विस्फोटक डिफ्यूज करने के दौरान बड़ा हादसा, सीआरपीएफ के 4 जवान जख्मी, सुकमा के भेज्जी की घटना, सीएम ने जताया दुख
सुकमा के एलार्मडगु कैंप के पास विस्फोटक को नष्ट किया जा रहा था तभी एक बम में धमाका हो गया. नवीन कश्यप की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : October 8, 2026 at 9:07 PM IST
|Updated : October 8, 2026 at 9:16 PM IST
सुकमा: भेज्जी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एलार्मडगु कैंप के पास गुरुवार को विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से नष्ट यानी डिफ्यूज किया जा रहा था. इसी दौरान अचानक उसमें में धमाका हो गया. विस्फोट में सीआरपीएफ के चार जवान जख्मी हो गए. हादसे में 2 जवानों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि 2 अन्य को सामान्य चोटें आई हैं, ऐसा बताया जा रहा है. सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए शासकीय अस्पताल कोन्टा भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है.
विस्फोटक डिफ्यूज करने के दौरान हादसा
दरअसल, CRPF कोन्टा रेंज के अंतर्गत आने वाले विभिन्न कैंपों में निरीक्षण और खोजकर निकाले गए जीवित विस्फोटकों को नष्ट करने का काम किया जा रहा था. इस कार्य के लिए जगदलपुर से एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम (ATT) भेजी गई थी. टीम 50वीं वाहिनी CRPF के एलार्मडगु कैंप पहुंची थी.
हादसे पर सीएम ने जताया दुख
सीएम ने अपने एक्स पोस्ट में हादसे पर दुख जताते हुए लिखा है कि, सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र के एलाड़मड़गु कैंप के समीप आईईडी को निष्क्रिय करने के दौरान सीआरपीएफ के चार जवानों के घायल होने की सूचना अत्यंत दुखद है. घायल जवानों का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है. ईश्वर से सभी जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.
सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र के एलाड़मड़गु कैंप के समीप आईईडी को निष्क्रिय करने के दौरान सीआरपीएफ के चार जवानों के घायल होने की सूचना अत्यंत दुखद है। घायल जवानों का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। ईश्वर से सभी जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) October 8, 2026
हादसे में घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की हम कामना करते हैं: विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री

विस्फोटोकों का रुटीन विनिष्टिकरण का काम सीआरपीएफ के एलार्मडगु कैंप के पास किया जा रहा था. उसी दौरान जो अनसर्विसेबल ग्रेनेड थे और जो आर्म्स थे उसके स्प्रिंटर्स ब्लास्ट होने से वहां मौजूद चार जवान जख्मी हो गए. सभी को स्प्रिंटर से चोट लगा है, सभी खतरे से बाहर हैं : मयंक गुर्जर, एसपी, सुकमा
सीआरपीएफ के 4 जवान जख्मी
विस्फोटकों के विनष्टीकरण की प्रक्रिया एलार्मडगु कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास सुरक्षा मानकों के तहत की जा रही थी. इसी दौरान दुर्घटनावश एक विस्फोटक का अंश अथवा बम उड़कर समीप में जा गिरा, जिसके बाद उसमें ब्लास्ट हो गया. अचानक हुए विस्फोट से मौके पर मौजूद सुरक्षा ड्यूटी और विनष्टीकरण प्रक्रिया में शामिल जवान इसकी चपेट में आ गए. हादसे में ATT टीम के ASI एम.के. तिवारी और 50वीं वाहिनी CRPF के ASI अनीश खान को गंभीर चोटें आई हैं. वहीं ATT टीम के निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा तथा 50वीं वाहिनी के प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को सामान्य चोटें आई हैं.
घटना के तत्काल बाद घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से कोन्टा अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर रूप से घायल जवानों को आवश्यकता पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर करने की तैयारी की जा रही है.

नक्सलमुक्त बस्तर को विस्फोटकों से मुक्त बनाने का चल रहा अभियान
पूर्व में माओवादियों की स्ट्रैटजी हुआ करती थी कि जहां कहीं से भी जवानों की आवाजाही होती थी, उस मार्ग पर बम लगाकर छोड़ दिया करते थे. जब कभी जवानों को निशाना बनाने का मौका माओवादियों को मिलता, नक्सली उन बमों में विस्फोट कर दिया करते. अभी भी बस्तर के कई जिलों में इस तरह के लैंडमाइन लगे हुए हैं, इन बमों को खोजकर निकालना और उनको डिफ्यूज करना जवानों के लिए बड़ी एक्ससाइज है. आज उसी एक्सरसाइज के दौरान ये हादसा पेश आया.

