ETV Bharat / bharat

बिहार चुनाव परिणाम 2025 : बंपर जीत के बाद भाजपा दफ्तर पहुंचे पीएम मोदी, बोले- निगेटिव पॉलिटिक्स करने वालों को जनता ने सिखाया सबक

बिहार विधानसभा चुनाव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : November 14, 2025 at 10:41 AM IST

Choose ETV Bharat

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को बंपर जीत हासिल हुई है. जीत के इस मौके पर पीएम मोदी भाजपा दफ्तर पहुंचे. उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के लोगों ने जंगलराज को नकार दिया और उन्होंने विकास के लिए मतदान किया. पीएम ने कहा कि बिहार में जल्द ही निवेश होगा और बिहार वासियों को यहीं पर रोजागर भी उपलब्ध होगा.

LIVE FEED

8:50 PM, 14 Nov 2025 (IST)

महिलाओं के अपमान का बदला बिहार की जनता ने ले लिया : गिरिराज सिंह

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे में एनडीए की जीत पर शिवसेना उद्धव गुट के सांसद संजय राउत के द्वारा 10 हजार रुपये में महिलाओं को खरीद लिए जाने पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कड़ा विरोध जताया. उन्होंने इसे शर्मसार करने वाला बयान बताते हुए इसे देश की महिलाओं का अपमान बताया. उन्होंने इसे बिहार और बिहार की महिलाओं का भी अपमान बताया. महिलाओं के अपमान का बदला बिहार की जनता ने ले लिया है और आगे भी लेगी. इसके लिए उद्धव ठाकरे को माफी मांगनी चाहिए.

एक रिपोर्ट (ETV Bharat)

8:25 PM, 14 Nov 2025 (IST)

बिहार में एनडीए की जीत पर दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में जश्न का माहौल

बिहार में एनडीए को प्रचंड बहुमत मिला है. गठबंधन 200 से अधिक सीट जीत हासिल करने में सफल रहा है. बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. भाजपा को अबतक 50 से अधिक सीट पर जीत हासिल हो चुकी है. एनडीए की जीत से भाजपा मुख्यालय में मखाने की खीर के अलावा मिठाई का वितरण किया गया.

एक रिपोर्ट (ETV Bharat)

8:21 PM, 14 Nov 2025 (IST)

पीएम मोदी के संबोधन के बाद लोगों ने डांस कर बिहार में एनडीए के जीत का जश्न मनाया

भाजपा कार्यालय में पीएम मोदी के संबोधन के बाद काफी संख्या में एकत्र भाजपा कार्यकर्ताओं ने डांस कर बिहार में एनडीए की बंपर जीत का जश्न मनाया.

लोगों इस तरह मनाया जीत का जश्न (ETV Bharat)

7:51 PM, 14 Nov 2025 (IST)

अब बिहार में भी आएगा उद्योग, यहीं पर मिलेगी नौकरी- पीएम मोदी

अब बिहार में नए उद्योग लगेंगे. बिहारियों को यहीं पर रोजगार मिलेगा. यहां पर निवेश होगा. मैं उद्योगपतियों का भी आह्वान करता हूं, वे आएँ और निवेश करें. जो बिहारी बाहर रह रहे हैं, उन्हें भी निवेश के लिए आमंत्रित करता हूं. बिहारवासियों का हम पर भरोसा ही हमारा प्रण है. आपकी आशा ही मेरा संकल्प है. आपकी आंकाक्षा मेरी प्रेरणा है. हम मिलकर एक ऐसा बिहार बनाएंगे, जो समृद्ध होगा, विकसित होगा. भाजपा की ताकत हमारे कार्यकर्ता हैं. जब वे ठान लेते हैं, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता है. हमारी सफलता का आधार हमारे कार्यकर्ता ही हैं. केरल, बंगाल और तमिलनाडु में भी मेहनत करना है. बंगाल में तो विजय का रास्ता बना दिया गया है. वहां भी जंगलराज को उखाड़ फेकेंगे.

