पाकिस्तानी हैंडलर को भगाने वाला जाली नोट का सरगना लादेन गिरफ्तार, मोहम्मद मस्तान फरार
मधुबनी पुलिस ने इंडो-नेपाल सीमा के रास्ते जाली नोट तस्करी के कारोबारी अब्दुल इनाम उर्फ लादेन को गिरफ्तार किया. पाकिस्तानी नागरिक को भगाने का आरोप.

Published : February 17, 2026 at 2:35 PM IST
मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले में इंडो-नेपाल सीमा खुली होने के कारण तस्करों को नेपाल के रास्ते आसानी से भारत में प्रवेश करने का मौका मिल रहा है. मधुबनी सहित राज्य के अन्य जिलों में यह समस्या गंभीर रूप ले चुकी है, जहां नेपाल से आने वाले तस्कर बड़े पैमाने पर कारोबार चला रहे हैं. इसी कड़ी में जाली नोट सरगना लादेन को मधुबनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
जाली नोट सरगना लादेन गिरफ्तार: मधुबनी पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि जाली नोटों का बड़ा कारोबारी लंबे समय से फरार चल रहा है. इस सूचना के आधार पर बासोपट्टी थाना पुलिस और नगर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की. दोनों थानों की टीम ने नगर क्षेत्र के कोतवाली चौक मुहल्ले में छापेमारी की और आरोपी को उसके घर से दबोच लिया. यह कार्रवाई कांड संख्या 42/25 के तहत दर्ज मामले में की गई, जिसमें आरोपी अप्राथमिकी अभियुक्त था.
पाकिस्तानी नागरिक को भगाने का आरोप: पुलिस ने अब्दुल सलाम के पुत्र अब्दुल इनाम उर्फ लादेन को गिरफ्तार किया है. वह काफी दिनों से पुलिस की गिरफ्त से दूर था और उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ कई मामले पहले से दर्ज हैं. बासोपट्टी थाना अध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि यह गिरफ्तारी जाली नोटों के मामले में पुलिस की चौथी बड़ी कार्रवाई है. आरोपी पर पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद मस्तान को भगाने का भी आरोप है, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है.
"बासोपट्टी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना पुलिस के सहयोग से कांड संख्या 42 / 25 के अंतर्गत प्राथमिकी अभियुक्त अब्दुल इनाम नगर थाना क्षेत्र के कोतवाली चौक उसके घर से गिरफ्तार किया है."-विकास कुमार, थाना अध्यक्ष, बासोपट्टी
पाकिस्तानी नागरिक नेपाल के रास्ते से भागा: मामले में शामिल पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद मस्तान नेपाल के रास्ते भारत से भागने में सफल रहा और अभी भी फरार है. पुलिस की जांच में पता चला कि वह नेपाल से भारत में आकर जाली नोटों का कारोबार चला रहा था. इंडो-नेपाल सीमा की खुली होने के कारण ऐसे विदेशी तस्कर आसानी से सीमा पार कर जाते हैं. पुलिस अब मोहम्मद मस्तान की तलाश में जुटी हुई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है.
जाली नोट कारोबार पर असर की उम्मीद: अब्दुल इनाम उर्फ लादेन की गिरफ्तारी से मधुबनी जिले में जाली नोटों के कारोबार पर ब्रेक लगने की संभावना है. यह गिरफ्तारी न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि राज्य के अन्य जिलों में भी जाली नोटों की सप्लाई चेन को प्रभावित कर सकती है. पुलिस का मानना है कि इससे तस्करी के नेटवर्क में सेंध लगेगी और आगे की जांच से बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है.
पुलिस की कार्रवाई: मधुबनी पुलिस की यह सफलता गुप्त सूचना और संयुक्त प्रयासों का नतीजा है. थाना अध्यक्ष विकास कुमार ने कहा कि पुलिस इंडो-नेपाल सीमा से जुड़ी तस्करी पर कड़ी नजर रख रही है. फरार पाकिस्तानी नागरिक की तलाश जारी है और सीमा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है. ऐसी कार्रवाइयों से अपराधियों में दहशत फैली है.
ये भी पढ़ें-
जाली नोट और रुपया डबलिंग केस में भाजपा के पूर्व प्रवक्ता के घर हरियाणा-बिहार STF की छापेमारी
बिहार में अवैध लॉटरी का भंडाफोड़, पुलिस ने सात धंधेबाजों को दबोचा

