ETV Bharat / bharat

दिल्ली में एक और निर्भया कांड! खाली स्लीपर बस के अंदर छात्रा से दुष्कर्म, ड्राइवर सहित कंडक्टर गिरफ्तार

16 वर्षीय छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में कथित तौर पर ड्राइवर और कंडक्‍टर ने सामूहिक दुष्कर्म किया.

Minor Girl Allegedly Assaulted in Sleeper Bus, Driver and Conductor Arrested
नाबालिग छात्रा से दरिंदगी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : August 31, 2026 at 10:37 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: दिल्ली से निर्भया कांड जैसा एक और मामला सामने आया है, जहां 11वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ स्लीपर बस में सामूहिक दुष्कर्म की खबर है. पुलिस ने इस मामले में बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, घटना 4 अगस्त की है जब छात्रा अपने घरवालों से नाराज होकर बस में बैठी और अपने चचेरे भाई के घर जाने के लिए निकल गई. लेकिन भारी बारिश और अंधेरे की वजह से वह गलती से परी चौक पर उतर गई.

उसी दौरान एक स्लीपर बस नोएडा सेक्टर 63 की ओर जा रही है, ऐसा कहकर बस वालो ने छात्रा को बस में बैठाया. आरोप है कि बस के कुछ दूर जाने के बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत की. छात्रा ने विरोध किया तो उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई. इसके बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत शुरू कर दी. आरोप है कि विरोध करने पर उसे धमकाया गया. इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने कथित तौर पर छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया.

दुष्कर्म की घटना पर डीसीपी निहारिका भट्ट (ETV Bharat)

कश्मीरी गेट के पास छात्रा को उतार, आरोपी फरार

आरोप है कि घटना के बाद दोनों आरोपी छात्रा को देर रात कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतारकर फरार हो गए. घबराई हुई छात्रा ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. आरोपियों की तलाश में कई स्तर पर जानकारी जुटाई गई और बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी घटना के बाद तिमारपुर इलाके में स्थित एक बस पार्किंग में मौजूद थे. पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया. घटना में इस्तेमाल बस भी बरामद कर ली गई है.

मरम्मत के बाद खाली बस लेकर निकले थे आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन बस में खराबी आ गई थी. इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर बस को सूरजपुर स्थित वर्कशॉप में मरम्मत के लिए लेकर गए थे. मरम्मत पूरी होने के बाद दोनों बस को खाली लेकर तिमारपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान परी चौक पर छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया. पुलिस के मुताबिक, परी चौक से कश्मीरी गेट तक बस ने करीब 47 किलोमीटर का सफर तय किया. स्लीपर बस के अंदर पर्दे लगे होने के कारण बाहर से अंदर की गतिविधियां दिखाई नहीं देती थीं. ऐसे में रास्ते में किसी राहगीर को बस के भीतर कथित तौर पर हुई घटना की जानकारी नहीं हो सकी. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. बस की फॉरेंसिक जांच के साथ अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है. नाबालिग पीड़िता की पहचान कानून के तहत गोपनीय रखी गई है.

निर्भया कांड मामला

निर्भया कांड 16 दिसंबर 2012 की रात दिल्ली में एक 23 वर्षीय पैरामेडिकल छात्रा के साथ चलती बस में हुआ बेहद क्रूर और बर्बर दुष्कर्म और हत्या का मामला था. इस घटना ने पूरे भारत को झकझोर कर रख दिया था और इसके बाद देश भर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे. इस मामल में कोर्ट ने दोषियों को मौत की सजा सुनाई. लंबी कानूनी लड़ाई और कई पुनर्विचार याचिकाओं के बाद, इन चारों दोषियों को 20 मार्च 2020 को सुबह 5:30 बजे तिहाड़ जेल में फांसी दे दी गई.

इसे भी पढ़ें