7:41 PM, 14 Nov 2025 (IST)

सिर्फ नकारात्मक राजनीति करती है कांग्रेस, सहयोगियों को भी डुबो रही है - पीएम मोदी

पिछले तीन लोकसभा चुनावों से कांग्रेस अब तक तीन अंकों की संख्या तक भी नहीं पहुंच सकी है. राज्यों में वह लगातार हार रही है. उप चुनाव में भी उनका यही हाल है. कांग्रेस की राजनीति का आधार अब सिर्फ और सिर्फ निगेटिव रह गया है. संसद का समय बर्बाद करना, हरेक संस्थान पर हमला करना. चुनाव आयोग को गाली देना, वोट चोरी का आरोप लगाना, जाति और धर्म पर लोगों को बांटना, देश के दुश्मनों के एजेंडे को आगे बढ़ाना, उनके पास कोई भी पॉजिटिव विजन नहीं है. कांग्रेस के भीतर एक धड़ा भी इनसे नाराज है. हो सकता है, आगे कांग्रेस का एक और बड़ा विभाजन हो. कांग्रेस के सहयोगी दल भी समझने लगे हैं कि कांग्रेस अपनी नकारात्मक राजनीति में सबको डूबा रही है. कांग्रेस के नामदार तालाब में डुबकी लगाकर डूबने और डूबाने की प्रैक्टिस कर रहे हैं. मैंने पहले भी कांग्रेस के सहयोगियों को चेताया था. यह तो परजीवी है, लायबलिटि है, यह दूसरों को निगल कर अपनी वापसी चाहती है. सहयोगियों को भी इससे सावधान रहने की जरूरत है. राजद को तो सांप सूंघ गया है. बहुत जल्द ही राजद और कांग्रेस का झगड़ा सामने आने वाला है.

7:34 PM, 14 Nov 2025 (IST)

छठ पूजा को ड्रामा बताने वालों ने अब तक नहीं मांगी है माफी, बोले पीएम मोदी

बिहार में अब जंगलराज की वापसी नहीं होगी. यह जीत उन नौजवानों की है, जिनको लाल झंडे और कांग्रेस ने बर्बाद किया. बिहार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और यह यात्रा रुकने वाली नहीं है. जो लोग कहते थे कि बिहार को इंडस्ट्री नहीं चाहिए, एयरपोर्ट नहीं चाहिए, एक्सप्रेस वे नहीं चाहिए, आज की जीत उनका जवाब है. भारत के विकास में बिहार के लोगों की बड़ी भूमिका रही है. जिन लोगों ने दशकों तक देश पर शासन किया, उन लोगों ने बिहार की एक झूठी छवि बनाई और उन्हें बदनाम किया. यहां की परंपरा और संस्कृति का अपमान किया. छठ पूजा को ड्रामा बता दिया. आजतक इन्होंने माफी भी नहीं मांगी है. हमारी सरकार छठ को यूनेस्को की सूची में डालने का प्रयास कर रही है, ताकि इस संस्कृति से पूरी दुनिया जुड़ सके. इस बार रेलवे स्टेशनों पर भी छठ के गीत बजे थे.

7:29 PM, 14 Nov 2025 (IST)

जमानत पर चल रहे लोगों का साथ जनता नहीं देती है, बोले पीएम

बोले पीएम मोदी, अब देश का मतदाता एसआईआर प्रक्रिया को बहुत गंभीरता से लेता है और इसका समर्थन भी करता है. बिहार ने ऐसा करके दिखा भी दिया. हम मतदाता का हक होता है, उसकी अहमियत होती है. हर पार्टी का कर्तव्य है कि वे भी इस प्रक्रिया में भाग लें और शुद्धिकरण में सहयोग करें. बिहार ने लोकतंत्र पर हमला करने वाली ताकतों को धूल चटा दिया. बिहार ने दिखाया है कि झूठ हारता है. जनविश्वास जीतता है. बिहार ने डंके की चोट पर कह दिया, जमानत पर चलने वाले लोगों का जनता साथ नहीं देती है.

