ETV Bharat / bharat

मैहर में चलते ट्रक में पीछे से घुसी XUV, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर मौत

मैहर में तेज बारिश के बीच सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात भयानक रोड एक्डीडेंट. बर्थडे मनाकर लौट रहे लोग मौत के शिकार.

XUV rammed truck 5 deaths
एक्सयूवी के परखच्चे उड़े, 5 लोगों की मौत (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : July 7, 2026 at 9:01 AM IST

|

Updated : July 7, 2026 at 9:15 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

मैहर : नेशनल हाईवे-30 पर नादन देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात तेज बारिश के बीच भीषण सड़क हादसा हुआ. हादसा रात करीब 2 बजे हुआ. तेज रफ्तार XUV आगे चल रहे ट्रक में घुस गई. कार में 6 लोग सवार थे. इनमें से 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. एक व्यक्ति गंभीर घायल है. कार के परखच्चे उड़ गए.

जन्मदिन समारोह से लौट रहे थे कार सवार

टक्कर इतनी भयावह थी कि एसयूवी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 6 युवक वाहन के अंदर फंस गए. गंभीर रूप से घायल युवक को सतना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. सभी युवक जन्मदिन समारोह में शामिल होकर मैहर लौट रहे थे. परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि घर लौटने का यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा.

देर रात रिगरा गांव के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार XUV सामने चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी. हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक मैहर से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रहे मनीष पटेल के परिवार के सदस्य थे. एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत की खबर जैसे ही शहर पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

XUV rammed truck 5 deaths
मैहर में देर रात भयानक रोड एक्डीडेंट (ETV BHARAT)

युद्ध स्तर पर चलाया रेस्क्यू

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे घुस गया. स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू हुई, लेकिन कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण रेस्क्यू आसान नहीं था. डायल-112, हाईवे पेट्रोलिंग टीम, 108 एंबुलेंस और हाईवे एम्बुलेंस सेवा 1033 घटनास्थल पर पहुंच गई. स्थानीय लोगों की मदद से काफी देर तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया. बड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को वाहन से बाहर निकाला गया.

मृतकों में अंकुर पटेल (40) पिता गोविन्द पटेल, मर्दुल पटेल (32) पिता महेंद्र पटेल, विजय पटेल (30), हरीशनकर पटेल (25) पिता नागेंद्र पटेल, शिवा पटेल (23) पिता संजू पटेल, जबकि घायल ओम पटेल है.

एक युवक गंभीर घायल, सतना रेफर किया

रेस्क्यू के दौरान पता चला कि 5 युवकों की मौत हो चुकी है. गंभीर रूप से घायल युवक को पहले अमरपाटन सिविल अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया. देर रात से ही अस्पताल परिसर में परिजनों, रिश्तेदारों और परिचितों की भीड़ जमा हो गई. जैसे-जैसे हादसे की जानकारी लोगों तक पहुंची, अस्पताल का माहौल गमगीन होता गया. देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है.

ट्रक चालक से पूछताछ कर रही पुलिस

प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और सामने चल रहे ट्रक से पर्याप्त दूरी नहीं बनाए जाने के कारण यह हादसा हुआ. देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह का कहना है "दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी एवं अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे." रात्रि गश्त के द्वारा तैनात पुलिस कर्मी केशरी प्रसाद ने बताया "112 और रात्रि पेट्रोलिंग के माध्यम से सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर पुलिस बल और नेशनल हाईवे 30 की पेट्रोलिंग की सहायता से रेस्क्यू किया गया."

Last Updated : July 7, 2026 at 9:15 AM IST