Madhya Pradesh Flood Live: भारी बारिश के चलते 11 अगस्त को राजधानी भोपाल के सभी स्कूल रहेंगे बंद

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 10, 2026 at 1:49 PM IST
|Updated : August 10, 2026 at 11:02 PM IST
भोपाल/राजगढ़ : मध्य प्रदेश में भारी बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है. कई क्षेत्रों में भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए हैं. इसी बीच राजगढ़ में एक कार नाले में बह, जाने से 7 लोगों की मौत हो गई है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस कार में कुल 11 लोग सवार थे. घटना के दौरान दो लोग बाहर कूद गए जबकि बाकी कार में ही फंसे रह गए. घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम रोहित बम्होरे और एसडीओपी अरविंद सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा है और 7 शव बरामद किए जा चुके हैं. लाइव अपडेट्स में देखें कि मध्य प्रदेश के बाकी जिलों में भारी बारिश से कैसे हालात बन गए हैं.
LIVE FEED
भारी बारिश के चलते 11 अगस्त को राजधानी भोपाल के सभी स्कूल रहेंगे बंद
राजधानी भोपाल में सोमवार सुबह से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन के साथ स्कूली व्यवस्था को भी प्रभावित किया. शहर के अधिकतर सरकारी स्कूलों में जलभराव की स्थिति रही. भारी बारिश के चलते 11 अगस्त को भी राजधानी भोपाल के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है.

विदिशा में बढ़ा बेतवा का जलस्तर
विदिशा जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण बेतवा नदी उफान पर आ गई है. लगातार 24 घंटे से ऊपर बारिश कि वजह से नदी का जलस्तर काफी तेज़ी से बढ़ गया है, जिससे तटीय इलाकों और आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हो रही है. नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण चरण तीर्थ स्थित पुल पूरी तरह पानी में डूब गया है. पुल पर लगभग 8 से 10 फीट तक पानी बह रहा है. नदी किनारे बने प्राचीन मंदिर और शनि मंदिर परिसर भी जलमग्न हो चुके हैं. स्थिति यह है कि मंदिरों का केवल ऊपरी शिखर ही पानी के ऊपर दिखाई दे रहा है.

विदिशा जलभराव में मवेशियों संग फंसे ग्रामीण
विदिशा जिले में लगातार बारिश के चलते कई ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है. पथरिया गांव में जलभराव के कारण चार व्यक्ति और सात गौवंश फंस गए. सूचना मिलते ही होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया

मोहन यादव ने जताया दुख
हादसे पर सीएम मोहन यादव ने जताया दुख. सोशल मीडिया X पर लिखा "राजगढ़ जिले के पचोर-सारंगपुर मार्ग पर बारिश के कारण हुई दुर्घटना में यात्रियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है. मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिजनों के साथ हैं. मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं. बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें."
सभी 9 लोगों के शव बरामद
राजगढ़ हादसे में सभी 9 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं. जिसमें 3 बच्चे, 3 महिला और 3 पुरुष हैं. सभी शव को पोस्टमार्टम के लिए सारंगपुर अस्पताल भेजा गया है. वहीं 2 युवक को पहले ही सुरक्षित बचा लिया गया था.
बीजेपी विधायक ने जताया दुख
इस घटना को लेकर बीजेपी विधायक मुरली बनेसिंह भंवरा ने दुख जाताय है. उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्टर कर लिखा कि "ईश्वर से प्रार्थना है कि संकट की इस घड़ी में सभी प्रभावित परिवारों को संबल प्रदान करें."
8 लोगों के शव बरामद
राजगढ़ हादसे में अबतक 8 लोगों के शव बरामद हुए हैं. एक अभी भी लापता है. जबकि 2 पहले ही तैरकर बाहर आ गए थे.
बेतवा और नर्मदा उफान पर
प्रदेश के कई जिलों में हो रही भारी बारिश की वजह से कई प्रमुख नदियां उफान पर हैं. विदिशा में बेतवा का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है, तो वहीं मंडला से लेकर जबलपुर तक नर्मदा नदी उफान पर आ गई है.
राजगढ़ हादसा : 7 शव बरामद
राजगढ़ एसडीएम रोहित बम्होरे के मुताबिक, '' राहत व बचाव कार्य जारी है. 7 शव बरामद किए जा चुके हैं. कार में कुल 11 लोग सवार थे. ''

राजगढ़ हादसा : ड्राइवर को रोका, फिर भी बढ़ाई थी कार
प्रत्यक्षदर्शी महेंद्र ने मीडिया से बातचीत में कहा, '' पुल पर तेज रफ्तार से पानी बह रहा था. लोगों ने ईको कार के ड्राइवर को रोका भी पर वह नहीं माना. पानी करीब ड़ेढ़ से दो फीट रहा होगा. तभी कार पानी के साथ पुल से नाले में बह गई.''
मंडला में खतरे के निशान के करीब नर्मदा
मंडला में खतरे के निशान के करीब नर्मदा नदी, छोटा पुल डूबा.

राजगढ़ हादसे में 6 लोगों की मौत
पुलिस के मुताबिक एक और पुरुष का शव बरामद हुआ है. बाकी लोगों की तलाश की जा रही है.
विदिशा के इन क्षेत्रों में भरा पानी
विदिशा नगर पालिका सीएमओ दुर्गेश सिंह ने बताया, '' बारिश के कारण बांसकुली, नीमताल और एमएलबी स्कूल के आसपास पानी भरने की शिकायतें मिली है. नगर पालिका की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ मौके पर तैनात हैं और जिन घरों में पानी घुसा है, वहां त्वरित निकासी के प्रयास किए जा रहे हैं.''

विदिशा में 24 घंटे से मूसलाधार बारिश
मध्यप्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं. विदिशा शहर और आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटों से हो रही लगातार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. शहर के कई निचले इलाकों और सड़कों पर भारी जलभराव की समस्या खड़ी हो गई है. स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रशासनिक अधिकारी और नगर पालिका की टीमें मैदान में उतर आई हैं.

राजगढ़ में कहां हुआ हादसा?
हादसा पचोर से सारंगपुर जाने वाली रोड पर पड़ाना कस्बे में हुआ है. राहत व बचाव कार्य जारी है.
5 शव सारंगपुर लाए गए, मौके पर प्रशासन की कई टीमें
घटनास्थल से 5 शव बरामद किए गए, जिन्हें सारंगपुर लाया गया है. मौके पर एसडीओपी अरविंद सिंह मौजूद हैं. मृतकों में दो महिला, दो पुरुष और एक बच्चा शामिल है.
निर्माणाधीन पुल पर हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक ये हादसा पड़ाना के पास झिरी नाले पर बने पुल पर हुआ है. यहां पुल का 30 फीट हिस्सा निर्माणाधीन था.
कार सवार सभी लोग देवास से
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार सवार सभी लोग सतवास से कड़लवाद जा रहे थे. कार में कुल 11 लोग सवार थे, जिसमें 3 पुरुष, 4 महिलाएं और 4 बच्चे हैं.