7:21 PM, 14 Nov 2025 (IST)

चुनाव आयोग का बहुत-बहुत धन्यवाद जिन्होंने चुनाव में अद्भुत इंतजाम किया, बोले पीएम

पीएम मोदी बोले, कुछ लोगों ने बिहार में एमवाई समीकरण बनाया था. लेकिन हमलोगों ने एमवाई को महिला और यूथ बना दिया. हमारे सभी साथियों ने बेहतरीन लीडरशीप दिखाई. एनडीए कार्यकर्ताओं ने बूथ लेवल पर तालमेल दिखाया. हम उन सबका अभिनंदन करते हैं. दूसरे राज्यों से आए हुए कार्यकर्ताओं ने भी खूब मेहनत की. हम उपचुनाव में जीते गए उम्मीदवारों को भी बधाई देते हैं. वहां के मतदाताओं का भी हम धन्यवाद करते हैं. भारत के चुनाव आयोग पर जनता का विश्वास और अधिक बढ़ा है. भारी मतदान होना, वंचितों और शोषितों द्वारा अधिक से अधिक मतदान करना, ये चुनाव आयोग की बहुत बड़ी सिद्धि है. यह वही बिहार है, जो पहले माओवादी आतंक से ग्रसित था, नक्सल प्रभावित इलाकों में तीन बजे वोटिंग खत्म हो जाती थी. लेकिन इस बार के चुनाव में बिना किसी भय के लोगों ने उत्सव की तरह भाग लेकर इसमें हिस्सा लिया. जंगलराज में तो बूथ ही लूट लिए जाते थे. लेकिन अब ऐसा नहीं होता है.

7:14 PM, 14 Nov 2025 (IST)

बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया, बोले पीएम मोदी

भाजपा दफ्तर से पीएम मोदी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं. बिहार में मिली बंपर जीत के बाद पीएम मोदी यहां पर पहुंचे हैं. पीएम ने सभी का धन्यवाद किया. पीएम ने कहा- आज की जीत ... बिहार के लोगों ने बिलकुल गर्दा उड़ा दिया. बिहार के घर-घर में मखाने की खीर बनाना पक्का कर दिया. हम तो मेहनत करते हैं और जनता का दिल चुराकर बैठे हैं. बिहार में फिर एक बार एनडीए सरकार आ गई. पीएम मोदी ने लोगों से नारे भी गवाए. उन्होंने कहा, अब वापस नहीं आएगी कट्टा सरकार. बिहार के लोगों ने समृद्ध बिहार के लिए मतदान किया है. मैंने बिहार की जनता से रिकॉर्ड वोटिंग के लिए आग्रह किया था. और उन्होंने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए.

6:58 PM, 14 Nov 2025 (IST)

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पीएम मोदी का किया स्वागत, बोले- बिहार की जनता ने जंगलराज को नकारा

भाजपा दफ्तर पहुंचने पर पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पीएम मोदी का किया स्वागत. उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में मिली प्रचंड जीत के लिए उन्हें बधाई भी दी. नड्डा ने कहा कि यह जीत सुनामी की तरह है. उन्होंने कहा कि यह जीत विकास पर मुहर है. चुनाव विकास बनाम जंगलराज के बीच था, और लोगों ने विकास को चुना. नड्डा ने कहा कि हमारे पीएम ने जनता को लेकर जो भी फैसले किए, डबल इंजन की सरकार ने बिहार के लिए जो काम किया, आज उसी का परिणाम आया है.

6:55 PM, 14 Nov 2025 (IST)

भाजपा दफ्तर पहुंचे पीएम मोदी, कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह

भाजपा दफ्तर पहुंचे पीएम मोदी, कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह

6:26 PM, 14 Nov 2025 (IST)

भाजपा दफ्तर में सांसद मनोज तिवारी ने गाए गाने

सांसद मनोज तिवारी ने गाना गाकर भाजपा दफ्तर पहुंचे समर्थकों का किया स्वागत.

6:23 PM, 14 Nov 2025 (IST)

भाजपा दफ्तर पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह भाजपा दफ्तर पहुंच चुके हैं. वहां पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया है. सांसद मनोज तिवारी ने इस मौके पर अपना गाना भी पेश किया.

5:05 PM, 14 Nov 2025 (IST)

बिहार के परिजनों का बहुत-बहुत आभार: पीएम मोदी

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की जीत पर पीएम मोदी ने राज्य की जनता को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि सुशासन और विकास की जीत हुई है.

