मालवीय नगर अग्निकांड: साकेत कोर्ट ने आरोपी होटल मालिक लवकेश को 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा
लवकेश बजाज दिल्ली के मालवीय नगर के उस होटल का मालिक है जिसमें कल भीषण आग लगने से 21 लोगों की जान चली गई.

Published : June 4, 2026 at 4:10 PM IST
नई दिल्ली: मालवीय नगर अग्निकांड में साकेत कोर्ट ने आरोपी और मालवीय नगर होटल के मालिक लवकेश बजाज को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. बीती शाम लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया गया था आज साकेत कोर्ट में उसे पेश किया गया.
दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आज कोर्ट में पेश किया,पेशी के दौरान दिल्ली पुलिस ने चार दिनों की हिरासत की मांग की. पेशी के दौरान लवकेश बजाज के वकील ने कहा कि उन्हें एफआईआर की कॉपी नहीं मिली है. इस पर दिल्ली पुलिस ने कहा वो एफआईआर की कॉपी देंगे.
दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित नामी रेस्टोरेंट में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. इस अग्निकांड मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल मालिक लवकेश बजाज को बुधवार को ही हिरासत में ले लिया था. इस हादसे में 21 लोगों की मौत हुई थी. इससे पहले उनके और उनकी पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था.
बता दें कि आग इतनी भयावह थी कि होटल के अंदर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. अग्निकांड में प्रभावित कुल 49 व्यक्तियों को विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया गया. इनमें से 21 लोगों की मृत्यु हो गई, जिनमें 9 भारतीय नागरिक और 12 विदेशी नागरिक शामिल हैं. दिल्ली पुलिस ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या की धारा और बीएनएस की अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है.
बता दें लवकेश बजाज के होटल में ना फायर एनओसी मिला ना कोई सुरक्षा के इंतजाम. 6 कमरों की इजाजत की आड़ में 25 कमरे खोले गए . बुधवार सुबह भीषण आग लगने से होटल फ्लोरिश स्टे में 21 लोगों की जान चली गई जबकि कई अब भी गंभीर रूप से घायल हैं.

