महाराष्ट्र में वोटर लिस्ट से 2 करोड़ से ज्यादा नाम कटे, नाम जुड़वाने के लिए कैसे करें अप्लाई
महाराष्ट्र में एसआईआर प्रक्रिया के तहत जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से 2.06 करोड़ लोगों के नाम हटा दिए गए हैं.

Published : September 1, 2026 at 1:58 PM IST
मुंबई: महाराष्ट्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-SIR) 2026 के तहत जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से 2.06 करोड़ लोगों के नाम हटा दिए गए हैं.
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के मुताबिक, महाराष्ट्र के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी कि, स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) 2026 के लिए मसौदा मतदाता सूची (ड्राफ्ट वोटर लिस्ट) प्रकाशित किया है.
इस ड्राफ्ट लिस्ट से 2,06,88,487 नाम बाहर कर दिए गए हैं. अंतिम मतदाता सूचि यानी कि, फाइनल वोटर लिस्ट 4 नवंबर, 2026 को जारी किया जाएगा. उससे पहले, चुनाव आयोग ने लोगों से अपील की है कि वे चेक कर लें कि उनका नाम ड्राफ्ट लिस्ट में है या बाहर किए गए नामों की लिस्ट में है.
कहा चेक करें कि, आपका नाम लिस्ट में है या नहीं
मतदाता सूची (एसआईआर 2026) का मसौदा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, महाराष्ट्र और भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइटों पर देखा जा सकता है.
CEO महाराष्ट्र वेबसाइट से
चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर, महाराष्ट्र वेबसाइट पर जाएं और 'ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल SIR 2026' ऑप्शन चुनें. इस पर क्लिक करने से आप मसौदा मतदाता सूची (ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल) देख पाएंगे.
इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया वेबसाइट से:
भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाएं और ये ऑप्शन चुनें: राज्य– महाराष्ट्र, साल – 2026, और SIR ड्राफ्ट रोल 2026.
फिर, जिला, विधानसभा सीट और भाषा चुनकर, आप संबंधित वोटर रोल यानी कि मतदाता सूचि देख सकते हैं. वोटर आईडी नंबर डालकर भी चेक कर सकते हैं. उसके लिए आप चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर, महाराष्ट्र की वेबसाइट पर ‘ASDD लिस्ट (एब्सेंट, शिफ्टेड, डेड, डुप्लीकेट) SIR 2026’ ऑप्शन से भी अपना नाम चेक कर सकते हैं.
ऐसा करने के लिए, अपना वोटर आईडी नंबर (EPIC नंबर) डालें, फिर आप देख पाएंगे कि आपका नाम हटा दिया गया है या नहीं. चुनाव आयोग ने वोटरों से कहा है कि वे 4 नवंबर, 2026 को फाइनल रोल पब्लिश होने से पहले ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपने नाम सत्यापन कर लें.
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के आंकड़े
बड़े पैमाने पर बदलाव से पहले, राज्य में कुल 97,854,049 वोटर थे. एसआईआर प्रक्रिया के बाद, अब राज्य में 77,165,562 वोटर हैं. इसमें पुरुष वोटरों की संख्या 39,589,905, महिला वोटरों की संख्या 37,572,570, ट्रांसजेंडर वोटरों की संख्या 3,087 है. वहीं, हटाए गए वोटरों की संख्या 20,688,487 है.
हटाने के मुख्य कारण, और नाम छूट गया है तो क्या करें?
गैर-मौजूदगी, माइग्रेशन, मौत, या डुप्लीकेट रजिस्ट्रेशन. क्या आपका नाम छूट गया है, तो चिंता न करें. दोबारा रजिस्टर करने का मौका है. अगर आपका नाम ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल में नहीं है, तो घबराने की ज़रूरत नहीं है. 31 अगस्त से 30 सितंबर, 2026 तक क्लेम और ऑब्जेक्शन फाइल करने का मौका है. फाइनल इलेक्टोरल रोल 4 नवंबर, 2026 को प्रकाशित किया जाएगा.
नए वोटर जो 1 अक्टूबर, 2026 को या उससे पहले 18 साल के हो जाएंगे, वे इस समय के दौरान अपना नाम रजिस्टर करा सकते हैं. अगर वोटर लिस्ट में किसी नाम को लेकर कोई ऑब्जेक्शन है, तो संबंधित चुनाव क्षेत्र के वोटर फॉर्म 7 का इस्तेमाल करके ऑब्जेक्शन फाइल कर सकते हैं. इसके अलावा, नाम, पता, उम्र या दूसरी एंट्री में करेक्शन के लिए फॉर्म 8 का इस्तेमाल करके आवेदन को जमा किया जा सकता है.
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोकालिंगम ने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम राज्य के ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल में शामिल नहीं थे, उन्हें दोबारा रजिस्टर करने के लिए एक महीने का समय दिया गया है. उन्होंने कहा कि, मरे हुए लोगों और डुप्लीकेट एंट्री को छोड़कर, लगभग 1.5 करोड़ मतदाता, जो पिछली इलेक्टोरल रोल में थे लेकिन ड्राफ्ट लिस्ट से गायब थे, को दोबारा रजिस्टर करने का मौका मिलेगा.
SIR प्रक्रिया के बाद ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल से हटाए गए वोटर
एसआईआर प्रक्रिया के बाद ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल से हटाए गए वोटरों में वे लोग शामिल हैं जिनकी मौत हो गई है, जो अब नहीं हैं, या जो माइग्रेट कर चुके हैं. साथ ही वे लोग भी शामिल हैं जो एन्यूमरेशन फॉर्म नहीं भर पाए. इन मतदाताओं के बारे में विवरण और उनके नाम हटाने के कारण चुनाव आयोग की वेबसाइट पर मौजूद हैं.
ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल (मसौदा मतदाता सूची) की सॉफ्ट और हार्ड कॉपी जिला स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को भी दी जा रही हैं. दावों और आपत्तियों के समय के दौरान, हर विधानसभा क्षेत्र के लिए दायर दावों और आपत्तियों की लिस्ट हर हफ्ते तैयार की जाएगी और जिला चुनाव अधिकारी और मुख्य चुनाव अधिकारी की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी.
राज्य में 288 इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर और 7,000 से ज़्यादा असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं. दावों और आपत्तियों का निपटारा 29 अक्टूबर, 2026 तक किया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर, 2026 को प्रकाशित किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश में 43.71 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी, 16.23 लाख का सत्यापन पूरा