4:33 PM, 14 Nov 2025 (IST)

घुसपैठियों को संरक्षण देने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया: अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार चुनाव 2025 के परिणाम पर ट्वीट करते हुए लिखा कि मैं बिहार की जनता और विशेषकर हमारी माताओं-बहनों को विश्वास दिलाता हूं कि जिस आशा और विश्वास के साथ आपने एनडीए को यह जनादेश दिया है, मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार इसे और भी अधिक समर्पण के साथ पूरा करेगी. बिहार की जनता का एक-एक वोट भारत की सुरक्षा और संसाधनों से खिलवाड़ करने वाले घुसपैठियों और उनके समर्थकों के विरुद्ध मोदी सरकार की नीति में विश्वास का प्रतीक है. वोट बैंक के लिए घुसपैठियों को संरक्षण देने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है. बिहार की जनता ने पूरे देश का मूड बता दिया है कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण अनिवार्य है और इसके विरुद्ध राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है. इसीलिए, राहुल गांधी के नेतृत्व में, कांग्रेस पार्टी आज बिहार में सबसे निचले पायदान पर पहुंच गई है.

4:31 PM, 14 Nov 2025 (IST)

हमारी सारी थकान दूर हो गई: रवि किशन

बिहार में एनडीए की भारी जीत पर भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि मैं बिहार की जनता को मोदी और नीतीश कुमार पर विश्वास करने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं. नीतीश कुमार एक बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगे. लोगों ने ऐतिहासिक संख्या में मतदान किया. महिलाओं और पहली बार वोट देने वालों ने बंपर वोटिंग की है. यह एक अद्भुत परिणाम है. लोगों ने अपने सम्मान, अपनी संस्कृति और जंगल राज को खत्म करने के लिए वोट दिया. मैं लोगों का जितना धन्यवाद करूं कम है. हमारी सारी थकान दूर हो गई है. यह कोई सामान्य जीत नहीं है. बिहार की जनता ने अपने भविष्य के लिए वोट दिया है.

3:36 PM, 14 Nov 2025 (IST)

बिहार की जनता ने उन्हें नकार दिया: उपेंद्र कुशवाहा

राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि मैं तेजस्वी यादव से कहना चाहता हूं कि अगर उन्हें अगले 10 या 20 साल में सत्ता में आना है, तो उन्हें अपना पैटर्न बदलना होगा. उन्हें और उनके लोगों के व्यवहार को बदलना होगा. SIR, यह कोई मुद्दा ही नहीं था. उन्हें जमीनी हकीकत से वाकिफ होना चाहिए. बिहार की जनता ने उन्हें नकार दिया है, और उन्होंने बिहार में ऐसा चेहरा बना दिया है कि उन्हें बिहार की जनता द्वारा नकारना ही था. जनता को नापसंद बयान देकर विपक्ष, राजद, जनता को धोखा देना चाहता है. वे बिहार की जनता को इस तरह से धोखा नहीं दे सकते. एक तरफ हमारी सरकार इतना अच्छा काम कर रही है, और दूसरी तरफ ये लोग निराधार बयान देकर और जनता की भावनाओं को भड़काकर सत्ता में आना चाहते हैं. यह संभव नहीं है.

3:12 PM, 14 Nov 2025 (IST)

आशा और विश्वास का वोट: रविशंकर प्रसाद

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने एनडीए के प्रदर्शन पर कहा कि बिहार की जनता को बधाई. जिस तरह से उन्होंने जाति और समुदाय की सीमाओं से ऊपर उठकर वोट डाला है, वह आशा और विश्वास का वोट है. जनता ने नीतीश कुमार द्वारा किए गए काम को देखा है. उन्हें लालू प्रसाद का जंगल राज भी याद है और उन्होंने उसे देखा भी है. मुझे गर्व है कि हमारा बिहार विकास के पथ पर चलने के लिए खड़ा हो गया है.

2:13 PM, 14 Nov 2025 (IST)

बिहार में जंगल राज, कट्टा राज, भाई-भतीजावाद और तुष्टिकरण की हार हुई: केशव प्रसाद

अखिलेश यादव के ट्वीट पर यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बिहार में जंगल राज, कट्टा राज, भाई-भतीजावाद और तुष्टिकरण की हार हुई है और विकास, 'सुशासन', 'गरीब कल्याण', महिला सशक्तिकरण की जीत हुई है और हम इसके लिए बिहार के प्रत्येक मतदाता के आभारी हैं. अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश में इससे भी बुरी हार का सामना करना पड़ेगा.

