ETV Bharat / bharat

ओडिशा: मूक-बधिर नाबालिग से दरिंदगी, गर्भवती होने पर हुआ खुलासा

पीड़िता की मां ने गोविंदपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है.

Odisha Deaf and mute minor raped
सांकेतिक तस्वीर. (IANS)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : February 28, 2026 at 8:24 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

संबलपुर (ओडिशा): संबलपुर जिले से एक अत्यंत दुखद और गंभीर मामला प्रकाश में आया है. बामरा ब्लॉक के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना घटित हुई है. पीड़िता, मूक-बधिर होने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी दिव्यांग है, जिसके कारण वह अपनी आपबीती साझा करने में असमर्थ है. पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है.

शारीरिक बदलाव से खुला राज

इस घिनौनी वारदात का खुलासा तब हुआ जब लड़की के शरीर में कुछ असामान्य बदलाव देखे गए. नाबालिग के पेट में हो रही असामान्य वृद्धि को देख उसके माता-पिता को अनहोनी का संदेह हुआ. बुधवार को परिजन उसे जांच के लिए बामरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले गए. डॉक्टरों द्वारा की गई गहन जांच में यह पुष्टि हुई कि 14 वर्षीय नाबालिग लगभग 4 महीने की गर्भवती है. चूंकि पीड़िता बोल और सुन नहीं सकती, इसलिए वह अपनी आपबीती बताने में असमर्थ है.

पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

पीड़िता की मां ने गोविंदपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी एएसआई (ASI) फिरोज एक्का को सौंपी गई है. गुरुवार को पीड़िता का फिर से मेडिकल परीक्षण कराया गया. पुलिस अब आसपास के इलाकों में संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अपराधी तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है.

पुलिस कर रही जांच

संबलपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) मुकेश कुमार भामू ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत संज्ञान लिया है. एसपी मुकेश कुमार भामू ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है. इस अमानवीय कृत्य के बारे में जानकरी होने पर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश हैं.

इसे भी पढ़ेंः