ओडिशा में दहीबाड़ा खाने से 97 लोग बीमार, पुलिस ने रेहड़ीवाले को लिया हिरासत में
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग और सांसद रवींद्र नारायण बेहरा ने जाजपुर मुख्य अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.


Published : May 3, 2026 at 9:57 PM IST
जाजपुर (ओडिशा): ओडिशा के जाजपुर जिले में स्वाद का शौक उस वक्त मुसीबत बन गया, जब एक ही विक्रेता से 'दहीबड़ा' खाने के बाद करीब 97 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए. दशरथपुर ब्लॉक के पटपुर और आसपास के गांवों में फैली इस बीमारी ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है. बीमारों में छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और स्थानीय नेताओं ने अस्पताल का दौरा किया है, वहीं पुलिस ने आरोपी विक्रेता को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई है और अब स्थिति नियंत्रण में है.
दरअसल, दो दिन पहले एक व्यक्ति पटपुर और कटीकाटा गांव में दहीबड़ा बेचने आया था. उसे खाने के बाद गांव के कुछ लोग बीमार होने लगे. शुरुआत में परिवार वाले उन्हें इलाज के लिए दशरथपुर स्वास्थ्य केंद्र ले गए. जब बीमारों की संख्या बढ़ने लगी, तो उन्हें जाजपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. पिछले तीन दिनों में दहीबड़ा खाने से बीमार होने वालों की संख्या लगभग 97 पहुंच गई है. पहले दिन शुक्रवार को 30 और शनिवार को 60 लोग और आज रविवार को 7 मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.
जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय कुमार मिश्रा ने कहा, "घटना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. दहीबाड़ा खाने से बीमार होने वालों की संख्या अब तक 97 हो गई है. स्थिति नियंत्रण में है. हमारी मेडिकल टीम मौके पर पहुंच गई है और निगरानी कर रही है. पानी के नमूने (सैंपल) ले लिए गए हैं, जांच के बाद पूरी जानकारी सामने आएगी."
इस खबर के मिलने के बाद, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग और सांसद रवींद्र नारायण बेहरा ने कल जाजपुर मुख्य अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. रविवार को जाजपुर की विधायक सुजाता साहू ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल-चाल जाना. उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों से बेहतर इलाज के संबंध में चर्चा की. डॉक्टर ने कहा कि बुखार कुछ समय तक रहेगा और चिंता की कोई बात नहीं है.
इसे भी पढ़ेंः