2:11 PM, 14 Nov 2025 (IST)

गंभीर आत्मनिरीक्षण की आवश्यकता होगी: शशि थरूर

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणामों पर केरल के तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि यह बिल्कुल स्पष्ट है कि एनडीए को भारी बढ़त मिल रही है. यह स्पष्ट रूप से निराशाजनक है, और अगर यही अंतिम परिणाम निकलता है, तो मुझे लगता है कि गंभीर आत्मनिरीक्षण की आवश्यकता होगी, और मेरा मतलब सिर्फ बैठकर सोचने से नहीं है, बल्कि यह भी अध्ययन करने से है कि क्या गलतियां हुईं, क्या रणनीतिक, संदेशात्मक या संगठनात्मक ग़लतियां रहीं. मैं ऐसा व्यक्ति नहीं हूं जिसने बिहार में प्रचार किया हो. मुझे बिहार में प्रचार के लिए आमंत्रित नहीं किया गया था, इसलिए मैं आपको कोई प्रत्यक्ष जानकारी नहीं दे सकता. लेकिन मैं लोगों से बात कर रहा हूं. हमारी पार्टी के नेताओं को इस बात का गंभीर विश्लेषण करना चाहिए कि कहां गलतियां हुईं.

2:00 PM, 14 Nov 2025 (IST)

वोटों की गिनती बेहद धीमी है. यह तो शुरुआती रुझान है: मनोज झा

बिहार चुनाव में एनडीए के बहुमत के आंकड़े को पार करने के बीच, आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा कि वोटों की गिनती जारी है. एक मनोवैज्ञानिक खेल भी चल रहा है. हमने पाया कि 65-70 से ज़्यादा सीटों पर अंतर 3000-5000 वोटों से कम है, और हमें यकीन है कि उन सीटों पर स्थिति बदल सकती है. वोटों की गिनती बेहद धीमी है. यह तो शुरुआती रुझान है; हमने ऐसे रुझान अंत तक बदलते देखे हैं.

12:40 PM, 14 Nov 2025 (IST)

मैं अपने लोगों की बेटी की तरह सेवा करूंगी: मैथिली ठाकुर

बिहार की अलीनगर विधानसभा सीट से आगे चल रहीं गायिका और भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने कहा कि यह एक सपने जैसा है. लोगों को मुझसे बहुत उम्मीदें हैं. विधायक के रूप में यह मेरा पहला कार्यकाल होगा और मैं अपने क्षेत्र के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगी. मैं अपने लोगों की बेटी की तरह सेवा करूंगी. मैं अभी केवल अलीनगर को देख सकती हूं और यह देख सकती हूं कि मैं उनके लिए कैसे काम कर सकती हूं.

12:28 PM, 14 Nov 2025 (IST)

भाजपा दल नहीं छल है: अखिलेश यादव

बिहार चुनाव परिणामों पर यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार में जो खेल SIR ने किया है वो प. बंगाल, तमिलनाडू, यूपी और बाकी जगह पर अब नहीं हो पायेगा क्योंकि इस चुनावी साजिश का अब भंडाफोड़ हो चुका है. अब आगे हम ये खेल, इनको नहीं खेलने देंगे. CCTV की तरह हमारा ‘PPTV’ मतलब ‘पीडीए प्रहरी’ चौकन्ना रहकर भाजपाई मंसूबों को नाकाम करेगा. भाजपा दल नहीं छल है.

12:00 PM, 14 Nov 2025 (IST)

बिहार की जनता ने एनडीए को भारी बहुमत दिया: नित्यानंद राय

बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों पर गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार की जनता ने एनडीए को भारी बहुमत दिया है. मैं राज्य की जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं. लोगों ने दिखा दिया है कि वे राज्य का विकास चाहते हैं. बिहार की जनता ने दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी में अपना विश्वास दिखाया है. आज यह साबित हो गया है कि बिहार पीएम मोदी के दिल में बसता है और पीएम मोदी बिहार के दिल में बसते हैं.

