ETV Bharat / bharat

अंशु चौधरी ने जीता मिस फ्यूजन इंडिया का खिताब, अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

इस वर्ष पेजेंट में विभिन्न श्रेणियों में कुल 9 खिताब प्रदान किए गए.

मिस फ्यूजन इंडिया ग्रैंड फिनाले
मिस फ्यूजन इंडिया ग्रैंड फिनाले (आयोजन समिति)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 23, 2026 at 11:06 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : जयपुर के अनंत महल में शनिवार देर रात को देश के प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट मिस फ्यूजन इंडिया के ग्रैंड फिनाले में ग्लैमर और फैशन का नजारा देखने को मिला. यहां देशभर से आईं प्रतिभागियों ने विभिन्न राउंड में अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया. ग्रैंड फिनाले में मिस ग्लोब इंडिया, मिस ओशियन इंडिया और मिस प्लैनेट इंडिया का ताज पहनाया गया. सफल पार्टिसिपेंट्स अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी.

इन ब्यूटी आइकॉन्स ने अपने नाम किए खिताब : फिनाले की शुरुआत स्टूडेंट्स निवारा कॉलेज की ओर से डिजाइन किए गए परिधानों में ओपनिंग एक्ट से हुई. इसके बाद नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड और टॉप-10 फाइनलिस्ट का क्वेश्चन-आंसर राउंड आयोजित किया गया. प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति और जवाबों के जरिए जूरी को प्रभावित किया. कार्यक्रम में पंडित सुरेश मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. ग्रैंड फिनाले में विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं की घोषणा की गई. मिस ग्लोब इंडिया का खिताब अदिति भटनागर ने जीता, जबकि फर्स्ट रनर-अप निहारिका राठौर रहीं.

पढ़ें. जयपुरः मिस ओशन वर्ल्ड और मिस फ्यूजन इंडिया का गाउन राउंड, रैंप पर दिखा ग्लैमर

मिस प्लैनेट इंडिया का ताज मैना चौधरी ने अपने नाम किया और रनर-अप जानवी यादव रहीं. वहीं, मिस ओशियन इंडिया की विजेता खुशबू यादव रहीं, जबकि फर्स्ट रनर-अप दिव्यांशी जांगिड़ रहीं. इसके साथ ही मिस फ्यूजन इंडिया का खिताब अंशु चौधरी, फर्स्ट रनर-अप रूबी वलंद और सेकंड रनर-अप पारुल सक्सेना ने अपने नाम किया. इस वर्ष पेजेंट में विभिन्न श्रेणियों में कुल 9 खिताब प्रदान किए गए.

जूरी ने किया प्रतिभाओं का चयन : प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के प्रदर्शन के साथ जूरी सदस्यों की भूमिका भी अहम रही. जूरी पैनल में मिस ग्लोब इंडिया 2025 जैस्मीन राणा, मिस ओशियन वर्ल्ड 2023 लॉरा हडसन, मिस प्लैनेट इंडिया 2024 दिव्या राव, मिस अर्थ इंडिया 2023 प्रियन सैन और मुकेश मिश्रा शामिल रहे. जूरी ने प्रतिभागियों के कॉन्फिडेंस, व्यक्तित्व, प्रस्तुति और प्रश्नों के जवाब के आधार पर विजेताओं का चयन किया.

अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी विजेताएं : फ्यूजन ग्रुप के डायरेक्टर और मिस फ्यूजन इंडिया के आयोजक योगेश मिश्रा ने बताया कि मिस फ्यूजन इंडिया एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय ब्यूटी पेजेंट है. इसका उद्देश्य देश की प्रतिभाशाली युवतियों को राष्ट्रीय मंच देने के साथ उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान और अवसर उपलब्ध कराना है. चयनित विजेताएं मिस ग्लोब इंडिया, मिस प्लैनेट इंडिया और मिस ओशियन इंडिया के रूप में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. इससे भारतीय प्रतिभाओं को वैश्विक ब्यूटी और फैशन इंडस्ट्री में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा.

रविवार को मिस ओशियन वर्ल्ड का ग्रैंड फिनाले : मिस फ्यूजन इंडिया के ग्रैंड फिनाले के बाद रविवार को जयपुर के अनंत महल में मिस ओशियन वर्ल्ड का ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा. अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में 20 देशों की प्रतिभागी हिस्सा लेंगी. आयोजकों के अनुसार, मिस ओशियन वर्ल्ड को दुनिया के प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट्स में शुमार किया जाता है. जयपुर में आयोजित होने वाला ये अंतरराष्ट्रीय आयोजन शहर को ग्लोबल ब्यूटी और फैशन मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.