iPhone के लिए नाबालिग ने चुराए मां के गहने, दोस्त और उसकी बहन संग मिलकर गिरवी रख लिया लोन
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में एक नाबालिग ने अपनी मां के गहने चुराए और उस पर लोन लेकर iPhone खरीदा.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : April 8, 2026 at 5:28 PM IST
हमीरपुर: आईफोन पाने की चाहत ऐसी की उसके लिए एक नाबालिग ने अपनी मां के गहने चुराए और उस पर लोन लेकर आईफोन खरीदा. ये हैरान करने वाला मामला हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की है. इस खबर को जानने के बाद से सभी पैरेंट्स सकते में हैं.
दरअसल, ये मामला हमीरपुर जिला के उपमंडल नादौन के गगाल क्षेत्र का है. जहां एक नाबालिग बेटे ने महंगा आईफोन खरीदने की चाहत में अपनी ही मां के सोने के गहने चुरा लिए. इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और परिवार के साथ-साथ समाज को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है.
जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल को एक घर से सोने के गहनों की चोरी की शिकायत दर्ज हुई थी. शुरुआत में यह मामला बाहरी चोरी का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस की गहन जांच में जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को चौंका दिया. जांच में खुलासा हुआ कि चोरी घर के ही नाबालिग बेटे ने की थी.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग ने चोरी किए गए गहनों को अपने दोस्त और उसकी बहन को सौंप दिया. इसके बाद दोनों ने मिलकर इन गहनों को नादौन की एक निजी फाइनेंस कंपनी में गिरवी रख दिया और करीब तीन लाख रुपये का लोन हासिल कर लिया. इस रकम का इस्तेमाल आईफोन खरीदने के लिए किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की.
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने बताया, 'नाबालिग ने ही अपनी मां के गहनों को चुराकर फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखवाया था और इस पूरी घटना में उसके दोस्त और उसकी बहन ने भी पूरा साथ दिया. पुलिस ने मामले की गहनता से जांच करते हुए संबंधित निजी फाइनेंस कंपनी से सभी गहनों को बरामद कर लिया है'.
एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस पूरे घटनाक्रम में नाबालिग के साथ दो अन्य लोग भी शामिल थे, जिनके खिलाफ अब आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की आगे जांच कर रही है.
इस घटना ने एक बार फिर यह दर्शाया है कि आज के समय में महंगे गैजेट्स और दिखावे की चाहत युवाओं को गलत दिशा में ले जा रही है. पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें सही मार्गदर्शन दें, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
ये भी पढ़ें: वोल्वो बस में चरस ले जा रहा था 27 साल का तस्कर, STF टीम ने किया गिरफ्तार

