ETV Bharat / bharat

BJP कार्यालय के गेट पर RJD का प्रदर्शन, पुलिस ने तेजस्वी यादव को छोड़ा

Rjd Lok Bhawan March
आंदोलन की तैयारी में तेजस्वी यादव (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 19, 2026 at 8:12 AM IST

Choose ETV Bharat

पटना: पहले दिल्ली फिर झारखंड और अब बिहार में सरकार के खिलाफ आंदोलन होने वाला है. इसकी शुरुआत बुधवार से हो गयी है. बिहार में छात्र और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल 19 अगस्त को लोक भवन मार्च निकाल रहा है. राजद के मुताबिक यह मार्च राज्य में बेरोजगारी, छात्रों के आंदोलन के दौरान बीते दिनों सिवान में हुई कथित हिंसा और लंबित बहाली परीक्षाओं को जल्द आयोजित कराने समेत कई मुद्दों को लेकर निकाला जा रहा है.

LIVE FEED

2:49 PM, 19 Aug 2026 (IST)

राजद कार्यालय पहुंचे तेजस्वी यादव और मीसा भारती

पुलिस के द्वारा तेजस्वी यादव के मार्च को रोक दिया गया. पटना राजद कार्यालय के बार राजद कार्यकर्ता और नेता जुटे हैं. तेजस्वी यादव, मीसा भारती समेत अन्य नेता कार्यालय के अंदर गए. नेता आपस में मंथन कर रहे हैं कि आगे क्या करना है. चर्चा है कि एक प्रतिनिधि मंडल राज्यपाल से मिलने जा सकता है.

2:10 PM, 19 Aug 2026 (IST)

पुलिस ने तेजस्वी यादव को छोड़ा

हिरासत में लिए गए तेजस्वी यादव को पुलिस ने छोड़ दिया गया है.

2:07 PM, 19 Aug 2026 (IST)

तेजस्वी यादव को छात्र हित में बात करना शोभा नहीं देता-जदयू नेता देवेश चंद्र यादव

जदयू नेता देवेश चंद्र यादव ने बताया कि, तेजस्वी यादव को छात्र हित में बात करना शोभा नहीं देता है. सिवान में गोली चलने में कोई हताहत नहीं हुआ था. जिसने गोली चलायी उसे सस्पेंड कर दिया गया है.

2:04 PM, 19 Aug 2026 (IST)

मीसा भारती ने कहा- सुप्रीम कोर्ट से भी नहीं मिला न्याय

सुप्रीम कोर्ट में सरकार ने माना कि एके-47 से फायरिंग हुई है. हमें उम्मीद थी कि सुप्रीम कोर्ट के जज न्याय करेंगे. लेकिन वहां से भी हमें निराशा मिली.

2:01 PM, 19 Aug 2026 (IST)

तेजस्वी यादव को सचिवालय थाना लाया गया

तेजस्वी यादव के मार्च को इनकम टैक्स गोलंबर पर ही रोक दिया गया है. हिरासत में लिए जाने के बाद तेजस्वी यादव को सचिवालय थाना लाया गया है.

1:50 PM, 19 Aug 2026 (IST)

कार्यालय के गेट पर प्रदर्शन

राजद कार्यकर्ता इनकम टैक्स गोलंबर से आगे बढ़ चुके हैं. इस दौरान बीजेपी कार्यालय के गेट पर प्रदर्शन किया.

1:34 PM, 19 Aug 2026 (IST)

पुलिस वर्दी में AK-47 का मॉडल लेकर पहुंचे राजद कार्यकर्ता

राजद कार्यकर्ता पुलिस वर्दी में नकली AK-47 लेकर पहुंचे. सिवान में कथित फायरिंग मामले का विरोध किया. नेताओं ने कहा कि AK47 वाली भ्रष्ट सरकार चलेगी. कदाचार मुक्त परीक्षा का अधिकार की मांग कर रहे हैं.

1:23 PM, 19 Aug 2026 (IST)

पुलिस और कार्यकर्ताओं में झड़प

इनकम टैक्स गोलंबर पर राजद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गयी है. पुलिस पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास कर रही है.

1:19 PM, 19 Aug 2026 (IST)

हम डरने वाले नहीं-मीसा भारती

तेजस्वी यादव के हिरासत में लिए जाने पर मीसा भारती ने कहा कि, किसी भी स्थिति में हम डरने वाले नहीं है. हमलोग शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे. पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. इससे हमलोग रूकेंगे नहीं.

1:18 PM, 19 Aug 2026 (IST)

GEN Z की बात करेगा, उसी की सरकार रहेगी-चंदेश्वर प्रसाद

सोनपुर के रहने वाले चंदेश्वर प्रसाद सोनपुर जो GEN Z की बात करेगा, उसी की सरकार रहेगी.

