शादी के दिन 16 साल की थी मोनालिसा, अनुसूचित जनजाति आयोग की रिपोर्ट में खुलासा, फरमान पर FIR
फरमान के खिलाफ POCSO और एट्रोसिटी एक्ट में प्रकरण दर्ज, शादी का पीएफआई कनेक्शन भी आया सामने, केरल के डीजीपी तलब

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : April 10, 2026 at 10:44 AM IST
|Updated : April 10, 2026 at 12:05 PM IST
इंदौर : प्रयागराज महाकुंभ से सुर्खियों में आई मोनालिसा की शादी अवैध पाई गई है. दरअसल, केरल में जिस दिन मोनालिसा की शादी उत्तर प्रदेश निवासी फरमान खान से हुई थी उस दिन तक वह नाबालिग थी. केंद्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की जांच के बाद ये खुलासा हुआ है. लिहाजा इस मामले में अब न केवल मोनालिसा के पति फरमान के खिलाफ एट्रोसिटी और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है बल्कि केरल में शादी का पंजीयन करने वाली ग्राम पंचायत को भी दिल्ली तलब किया गया है. वहीं, मध्यपदेश और केरल के डीजीपी से इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है.

परिवार ने भी लगाए थे लव जिहाद के आरोप
मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में तब आई थीं जब 11 मार्च 2026 को उन्होंने उत्तर प्रदेश के फरमान खान से अचानक केरल के नायनार देव मंदिर में शादी कर ली थी. इस शादी ने देशभर में काफी सुर्खियां बटोरी थीं और शादी का जमकर विरोध भी हुआ था. विभिन्न संगठनों ने इसे लव जिहाद का मामला बताया था. इस दौरान मोनालिसा के परिवार ने भी दावा किया था कि उनकी बेटी लव जिहाद का शिकार हुई है.
उच्च स्तरीय जांच में हुआ खुलासा
इसी दरमियान मोनालिसा के पिता जयसिंह भोसले ने पूरे मामले की शिकायत उत्तर प्रदेश के सामाजिक कार्यकर्ता प्रथम दुबे के माध्यम से राष्ट्रीय जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य से की थी. इस शिकायत के बाद आयोग ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच के लिए पूर्व न्यायाधीश प्रकाश वीक और पी कल्याण रेड्डी के नेतृत्व में एक जांच दल गठित किया था.

इस जांच दल ने मोनालिसा के पति की शिकायत के आधार पर जब महेश्वर के शासकीय अस्पताल के रिकॉर्ड को खंगाला तो मोनालिसा की आयु संबंधी चौंकाने वाली बातें सामने आई. पड़ताल में पता चला कि मोनालिसा का जन्म 30 दिसंबर 2009 को शाम 5:50 पर हुआ था, इस जन्म तिथि के हिसाब से 16 मार्च 2026 को मोनालिसा की उम्र 16 साल 2 महीने 12 दिन ही थी, इसके बाद आयोग ने केरल की ग्राम पंचायत द्वारा किया गया रजिस्ट्रेशन और उसमें प्रस्तुत रिकॉर्ड की जांच की. इसमें पता चला कि फरमान खान ने केरल में शादी के पंजीयन के लिए महेश्वर ग्राम पंचायत द्वारा जारी किया गया जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया था, जिसमें मोनालिसा की उम्र 1 जनवरी 2008 बताई गई थी.

एमपी व केरल के डीजीपी को केंद्र ने किया तलब
इधर दस्तावेजों के आधार पर अब जबकि मोनालिसा नाबालिग पाई गई है, तो केंद्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने मध्य प्रदेश में पारधी समुदाय की नाबालिग लड़की की केरल में शादी करने को लेकर मध्य प्रदेश के डीजीपी को दिल्ली तलब कर लिया है. इसके अलावा केरल के डीजीपी से भी इस मामले में प्रोग्रेस रिपोर्ट मंगाई गई है. वहीं, आयोग ने केरल की पुअर ग्राम पंचायत को भी दस्तावेजों के साथ दिल्ली बुलाया है.

फरमान के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज, कौन कर रहा था फंडिग, जांच जारी
मोनालिसा के पिता जयसिंह भोसले की शिकायत पर फरमान खान के खिलाफ नाबालिग से शादी करने पर पॉस्को एक्ट और एट्रोसिटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. इसके अलावा अवैध शादी के मामले में भी बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई की तैयारी हो गई है. इस मामले में शिकायतकर्ता के एडवोकेट प्रथम दुबे ने बताया, '' इस शादी का पीएफआई से कनेक्शन है क्योंकि शादी में सीपीआईएम के नेता भी शामिल हुए लेकिन मध्य प्रदेश में किसी को कोई सूचना नहीं दी गई. शादी के पीछे लव जिहाद को फॉल्स नेरेटिव बताने का प्लान भी था. यही वजह थी की शादी के बाद फरमान और मोनालिसा केरल के कई कार्यक्रमों में व्हीआईपी गेस्ट की तरह शामिल हो रहे थे, लेकिन उसके पीछे फंडिंग कौन कर रहा था इसका खुलासा होना बाकी है.''

