ETV Bharat / bharat

12 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म और हत्या, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने 12 वर्षीय बच्ची के साथ हुए जघन्य अपराध के आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

Etv Bharat
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : February 28, 2026 at 3:58 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

अंगुल: ओडिशा के अंगुल जिले से एक रूहकपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एनटीपीसी थाना क्षेत्र के एक गांव में 12 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

क्या है पूरा मामला?
घटना की जानकारी देते हुए अंगुल के पुलिस अधीक्षक (SP) राहुल जैन ने बताया कि 26 फरवरी को 12 साल की मासूम घर के पास के खेत में सब्जियां तोड़ने गई थी. जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद भी जब लड़की का सुराग नहीं लगा, तो परिजनों ने एनटीपीसी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल FIR दर्ज की और तालचेर SDPO के नेतृत्व में तलाशी अभियान शुरू किया. रात भर पुलिस की टीमें खेतों, जंगलों और जलाशयों की खाक छानती रहीं. अगले दिन, यानी 27 फरवरी की सुबह, लड़की का शव गांव के पास ही एक घनी झाड़ी से बरामद हुआ.

पुलिस की कार्रवाई से आरोपी गिरफ्तार
शव मिलने के बाद अंगुल एसपी राहुल जैन, एडिशनल एसपी समीर पांडा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद ली गई. पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्धों पर छापेमारी शुरू की.

नतीजतन, पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी उसी गांव का निवासी है. एसपी राहुल जैन के अनुसार, आरोपी ने नाबालिग को अकेले पाकर उस पर हमला किया और दुष्कर्म का प्रयास किया. जब लड़की ने विरोध किया, तो उसने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और अपना फोन बंद कर फरार हो गया.

कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन
पुलिस प्रशासन ने इस मामले को 'स्पेशल रिपोर्ट' (SR) केस के रूप में दर्ज किया है. इसकी जांच का जिम्मा IUCAW की DSP जोगेश्वरी बेहरा को सौंपा गया है, ताकि एक निश्चित समय सीमा के भीतर गहन जांच पूरी की जा सके.

एसपी राहुल जैन ने स्पष्ट किया है कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कठोर धाराओं के तहत मामला चलाया जाएगा. पुलिस जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल कर आरोपी को सख्त सजा दिलाने की प्रक्रिया में जुटी है. इस घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.

यह भी पढ़ें- दशकों तक चली लव स्टोरी, शादी के कुछ ही घंटों बाद व्यक्ति की हत्या, पत्नी के भाइयों पर आरोप