1:13 PM, 19 Aug 2026 (IST)

लोकभवन मार्च के दौरान भारी बवाल

लोकभवन मार्च के दौरान भारी बवाल हो रहा है. राजद कार्यकर्ता और नेता उग्र हो गए हैं. पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़े जा रहे हैं. इस दौरान पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया गया है.

पटना में राजद का लोक भवन मार्च (ETV Bharat)

1:09 PM, 19 Aug 2026 (IST)

तेजस्वी यादव हिरासत में, पुलिस ने लोकभवन मार्च को रोका

तेजस्वी यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने लोकभवन तक पहुंचने वाले मार्च को रोक दिया है.

1:06 PM, 19 Aug 2026 (IST)

वाटर कैनन से डरने वाले नहीं-तेजस्वी

पुलिस के द्वारा वाटर कैनन के इस्तेमाल पर RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि, यह सब सम्राट चौधरी के आदेश पर हुआ है. इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है. जनता जाग चुकी है और सड़कों पर है. अब सरकार को झुकना ही पड़ेगा. ऐसे काम नहीं चलेगा.

1:04 PM, 19 Aug 2026 (IST)

बस में सवार होकर लोक भवन निकले तेजस्वी यादव

लोकभवन मार्च के दौरान तेजस्वी यादव बस में सवार हो गए हैं. इसके साथ सभी नेता और कार्यकर्ता बस में सवार हो गए हैं.

12:57 PM, 19 Aug 2026 (IST)

पुलिस ने वाटर कैनन का किया इस्तेमाल

तेजस्वी यादव के मार्च में पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. इस दौरान कार्यकर्ता पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ते नजर आए. इनकम टैक्स चौराहा पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया है. लोकभवन मार्च में तेजस्वी यादव इनकम टैक्स चौराहा पहुंचे. आरजेडी सांसद मीसा भारती, मनोज झा समेत कई नेता और कार्यकर्ता इसमें शामिल हैं.

12:56 PM, 19 Aug 2026 (IST)

गृहमंत्री या मुख्यमंत्री के कहने पर ही गोली चल सकती है-मंगनी लाल मंडल

राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि आज तक प्रदर्शन में पानी की बौछाड़ें होती थी. लाठी चार्ज होती रही है. कभी-कभार गोली चली है, लेकिन एके-47 से कभी गोली नहीं चली. गृहमंत्री या मुख्यमंत्री के कहने पर ही गोली चल सकती है. इस घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हैं कि किसके कहने पर यह गोली चली.

मंगनी लाल मंडल (ETV Bharat)

12:49 PM, 19 Aug 2026 (IST)

सिवान के डीएम और एसपी को सस्पेंड किया जाए- मीसा भारती

सांसद मीसा भारती ने कहा कि छात्रों के साथ जो अन्याय हुआ है उसे आज 20-25 दिन बीत गए हैं, मगर फिर भी सरकार नींद से नहीं जागी. सुप्रीम कोर्ट में बिहार सरकार ने माना कि AK47 का इस्तेमाल हुआ था. तब जज साहब को बिहार सरकार के वकील से यह पूछना चाहिए था कि AK47 लेकर प्रदर्शन में जाने की अनुमति किसने दी? अगर DM और SP ने अनुमति दी थी तो उन्हें तुरंत सस्पेंड करना चाहिए.

12:45 PM, 19 Aug 2026 (IST)

तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लोकभवन के लिए मार्च शुरू

तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लोकभवन के लिए मार्च शुरू हो गया है. राजद नेता सरकार खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोक भवन की ओर बढ़ रहे हैं.

12:10 PM, 19 Aug 2026 (IST)

तिरंगा को सम्मान करने की अपील

पुलिस की तरफ से अनाउंसमेंट भी हो रहे हैं कि हाथों में तिरंगा है तो उसका ख्याल रखें, एसडीएम अनाउंस कर रही है कि अगर किसी ने तिरंगे का अपमान किया और सड़क पर नीचे फेंका तो उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी, हाथों में तिरंगा है तो उसका पूरा सम्मान करें.

Rjd Lok Bhawan March
पटना में तैनात पुलिस (ETV Bharat)

12:09 PM, 19 Aug 2026 (IST)

परीक्षा को लेकर अनियमितता के खिलाफ प्रदर्शन

पूर्व विधायक मुकेश रोशन ने कहा कि बिहार में पेपर लीक हो रहा है. भर्ती परीक्षा में अनियमितता हो रही है, कई सारे परीक्षा लंबे समय से लंबित हैं. युवाओं के मुद्दे पर वह राजभवन के लिए जा रहे हैं. युवा जब अपनी मांग को लेकर आंदोलन करते हैं तो पुलिसिया दमन होता है. इसी का वह विरोध कर रहे हैं, आज अपने नेता के आह्वान पर पार्टी का झंडा नहीं बल्कि तिरंगा झंडा लेकर आंदोलन में उतरे हुए हैं.

