'प्रधानमंत्रीजी, होम मिनिस्टर को कंट्रोल करें, वह बहुत बुरे हैं', छापेमारी के बाद बोलीं ममता बनर्जी
ईडी की छापेमारी के बाद ममता बनर्जी गृहमंत्री पर भड़क गईं. उन्होंने कहा, नहीं देखा ऐसा होम मिनिस्टर.

Published : January 8, 2026 at 5:08 PM IST
|Updated : January 8, 2026 at 6:05 PM IST
कोलकाता : टीएमसी रणनीतिकार प्रतीक जैन के घर पर छापेमारी को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भड़की हुईं हैं. उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को इसके लिए जिम्मेदार ठहाराया है. उन्होंने कहा कि अमित शाह बहुत ही "शातिर" और "बुरे" गृहमंत्री हैं.
ममता बनर्जी ने कहा, "मुझे माफ करें प्रधानमंत्री जी, कृपया अपने गृह मंत्री को कंट्रोल करें... अगर आप (भाजपा) हमसे लड़ नहीं सकते, तो आप बंगाल क्यों आ रहे हैं? हमें लोकतांत्रिक तरीके से हराइए. आप हमारी एजेंसियों का इस्तेमाल हमारे कागजात, हमारी रणनीति, हमारे वोटर्स, हमारे डेटा, हमारे बंगाल को लूटने के लिए कर रहे हैं... यह सब करके, आपको जितनी सीटें मिल रही थीं, वह घटकर जीरो हो जाएंगी."
#WATCH | Kolkata | On the ED raids at the IPAC office in Kolkata, West Bengal CM Mamata Banerjee says, " i am sorry mr. prime minister, please control your home minister... if you (bjp) cannot fight with us, then why are you coming to bengal? defeat us in a democratic way. you are… pic.twitter.com/SKL7DNxeAc
— ANI (@ANI) January 8, 2026
हालांकि, भाजपा ने ममता बनर्जी की प्रतिक्रिया को उनकी खीझ बताया है. प.बंगाल में प्रतिपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने तलाशी के दौरान मुख्यमंत्री के मौके पर जाने को जांच में दखलअंदाजी बताया है. उन्होंने कहा कि यह कदम असंवैधानिक है.
आपको बता दें कि गुरुवार सुबह को ईडी ने आईपीएसी (I-PAC) नेता प्रतीक जैन के घर और सॉल्ट लेक सेक्टर 5 में उनके ऑफिस पर छापा मारा. जैसे ही ममता बनर्जी को यह खबर मिली, वह गुस्से में पहले प्रतीक जैन के घर और फिर सॉल्ट लेक स्थित ऑफिस पहुंचीं. वहां से उन्होंने सीधे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोला और आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसी का इस्तेमाल करके तृणमूल कांग्रेस की चुनावी रणनीति और उम्मीदवारों की लिस्ट चुराने की कोशिश की जा रही है.
छापेमारी के बाद ममता बनर्जी प्रतीक जैन के घर और दफ्तर पहुंचीं. उन्होंने पार्टी संबंधित सभी दस्तावेज वहां से हटा दिए. तृणमूल से जुड़ी सारी जानकारियां और हार्ड डिस्क को ममता बनर्जी अपने साथ ले गईं.
इसके बाद ममता बनर्जी ने पत्रकारों का सामना करते हुए "अप्रत्याशित" भाषा में गृह मंत्री अमित शाह पर हमला किया. उन्होंने कहा, "क्या ईडी का काम पार्टी की रणनीति या उम्मीदवारों की लिस्ट देखना है? अमित शाह देश के सबसे "घटिया" और "बुरे" गृह मंत्री हैं, जो देश की रक्षा नहीं कर सकते, बल्कि विपक्ष पर हमला करते हैं." मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले उनकी पार्टी की सारी जानकारी जब्त करने के लिए तलाशी ली जा रही है.
ममता बनर्जी ने कहा कि ईडी के अधिकारी टीएमसी की राजनीतिक गतिविधियों से संबंधित फाइलें अपने साथ ले जा सकते हैं, इसलिए उन्होंने खुद ही उन दस्तावेजों को वहां से हटा दिया. उन्होंने कहा, "वे मेरी पार्टी की हार्ड डिस्क, उम्मीदवारों की लिस्ट और पार्टी के भविष्य के प्लान - सब कुछ ले जाना चाहते हैं. क्या यह ईडी और अमित शाह का काम है?" उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने प्रतीक जैन को फोन करके इस मामले में पूछा और उन्हें पता चला कि उनके WhatsApp चैट और दूसरी पर्सनल जानकारी की भी जांच की जा रही है.
केंद्र द्वारा भेदभाव और एजेंसी की ज्यादा एक्टिविटी के आरोपों के अलावा, मुख्यमंत्री ने वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने के बारे में भी बात की. उन्होंने कहा, "एसआईआर केस के नाम पर बंगाल के लोगों के नाम एकतरफा हटाए जा रहे हैं. लगभग 1.5 करोड़ लोगों को बुलाया गया है और 54 लाख लोगों के नाम लिस्ट से हटा दिए गए हैं."
इस बीच, विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता पर निशाना साधते हुए कहा, "मुझे लगता है कि मुख्यमंत्री और कोलकाता पुलिस कमिश्नर का घटनास्थल पर जाना अनैतिक, असंवैधानिक और केंद्रीय एजेंसी की जांच में सीधा दखल है."
ये भी पढ़ें : टीएमसी के प्रमुख रणनीतिकार के घर पर छापेमारी, भड़कीं ममता, बोलीं- 'अगर हम भाजपा दफ्तर पर रेड करवा दें

