मालवीय नगर अग्निकांड: अपनों की तलाश में परेशान परिजन, कई सवालों के बीच पोस्टमार्टम आज
मालवीय नगर अग्निकांड में जान गंवाने वाले करीब 13 शवों का पोस्टमार्टम गुरुवार को किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा।

Published : June 4, 2026 at 1:00 PM IST
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. बुधवार, 3 जून को दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके के पांच मंजिला होटल 'फ्लरिश स्टे' में लगी भीषण आग ने 21 लोगों की जान ले ली. हादसे के बाद पूरे इलाके शोक और मातम का माहौल है. मृतकों में भारतीय नागरिकों के साथ विदेशी नागरिक भी शामिल हैं. अधिकांश विदेशी नागरिक नाइजीरिया के बताए जा रहे हैं, जो निजी कार्यों के सिलसिले में दिल्ली आए हुए थे. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों में राजस्थान के अजमेर जिले के एक परिवार और उनके रिश्तेदारों के करीब आठ सदस्य भी शामिल हैं. हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के करीब 13 शवों को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजा गया है. सभी शवों का पोस्टमार्टम आज (गुरुवार) को किया जाएगा, इसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा.
अस्पताल और शवगृहों में प्रियजनों की तलाश
आंखों में कई सवाल और दर्द लिए अपनों की पहचान करने पहुंच रहे परिजन व संबधी परेशान हैं. घटना के कई घंटों बाद भी उनको यह नहीं मालूम हुआ कि मृतकों के शव को कहां लाया गया है. हादसे के कई घंटे बाद भी परिजन अपने प्रियजनों की तलाश में अस्पतालों और शवगृहों के चक्कर लगाते रहे. बुधवार शाम एम्स की मोर्चरी के बाहर कई नाइजीरियाई नागरिक अपने परिचितों की तलाश करते नजर आए. वे पहचान पत्र और तस्वीरें दिखाकर जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन लंबे समय तक उन्हें यह पता नहीं चल पाया कि शवों को किस अस्पताल में रखा गया है. इसके बाद मालूम हुआ कि शव एम्स की मोर्चरी में है. उन्हें ओकले ( OKELE) उम्र 39 वर्ष और इक्वाजू (IKEAZU) उम्र 36 वर्ष की तलाश थी. खुद को मृतकों का दोस्त बताने वाले सदस्य ने बताया कि वह नाइजीरिया में एक ही गांव के रहने वाले हैं. वह काफी समय से इनको जानते हैं, लेकिन सुबह से उनका कहीं पता नहीं चल रहा है. पहले घटना स्थल पर जाकर देखा और फोटो दिखाकर पूछा पर कोई जानकारी नहीं मिली.उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में उनका मित्र नडुबुइजी बचावकर्मियों द्वारा बेहोशी की हालत में बाहर निकाला जाता दिखाई दे रहा है, लेकिन उसकी स्थिति के बारे में अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एक नाइजीरियाई नागरिक को गंभीर हालत में सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, अजमेर निवासी विवेक और उनके कई परिजनों की भी दम घुटने से मौत हो गई. मृतकों के परिजनों ने राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर कई सवाल उठाए हैं. एक परिजन का कहना था कि वह विवेक के साथ घटना स्थल पर मौजूद थे और उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया. एम्स मोर्चरी में अपनी बहन के शव की तलाश में पहुंचे एक युवक सहित कई परिवारों के लोग गहरे सदमे में दिखाई दिए. परिजनों में घटना को लेकर आक्रोश भी था, हालांकि अधिकांश लोगों ने मीडिया के सामने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया.
कई सवालों के जवाब अधूरे
हादसे के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक महिला ने जान बचाने के लिए पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी थी. वहीं यह भी सवाल उठ रहे हैं कि दमकल विभाग के पहुंचने के बावजूद होटल का शटर देर से क्यों खोला गया और बचाव कार्य में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई. फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही मौतों के कारणों और संभावित लापरवाही की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी.
ये भी पढ़ें-