Rjd Lok Bhawan March
पूर्व विधायक मुकेश रोशन (ETV Bharat)

12:06 PM, 19 Aug 2026 (IST)

छात्रों के आंदोलन पर किसने एक-47 से गोली चलवाने का आदेश-एजाज अहमद

पार्टी के प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि सरकार तानाशाह हो गई है. सिवान में छात्रों के आंदोलन पर किसने एक-47 से गोली चलवाने का आदेश दिया, इसकी जांच की मांग करते हैं. दोषी पर कार्रवाई की मांग करते हैं. डीएम और एसपी का ट्रांसफर करके खानापूर्ति की जा रही है. यह दिखावा नहीं चलेगा. प्रदेश में बेरोजगारी काफी अधिक है. युवाओं में आक्रोश है, प्रतिपक्ष का दल होने के नाते युवाओं के मुद्दे को लेकर राजभवन जा रहे हैं. यह युवाओं के हित से जुड़ा हुआ मुद्दा है. इसलिए हाथों में पार्टी का झंडा नहीं बल्कि तिरंगा झंडा लेकर वह अपना शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं.

Rjd Lok Bhawan March
एजाज अहमद (ETV Bharat)

12:04 PM, 19 Aug 2026 (IST)

तिरंगा झंडा लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी

आंदोलन में इस बार राजद का झंडा नहीं बल्कि तिरंगा झंडा सभी कार्यकर्ताओं के हाथों में है, हाथों में तिरंगा लेकर सरकार के खिलाफ तमाम कार्यकर्ता नारीबाजी कर रहे हैं.

Rjd Lok Bhawan March
तिरंगा झंडा लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी (ETV Bharat)

11:20 AM, 19 Aug 2026 (IST)

मार्च को लेकर पटना में लगा जाम

बेली रोड पर पटना हाई कोर्ट से इनकम टैक्स तक एक लेन सड़क ही चालू है. लोकभवन मार्च को लेकर पटना में भयंकर जाम लग गया है.

11:18 AM, 19 Aug 2026 (IST)

जेपी गोलंबर पहुंचने लगे राजद नेता

लोक भवन मार्च को लेकर बड़ी सारी संख्या में राजद कार्यकर्ता जेपी गोलंबर पर पहुंचे. तेजस्वी यादव के पहुंचने के बाद मार्च बढ़ेगा.

Rjd Lok Bhawan March
जेपी गोलंबर पहुंचने लगे राजद नेता (ETV Bharat)

11:02 AM, 19 Aug 2026 (IST)

बीजेपी के मंसूबे को कामयाब नहीं होने देंगे-सुधाकर सिंह

तेजस्वी यादव के लोक भवन मार्च पर सुधाकर सिंह ने कहा कि 'AK-47 सिवान में, जहानाबाद में और दिल्ली में पैलेट गन चलाया गया. जन आंदोलनों पर नई परंपरा जो भारतीय जनता पार्टी और डबल इंजन की सरकार शुरू की है, ये अघोषित आपातकाल की तरफ राज्य और देश को ले जाने का जो षड्यंत्र है. भारतीय जनता के मंसूबे हम कामयाब होने नहीं देंगे.'

10:24 AM, 19 Aug 2026 (IST)

शांति भंग, हिंसा, संपत्ति की क्षति होगी तो BNS की भी धाराऐं लगेंगी- नीरज कुमार ने दी चेतावनी

लोक भवन मार्च पर जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव को चेतावनी दी. कहा कि, राजनीतिक विरोध कीजिए, लेकिन राष्ट्रध्वज तिरंगे की गरिमा के साथ खिलवाड़ नहीं होने की गारंटी दीजिए. ध्यान रहे कि राष्ट्रीय ध्वज के अपमान से संबंधित कृत्य पर Prevention of Insults to National Honour Act, 1971 की धारा 2, Flag Code of India, 2002 तथा परिस्थितियों के अनुरूप BNS, 2023 की धारा 152 जिसमें आजीवन कारावास या 7 वर्ष तक का कारावास और जुर्माना का प्रावधान है. स्‍मरण रहे सार्वजनिक शांति भंग, हिंसा, संपत्ति की क्षति होगी तो BNS की भी धाराऐं लग सकती हैं.

10:19 AM, 19 Aug 2026 (IST)

पटना में पुलिस बल की तैनाती

राजद की ओर से लोकभ भवन मार्च को लेकर पटना में पुलिस बल की तैनाती की गयी है. तेजस्वी यादव के साथ छात्र सरकार को घेरने की तैयारी में हैं.

