उत्तर रेलवे ने कमान संभाली, दिल्ली से 5 दिनों में 14 लाख ट्रेन से होली मनाने गए घर
भीड़ को नियंत्रित करने व वेटिंग लिस्ट की समस्या को कम करने के लिए रेलवे लगातार स्पेशल ट्रेनें चला रहा है.


Published : March 2, 2026 at 7:21 PM IST
नई दिल्ली: होली के पावन पर्व पर अपने पैतृक गांवों व शहरों की ओर रुख करने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने मुस्तैदी बढ़ा दी है. त्योहार के मद्देनजर दिल्ली के विभिन्न स्टेशनों पर उमड़ रही भीड़ को संभालने यात्रियों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए रेलवे द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं. उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय पिछले कुछ दिनों में यात्री संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है. दिल्ली से 5 दिनों में 14 लाख से अधिक यात्री ट्रेनों से होली पर घर को रवाना हुए.
यात्री संख्या में 18% का उछाल
आंकड़ों की मानें तो दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों से यात्रियों की रवानगी ने पिछले साल के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. 01 मार्च को दिल्ली से लगभग 3.36 लाख यात्रियों ने अपने गंतव्यों के लिए प्रस्थान किया. यदि इसकी तुलना पिछले वर्ष (2025) में होली से तीन दिन पहले की स्थिति से की जाए, तो इस बार यात्रियों की संख्या में 18.07% की उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है. बीते पांच दिनों के आंकड़े बताते हैं कि अब तक लगभग 14 लाख यात्री दिल्ली क्षेत्र से अपनी यात्रा पूरी कर चुके हैं.
कल भी 22 ट्रेनें चलाई जाएंगी
भीड़ को नियंत्रित करने व वेटिंग लिस्ट की समस्या को कम करने के लिए रेलवे लगातार स्पेशल ट्रेनें चला रहा है. 02 मार्च सोमवार को दिल्ली के विभिन्न स्टेशनों से 22 स्पेशल ट्रेनें रवाना की गईं.
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिकबी भीड़ की निरंतर निगरानी के आधार पर रेलवे ने कल यानी 03 मार्च को भी 22 विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है. ये ट्रेनें मुख्य रूप से देश के पूर्वी हिस्सों (उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल) की ओर जाने वाले यात्रियों को ध्यान में रखकर चलाई जा रही हैं, जहां होली का उत्साह चरम पर होता है.
सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम
नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल व हजरत निजामुद्दीन जैसे बड़े स्टेशनों पर भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के अधिकारी स्वयं मोर्चे पर हैं. स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कर्मचारी, सुरक्षा बल व सहायता डेस्क तैनात किए गए हैं। प्लेटफॉर्म पर भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष घेराबंदी व लाइनों की व्यवस्था की गई है, जिससे किसी भी प्रकार की भगदड़ या अप्रिय घटना से बचा जा सके. मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने आश्वासन दिया है कि रेलवे प्रशासन भीड़ की स्थिति पर पल-पल नजर रख रहा है. आवश्यकतानुसार ट्रेनों के फेरे बढ़ाने और सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने के लिए सभी वरिष्ठ अधिकारी ग्राउंड जीरो पर सक्रिय हैं.
ये भी पढ़ें- महाकुंभ-दिल्ली भगदड़ से रेलवे ने ली सीख! देशभर के 60 स्टेशनों पर भीड़ कंट्रोल करने के लिए बनाई नई योजना
ये भी पढ़ें- ट्रेन से चादर, तकिया, कंबल या तौलिया चुराते हैं यात्री, पकड़े जाने पर मिलती है ये सजा

