखेज वारदात

रोती रही 6 माह की मासूम, मां ने हसुआ से गला काट दिया, फिर खुद को मारने की कोशिश की. पढ़ें खबर

MOTHER KILLED DAUGHTER IN BETTIAH
डिजाइन फोटो (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 26, 2026 at 1:52 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पश्चिम चंपारण (बेतिया) : बिहार के बेतिया से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक मां पर अपनी ही छह माह की मासूम बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि बच्ची के लगातार रोने से परेशान होकर महिला ने खौफनाक कदम उठा लिया. वारदात के बाद महिला ने खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की.

मां बनी कातिल : मामला पश्चिम चंपारण जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के बड़का गांव का है. यहां गुरुवार की रात हुई दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. मृत बच्ची की पहचान सुनील दास की छह माह की बेटी पूजा कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. एक मां द्वारा अपनी ही छह माह की मासूम बेटी की हत्या की इस घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है.

MOTHER KILLED DAUGHTER IN BETTIAH
यहीं पर वारदात को दिया गया अंजाम (ETV Bharat)

मां ने हसुआ से गला काट दिया : बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब आठ बजे छह माह की मासूम लगातार रो रही थी. मां उसे शांत कराने की कोशिश कर रही थी, लेकिन बच्ची के नहीं चुप होने पर अचानक सीमा देवी ने घर में रखे सब्जी काटने वाले हसुआ को उठा लिया. आरोप है कि गुस्से में आकर महिला ने हसुआ से मासूम बच्ची का गला काट दिया. इसके बाद उसने खुद के गले पर भी वार कर आत्महत्या करने की कोशिश की.

खुद को मारने की कोशिश : बच्ची के पिता सुनील दास रोजगार के सिलसिले में चंडीगढ़ में मजदूरी करते हैं. घर पर बच्ची अपनी मां सीमा देवी और दादी सरस्वती देवी के साथ रहती थी. घटना के दौरान बच्ची की दादी सरस्वती देवी को कमरे से चीख-पुकार की आवाज सुनाई दी. जब वह कमरे में पहुंचीं तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. जमीन पर छह माह की मासूम खून से लथपथ पड़ी थी, जबकि बहू खुद को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही थी.

MOTHER KILLED DAUGHTER IN BETTIAH
सुनील दास का घर (ETV Bharat)

जांच में जुटी पुलिस : दादी ने किसी तरह महिला के हाथ से हसुआ छीना और शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही गोपालपुर थानाध्यक्ष अंकित कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया. वहीं घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. महिला के गले पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान टांके लगाए हैं.

महिला की मानसिक स्थिति को लेकर सवाल : शुक्रवार सुबह बच्ची की दादी सरस्वती देवी के आवेदन पर गोपालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हसुआ को भी बरामद कर लिया है. पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में महिला की मानसिक स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

MOTHER KILLED DAUGHTER IN BETTIAH
गोपालपुर थाना (ETV Bharat)

''प्रथम दृष्टया महिला मानसिक रूप से परेशान प्रतीत हो रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी. फिलहाल महिला पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है.''- अंकित कुमार, गोपालपुर थानाध्यक्ष

ये भी पढ़ें :-

सास को फंसाने के लिए अपनी ही 5 साल की बेटी को मार डाला, आरोपी महिला गिरफ्तार

बेरहम मां! 22 दिन की बच्ची का कत्ल, शव को चावल के डिब्बे में छिपाया