10:06 AM, 19 Aug 2026 (IST)

जेपी गोलंबर पर जुटे लगे राजद कार्यकर्ता

परीक्षा के पेपर लीक, बेरोज़गारी और छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के विरोध में लोक भवन तक होने वाले मार्च से पहले RJD कार्यकर्ता पटना में इकट्ठा हुए.

10:02 AM, 19 Aug 2026 (IST)

दिखावटी आंसू बहाने आए हैं तेजस्वी- गिरिराज सिंह

तेजस्वी यादव के मार्च पर गिरिराज सिंह ने कहा कि राजभवन मार्च और छात्र आंदोलन के लिए सिर्फ़ दिखावटी आंसू बहाने आए हैं. न तो उनके साथ छात्र हैं और न ही कोई आंदोलन. एक चोर चोरी के ख़िलाफ़ बोल रहा है.

10:00 AM, 19 Aug 2026 (IST)

राजनीतिक करियर बचाओ मार्च- बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी

तेजस्वी यादव के लोकभवन मार्च पर बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि, यह तेजस्वी यादव का राजनीतिक करियर बचाओ मार्च है. आम जनता ने इनको नकार दिया है. राजद का बिहार से लगभग सूपरा साफ हो गया है. इनको बिहार से कोई मतलब नहीं है. महीनों-महीनों बिहार से गायब रहते हैं. इनको सदन में दिखना चाहिए, मगर सदन के सत्र से गायब रहते हैं. सिवान में जवान भीड़ में फंस गया था तो उसने आत्मरक्षा के लिए हवाई फायरिंग की थी, मगर उसे निलंबित कर दिया गया है. हम लोगों ने बिहार में पेपर लीक पर विधानसभा में सबसे कड़ा कानून बनाया. तेजस्वी यादव के पिता ने और इनकी पार्टी ने दशकों तक राज किया है, इन्होंने क्या कानून बनाया है? इनके जमाने में कितने पेपर लीक हुए, इन्होंने क्या किया, कुछ नहीं किया. इनको झारखंड में मार्च करना चाहिए था.

8:20 AM, 19 Aug 2026 (IST)

सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति

राजद के इस कार्यक्रम को छात्र और युवा मतदाताओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है. पार्टी लंबे समय से रोजगार, भर्ती परीक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरती रही है. अब लोक भवन मार्च के जरिए तेजस्वी यादव इन मुद्दों को सड़क से लेकर राजभवन तक उठाने जा रहे हैं. मार्च के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी मौजूदगी की संभावना है. हर जिले से राजद के कार्यकर्ता मार्च में शामिल होने के लिए पटना पहुंचने लगे हैं.

8:19 AM, 19 Aug 2026 (IST)

एक दिन पहले छात्रों से मुलाकात

मार्च से एक दिन पहले मंगलवार को तेजस्वी यादव गर्दनीबाग स्थित धरनास्थल पर भी पहुंचे, जहां अलग-अलग मांगों को लेकर छात्र समूह आंदोलन कर रहे हैं. उन्होंने धरनास्थल पर छात्रों से मुलाकात की और उनकी मांगों के प्रति समर्थन जताया. तेजस्वी ने छात्रों से कहा कि उनकी समस्याओं और मांगों को लेकर ही राजद की ओर से लोक भवन मार्च किया जा रहा है. इस दौरान उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझने की कोशिश की और आंदोलन के मुद्दों को पार्टी के मार्च से जोड़ने की बात कही.

8:16 AM, 19 Aug 2026 (IST)

क्या है मुद्दा?

राजद के मुताबिक यह मार्च राज्य में बेरोजगारी, छात्रों के आंदोलन के दौरान बीते दिनों सिवान में हुई कथित हिंसा और लंबित बहाली परीक्षाओं को जल्द आयोजित कराने समेत कई मुद्दों को लेकर निकाला जा रहा है.

8:15 AM, 19 Aug 2026 (IST)

सुबह 11 बजे गांधी मैदान जेपी गोलंबर से मार्च निकलेगा

राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में मार्च सुबह 11 बजे गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर से शुरू होगा. वहां से मार्च डाक बंगला चौराहा और तारामंडल होते हुए राजभवन की ओर बढ़ेगा.

8:13 AM, 19 Aug 2026 (IST)

मार्च के रूप में बदलाव

तेजस्वी यादव ने पार्टी नेताओं के साथ बैठक के बाद मार्च नए रूट को अंतिम रूप दिया है. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की है कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाए. पहले यह मार्च राजद कार्यालय से प्रस्तावित था, लेकिन अब इसके रूट में बदलाव किया गया है.

Rjd Lok Bhawan March
बैठक में तेजस्वी यादव (ETV Bharat)