ETV Bharat / bharat

गाजियाबाद के मनु मित्तल दुबई में फंसे, परिवार को सता रहा डर, सरकार से लगाई ये गुहार

गाजियाबाद के गोविंदपुरम इलाके के मनु मित्तल दुबई में फंसे, 2 मार्च को आना था भारत लेकिन फ्लाइट कैंसिल होने से आने पर लगा ब्रेक

गाजियाबाद के मनु मित्तल दुबई में घिरे
गाजियाबाद के मनु मित्तल दुबई में घिरे (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : March 1, 2026 at 7:02 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली/गाजियाबाद: गाजियाबाद के गोविंदपुरम इलाके के रहने वाले मनु मित्तल अपने परिवार के साथ दुबई में रहते हैं. उनके परिवार में पत्नी निकिता मित्तल और चार साल की बेटी है. होली के त्योहार के चलते 17 फरवरी को मनु मित्तल की पत्नी निकिता और 4 साल की बेटी भारत आ गए थे, लेकिन मनु मित्तल को छुट्टी ना मिल सकी ऐसे में मनु को 2 मार्च को भारत आना था जिसके लिए उन्होंने पहले से ही टिकट कर रखा था लेकिन मौजूदा हालात के चलते तमाम फ्लाइट कैंसिल हो गई और एयरपोर्ट बंद होने के चलते अब मनु मित्तल दुबई में ही है. दुबई में मनु मित्तल अमेरिकी दूतावास के पास रहते हैं. ऐसे में खतरा ज्यादा है क्योंकि ईरान द्वारा लगातार अमेरिकी दूतावासों को निशाना बनाया जा रहा है.

गोविंदपुरम के रहने वाले मनु मित्तल दुबई में फंसे
गाजियाबाद की गोविंदपुरम के रहने वाले राकेश कुमार मित्तल ने बताया, रात भर हमने बेटे से बात करने की कोशिश की लेकिन बात ना हो सकी. आज दोपहर बेटे का फोन आया तो बेटे का हाल-चाल जाना तब जाकर थोड़ा सुकून मिला है. बेटा दुबई में अमेरिकी दूतावास के नजदीक में ही रहता है. ऐसे में हम और अधिक चिंतित हैं क्योंकि ईरान लगातार अमेरिका के दूतावासों को निशाना बना रहा है.

मनु मित्तल दुबई में फंसे, 2 मार्च को आना था भारत (ETV Bharat)

मनु मित्तल की पत्नी और बेटी गाजियाबाद में

इत्तेफाक की बात है कि बेटे के साथ बहू और पोती भी दुबई में रहते हैं लेकिन बहू और पोती 17 फरवरी को होली मनाने के लिए भारत आ गए थे. बेटे को छुट्टी नहीं मिल सकी थी इसलिए बेटे ने होली पर आने के लिए फ्लाइट की टिकट बुक कर ली थी लेकिन फ्लाइट के कैंसिल होने और एयरपोर्ट बंद होने के चलते आना कैंसिल हो गया है.

भारतीयों को सुरक्षित देश वापस लाने की अपील
ऊषा मित्तल ने बताया बेटा मनु मित्तल 2022 से दुबई में रह रहे हैं. प्रतिष्ठित आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं. रात हमने बात करने का काफी प्रयास किया लेकिन कॉल नहीं लगी. आज बेटे से बात हुई तो उसने बताया है कि हमले का खतरा बना हुआ है. रात घर के बाहर गुजरी है. पूरी रात सायरन बजाते रहे. वहीं परिवार वाले काफी चिंतित हैं उन्होने भारत सरकार से मांग की है कि सभी भारतीयों को सुरक्षित देश वापस लाया जाए.

मनु मित्तल से वीडियो कॉल कर घरवालों ने पूछा कुशलक्षेम

वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान मनु मित्तल ने बताया कि होली पर घर आने का प्लान था तो पहले से ही टिकट बुक कर रखी थी लेकिन जिस तरह से अचानक से हालात बिगड़े हैं उसके बाद फ्लाइट कैंसिल हो चुकी है. एयरपोर्ट पर भी लगातार हमले हुए हैं ऐसे में भारत ना आना ही समझदारी है. दुबई में सरकार हमारी सुरक्षा के लिए तमाम प्रयास कर रही है. लगातार मोबाइल फोन पर हमें अलर्ट प्राप्त हो रहे हैं. हमारी कई ऐसे टूरिस्ट से भी बातचीत हुई है जो कि दुबई घूमने आए थे लेकिन अब मौजूदा हालात के चलते फ्लाइट कैंसिल होने के कारण फंस गए हैं.

भारत सरकार से मनु और परिवार वालों ने लगाई गुहार
मनु मित्तल ने बताया, अभी फिलहाल हालात थोड़ी बहुत सामान्य हैं. लेकिन हमें चिंता है कि अगर हालात बिगड़ते हैं तो मुश्किल बढ़ सकती है. हमारी भारत सरकार से अपील है कि सरकार हालात का जायजा ले और यदि आवश्यकता है तो भारतीयों को दुबई से सुरक्षित वापस निकला जाए.

ये भी पढ़ें :

गाजियाबाद में शुरू हुआ 'संवाद सेतु', अब 10 मिनट में अफसरों को देना होगा जवाब

कौन होगा खामेनेई का उत्तराधिकारी, ईरान के सुप्रीम लीडर का चयन कैसे होता है, जानें