ओडिशा शर्मसार: मासूम से दरिंदगी के बाद हत्या, शराब दुकान के खिलाफ लोगों का फूटा गुस्सा
यह घटना मंगलवार शाम को तब सामने आई, जब कुछ लोगों को बालीगांव में झाड़ियों के पास बच्ची का खून से लथपथ शव मिला.


Published : December 24, 2025 at 2:09 PM IST
भद्रक (ओडिशा): भद्रक जिले में 10 साल की एक बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म और उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार यह घटना मंगलवार शाम को तब सामने आई, जब कुछ लोगों को चांदबली थाना क्षेत्र के बालीगांव में झाड़ियों के पास बच्ची का खून से लथपथ शव मिला. बच्ची के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. आरोप लगाया गया कि बच्ची के साथ बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.
क्या कहती है पुलिस
पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की के पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी मंगलवार शाम से लापता थी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या की गई है, और अपराध में शामिल लोगों ने शव को झाड़ियों में फेंक दिया. घटना की जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला यौन उत्पीड़न और हत्या का मामला लग रहा है.
"पुलिस ने आरोपी को जगतसिंहपुर जिले से गिरफ्तार किया है और आगे की जांच जारी है. मामले की विस्तृत जांच के लिए घटना स्थल पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक (वैज्ञानिक) टीम को बुलाया गया है."- मनोज राउत, एसपी भद्रक
शराब की दुकान का विरोध
इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया. स्थानीय लोगों ने टायर जलाकर सड़क जाम कर दी और न्याय की मांग की. ग्रामीणों का आरोप था कि इलाके में चल रहे अवैध शराब के कारोबार की वजह से ऐसी घटनाएं हो रही हैं. उन्होंने मांग की है कि शराब की दुकानों को बंद किया जाए. अपराध में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने मंगलवार रात बालीगांव में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया.
स्थिति नियंत्रण में
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर सशस्त्र पुलिस बल की एक प्लाटून तैनात की गई है. अधिकारी ने बताया कि एसडीपीओ (SDPO) त्रिलोचन सेठी, चांदबली के तहसीलदार और चांदबली थाना प्रभारी परेश मोहंती वहां डेरा डाले हुए हैं. सशस्त्र पुलिस बल की एक प्लाटून को तैनात किया गया है. एसडीपीओ त्रिलोचन सेठी ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है.
इसे भी पढ़ेंः

