पुष्कर में आयोजित कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे राहुल गांधी, कांग्रेस जिलाध्यक्षों के परिजनों के साथ की बात
राहुल गांधी सुबह 11 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक प्रशिक्षण शिविर में रहेंगे.

Published : June 1, 2026 at 9:11 AM IST
|Updated : June 1, 2026 at 10:43 AM IST
अजमेर : संगठन सृजन अभियान के जरिए चुनकर आए राजस्थान कांग्रेस के 50 और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के 15 जिलाध्यक्षों का संयुक्त 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को 10वां और अंतिम दिन है. अजमेर जिले के पुष्कर में चल रहे प्रशिक्षण शिविर में आज लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होने पहुंचे हैं. यहां वे जिलाध्यक्षों को रीति नीति, कल्चर और अनुशासन का पाठ पढ़ाएंगे. शिविर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, दिल्ली के प्रभारी काजी निजामुद्दीन और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव भी शिविर में मौजूद रहेंगे. शिविर में जिलाध्यक्षों, पीसीसी अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी के अलावा अन्य नेताओं को इजाजत नहीं मिली. पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, पूर्व मंत्री हरीश चौधरी समय तमाम नेता शिविर के बाहर ही इंतजार करते रहे.
राहुल गांधी के भाषण से होगा समापन : कांग्रेस जिलाध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन राहुल गांधी के भाषण के साथ होगा. राहुल गांधी करीब 1 घंटे तक कांग्रेस जिला अध्यक्षों को रीति-नीति, कल्चर और समसामयिक विषयों पर भाषण देंगे. राहुल गांधी शाम 4 बजे तक प्रशिक्षण शिविर में रहेंगे. इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्षों से परिचय भी लेंगे और उनके साथ लंच भी करेंगे.
#WATCH | राजस्थान | लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी किशनगढ़ एयरपोर्ट (अजमेर एयरपोर्ट) पहुंचे।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 1, 2026
वे यहां राजस्थान और दिल्ली कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के लिए एक जॉइंट ट्रेनिंग कैंप को संबोधित करेंगे। pic.twitter.com/MtvixBHnTx
यह रहेगा राहुल गांधी के दौरे का कार्यक्रम : सुबह 9 बजे विशेष विमान से राहुल गांधी दिल्ली से रवाना होकर किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, कांग्रेस विधायक हरीश चौधरी, दिव्या मदेरणा, रफीक खान, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी काजी निजामुद्दीन और देवेंद्र यादव ने उनकी अगवानी की. राहुल गांधी एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से पुष्कर के लिए रवाना हुए. राहुल गांधी ने शिविर में मौजूद कांग्रेस जिलाध्यक्षों के परिजनों के साथ ग्रुप फोटो भी लिया. राहुल गांधी ने परिजनों से भी बात भी की. राहुल शाम 4 बजे वापस पुष्कर से किशनगढ़ एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे. शाम 4 बजकर 45 मिनट पर किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे और उसके बाद शाम 5 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे.
आज किशनगढ़ एयरपोर्ट पर नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी का स्वागत किया।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) June 1, 2026
राजस्थान की पावन भूमि पर आपका हार्दिक स्वागत एवं अभिनन्दन है। @RahulGandhi pic.twitter.com/XIMruCiVwo
पढे़ं. कांग्रेस जिलाध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, पढ़ेंगे रीति–नीति और कल्चर का पाठ
राज्यसभा चुनाव को लेकर भी होगी चर्चा : राजस्थान में रिक्त हुई तीन राज्य सभा सीटों के लिए भी आज से नामांकन शुरू हो गया है. संख्या बल के हिसाब से कांग्रेस से खाते में एक सीट जाएगी. ऐसे में राज्यसभा प्रत्याशी चयन को लेकर भी राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से चर्चा करेंगे और नाम तय करेंगे. माना जा रहा है कि 5 जून तक कांग्रेस अपने प्रत्याशी की घोषणा कर देगी.
एक दिन पहले पहुंचे पूर्व सीएम अशोक गहलोत: पुष्कर में चल रहे 10 दिवसीय चिंतन एवं प्रशिक्षण शिविर के 9वें दिन राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत भी पहुंच गए. रविवार को शिविर में शिरकत करने के बाद देर शाम को गहलोत धर्मेंद्र राठौड़ के साथ नांद गांव में थे. यहां ग्रामीणों के साथ गहलोत ने संवाद किया. ग्रामीणों ने भी गहलोत का स्वागत किया. देर रात को गहलोत अजमेर सर्किट हाउस पहुंचे, जहां कुछ देर उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की. गहलोत ने रात्रि विश्राम अजमेर सर्किट हाउस में किया.

