महाराष्ट्र: नांदेड़ में सड़क हादसा, 3 की मौत, 7 गंभीर रूप से घायल
हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं को ले जा रही जीप का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई.

Published : September 1, 2026 at 1:02 PM IST
नांदेड़ (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया. बता दें, सावन महीने के तीसरे 'श्रावणी सोमवार' के मौके पर सहस्रकुंड इलाके में भगवान महादेव के मंदिर से दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ यह हादसा हुआ है.
जानकारी के मुताबिक श्रद्धालुओं को ले जा रही कमांडर जीप का तेज रफ्तार के चलते संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई. इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सोमवार (31 अगस्त) शाम किनवट तालुका के सहस्त्रकुंड इलाके में तोतांबा घाट के पास हुआ. हादसे की जानकारी मिलते ही इस्लापुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया.
पुलिस को स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप पूरी तरह से चकनाचूर हो गई. वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, तेलंगाना के कुबेर मंडल में पारडी के रहने वाले श्रद्धालुओं का एक समूह सावन के पवित्र महीने में भगवान महादेव की पूजा करने के लिए किनवट तालुका में सहस्रकुंड के पास मशहूर कैलाश पहाड़ी पर गया था. 'श्रावणी सोमवार' (सावन के महीने का पवित्र सोमवार) होने के चलते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी. पूजा-अर्चना के बाद, श्रद्धालु कमांडर जीप से अपने गांव लौट रहे थे. टोटाम्बा घाट इलाके में तेज रफ्तार के चलते ड्राइवर का गाड़ी पर से नियंत्रण खो गया. इस वजह से जीप सड़क से उतरकर जोरदार तरीके से एक पेड़ से टकरा गई.
पेड़ से टकराने के चलते जीप चकनाचूर हो गई. हादसे के बाद अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई. गंभीर रूप से घायल कुछ यात्री गाड़ी के अंदर ही फंसे रहे. टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया. पुलिस ने बताया कि तीन लोगों (दो पुरुष और एक महिला) की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने मृतकों की पहचान तुमसैलू, तुम गौराबाई और अवला गंगाधर के रूप में की है. हालांकि, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. वहीं, इस सड़क हादसे में सात अन्य तीर्थयात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस हादसे की जांच में जुटी है.
पढ़ें: भायली गैंगरेप केस: पांच दोषियों को कठोर सजा का ऐलान, मरते दम तक जेल में रहेंगे

