कर्नाटक: शुगर फैक्ट्री में बॉयलर फटने से तीन मजदूरों की मौत, 5 की हालत गंभीर
कर्नाटक के बेलगावी जिले में इनामदार शुगर फैक्ट्री में बॉयलर फटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई और 5 अन्य घायल हुए हैं.

Published : January 7, 2026 at 8:50 PM IST
बेलगावी (कर्नाटक): जिले के बैलहोंगल तालुक में स्थिति इनामदार शुगर (Inamdar Sugars Limited) की फैक्ट्री में बॉयलर दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौत हो गई और पांच गंभीर रूप से घायल हो गए. बॉयलर फटने से यह दुर्घटना हुई. जानकारी के अनुसार, शुगर फैक्ट्री के कंपार्टमेंट नंबर 1 में यह हादसा हुआ, जहां दीवार की मरम्मत करते समय अचानक धमाका हो गया. बॉयलर से गर्म सामान मजदूरों पर गिर गया.
मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना: मृतकों की पहचान बैलहोंगल तालुक के नेसरगी गांव के दीपक मुनवल्ली (31), खानपुरा तालुक के चिक्कमुनवल्ली गांव के सुदर्शन बनोशी (25) और जामखंडी के अक्षय चोपड़े (45) के रूप में की गई है. वहीं मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना है.
बॉयलर फटने से घायल हुए लोगों में गोकक तालुक के भरत बसप्पा सरवाड़ी (27), गोकक शहर के राघवेंद्र गिलिहोसुरा (35), अथानी की मंजू टेराडाला (35), बैलहोंगल तालुक के अरवल्ली गांव की मंजू कजगर (28) और बागलकोट के गुरु तमन्नावर शामिल हैं. अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद घायलों को बैलहोंगल से बेलगाम के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में बिना किसी ट्रैफिक के ले जाया गया. घायल पूरी तरह जली हुई हालत में थे.
SP ने अस्पताल का दौरा किया: हादसे के बाद बेलगावी जिले के पुलिस अधीक्षक के. रामराजन ने निजी अस्पताल का दौरा किया जहां घायलों को भर्ती कराया गया है. उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी ली.
बाद में, मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "यह हादसा इनामदार शुगर फैक्टरी में बुधवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ. 8 लोग घायल हो गए जब उन पर गर्म सामान गिर गया. एक को बैलहोंगल अस्पताल और बाकी को बेलगाम के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायलों को बिना किसी परेशानी के लाया गया. घटना का कारण पता नहीं चला है. हम शिकायत के आधार पर जांच करेंगे."
यह भी पढ़ें- केरल: परिवार की सहानुभूति पाने के लिए गर्लफ्रेंड का एक्सीडेंट कराया, प्रेमी समेत दो गिरफ्तार

