बड़ी खबर : खैरथल की फैक्ट्री में जोरदार धमाके के बाद लगी आग, 7 लोग जिंदा जले
फैक्ट्री में भीषण आग और धमाकों से 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. पुलिस और दमकल की टीमें जांच में जुटी हैं.

Published : February 16, 2026 at 12:01 PM IST
|Updated : February 16, 2026 at 1:27 PM IST
खैरथल : राजस्थान के खैरथल जिले के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार एक बड़ा हादसा हो गया. यहां एक फैक्ट्री में भीषण धमाके के बाद लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी चपेट में आने से 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल व्याप्त है.
भिवाड़ी एडीएम सुमित्रा मिश्र ने बताया की सुबह साढ़े नौ बजे के करीब भिवाड़ी पुलिस गश्त कर रही थी तभी औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लॉट संख्या जी-1-118 बी में संचालित एक निजी फैक्ट्री में आग लगी हुई दिखाई दी. जिस पर सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष से रीको फायर ब्रिगेड को दी गई. मामले में जिला कलेक्टर को भी सूचित कर दिया गया है. सभी मृतक बिहार और यूपी के रहने वाले बताए जा रहे हैं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस फैक्ट्री में लगभग 9 मजदूर काम कर रहे थे. जिनमें 7 लोगों की जलने से मौत हो गई. सातों मृतक के शव बरामद किए जा चुके हैं. दो की तलाश जारी है. सभी मजदूर उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले है.
रेस्क्यू ऑपरेशन : दमकल इंचार्ज राजू खान ने बताया कि सूचना मिलते ही आधा दर्जन से अधिक दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में गत्ते का स्टॉक जमा था, जिसके कारण आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. सुरक्षा के लिहाज से आसपास की अन्य फैक्ट्रियों को भी खाली करा लिया गया और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति काट दी गई. घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया. सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, दमकल विभाग, बचाव दल और चिकित्सा टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. क्षेत्र की घेराबंदी कर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
इसे भी पढे़ं: मुंबई-नासिक हाईवे पर BJP सांसद लुंबाराम की लग्जरी कार में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला
7 लोगों की मौत से मचा कोहराम : शुरुआती तौर पर इसे केवल एक आग की घटना माना जा रहा था, लेकिन जब दमकल कर्मियों ने अंदर प्रवेश किया, तो वहां 7 लोगों के जिंदा जलने की खबर ने सबको झकझोर कर रख दिया. सूचना मिलते ही भिवाड़ी पुलिस के आला अधिकारी और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया है.
बंद फैक्ट्री में मौत का तांडव : मिली जानकारी के अनुसार, औद्योगिक क्षेत्र के प्लॉट नंबर G-1, 118 में स्थित यह फैक्ट्री पिछले कई महीनों से बंद बताई जा रही थी. सोमवार सुबह अचानक फैक्ट्री के भीतर से गहरा काला धुआं निकलने लगा. देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया. चश्मदीदों का कहना है कि आग लगने के दौरान 3 से 4 बार इतने भीषण धमाके हुए कि आसपास की धरती हिल गई. भिवाड़ी पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई संदिग्ध गतिविधि थी. प्रशासन ने अब अन्य औद्योगिक इकाइयों को भी अपने सुरक्षा मानकों की तुरंत जांच करने के कड़े निर्देश दिए हैं.
इसे भी पढे़ं: दौसा में भीषण सड़क हादसा : डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, फिर ट्रेलर से भिड़ंत, 5 की मौत