11:38 AM, 14 Nov 2025 (IST)

चुनाव परिणामों के बाद ईवीएम को दोष देंगे: गौरव भाटिया

बिहार में एनडीए के बहुमत के आंकड़े को पार करने के बाद, भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि बिहार अपने इतिहास में एक नया अध्याय लिखने जा रहा है. बिहार की जनता पीएम मोदी और नीतीश कुमार पर भरोसा करती है और उनके नेतृत्व में देश और राज्य दोनों तरक्की कर रहे हैं. जो लोग सरकार बनाने का दावा कर रहे थे, वे अब सबसे कम स्ट्राइक रेट के साथ तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनते दिख रहे हैं. पीएम मोदी और उनकी मां के खिलाफ विपक्ष की गंदी राजनीति को बिहार के मतदाताओं ने नकार दिया है. अब वे चुनाव परिणामों के बाद ईवीएम को दोष देंगे, जैसा कि वे हमेशा करते हैं.

11:08 AM, 14 Nov 2025 (IST)

ये ज्ञानेश कुमार और भारत की जनता के बीच सीधी लड़ाई: पवन खेड़ा

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के रूझान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि जैसा कि मैंने कहा, शुरुआती रुझान ही बता रहे हैं कि ज्ञानेश कुमार बिहार की जनता के खिलाफ़ कामयाब होते दिख रहे हैं. ये लड़ाई बीजेपी, कांग्रेस, आरजेडी और जेडीयू के बीच नहीं है. ये ज्ञानेश कुमार और भारत की जनता के बीच सीधी लड़ाई है.

10:53 AM, 14 Nov 2025 (IST)

बंगाल वाली दीदी अगली बारी बंगाल की: गिरिराज सिंह

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार की जीत हमारी है, बंगाल वाली दीदी अगली बारी बंगाल की है क्योंकि वहां भी रोहिंग्या-बांग्लादेशी घुसपैठियों को निकालना है.

10:42 AM, 14 Nov 2025 (IST)

यह जीत भाजपा-जद(यू) की नहीं, बल्कि SIR की है: उदित राज

बिहार चुनाव में एनडीए के बहुमत के आंकड़े को पार करने पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि SIR आगे चल रही हैं. मैं यह नहीं कहूंगा कि यह जीत भाजपा-जद(यू) की है; यह चुनाव आयोग की जीत है, SIR की. मतदाता सूची की सफाई के बाद, लाखों विसंगतियां बताई गईं, लेकिन चुनाव आयोग ने एक का भी जवाब नहीं दिया. जब आपत्तियां उठाई जा रही थीं, तो 89 लाख आपत्तियां उठाई गईं. फिर भी, चुनाव आयोग ने कहा कि कोई भी शिकायत नहीं कर रहा है. जब वे धोखाधड़ी के इस स्तर पर गिर जाते हैं, तो हम क्या कह सकते हैं? यह लोकतंत्र की हत्या है. यदि आप विपक्षी मतदाताओं के नाम हटाते हैं और हजारों मतदाताओं को डिजिटल पर्ची होने के बावजूद वापस भेजते हैं. बिहार में परिवर्तन की लहर थी. भाजपा नेताओं को कई स्थानों पर लोगों ने भगा दिया. तो, वे कैसे जीत रहे हैं? मुझे लगता है कि यह SIR की जीत है.

10:21 AM, 14 Nov 2025 (IST)

11 वर्षों से जनता का मूड सुशासन की निरंतरता का रहा: मुख्तार अब्बास नकवी

भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हर चुनाव राजनीतिक दलों के लिए एक लोकतांत्रिक सबक और जन संदेश होता है और इसे विनम्रता से स्वीकार किया जाना चाहिए. हार और पराजय एक ही सिक्के के दो पहलू हैं. कुछ लोग स्वीकार करने के बजाय हंगामा करने में विश्वास रखते हैं. पिछले 11 वर्षों से जनता का मूड सुशासन की निरंतरता का रहा है. उन्होंने कहा कि हिंसक अराजकता जीवंत लोकतंत्र का अपहरण नहीं कर सकती. अराजकता और अहंकार लोकतंत्र को बांध नहीं सकते.

10:19 AM, 14 Nov 2025 (IST)

परिणाम साफ दिखाई दे रहे हैं: सैयद शाहनवाज हुसैन

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने बिहार के रूझानों पर कहा कि परिणाम साफ़ दिख रहे हैं. हम जीतने जा रहे हैं. बिहार की जनता को प्रधानमंत्री मोदी, नीतीश कुमार और एनडीए पर भरोसा है. जनता ने 20 साल की सरकार के पक्ष में वोट दिया है.