ETV Bharat / bharat

बिहार में पहले चरण की वोटिंग खत्म, 16 मंत्रियों की किस्मत EVM में कैद

FIRST PHASE VOTING
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : November 6, 2025 at 7:43 AM IST

Choose ETV Bharat
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान खत्म हो गया है. पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर वोटिंग हुई जिसमें 1314 प्रत्याशी की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद हो गया. इस चरण में मुख्य मुकाबला इंडिया गठबंधन के सीएम पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव और बीजेपी के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी जैसे दिग्गजों के बीच है.

LIVE FEED

5:49 PM, 6 Nov 2025 (IST)

5 बजे तक 60.13% मतदान

5 बजे तक वोट प्रतिशत आ चुका है. अब तक कुल 60.13 फीसदी मतदान हुआ है. सबसे ज्यादा बेगूसराय में 67.32 और शेखपुरा में सबसे कम 52.36 फीसदी वोटिंग हुई है.

4:54 PM, 6 Nov 2025 (IST)

बिहार में इन सीटों पर मतदान संपन्न, 105 सीटों पर डाले जा रहे वोट

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है. हालांकि 16 सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है. इनमें से 3 सीटों पर चार बजे तक मतदान था. वहीं 13 सीटों पर 5 बजे तक मतदान हुआ. बाकी बचे 105 सीटों पर 6 बजे तक मतदान है. जिन तीन विधानसभा सीटों पर वोटिंग सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक हुई. उनमें सिमरी बख्तियारपुर और महिषी विधानसभा सीट शामिल हैं. इन दोनों के अलावा सूर्यगढ़ विधानसभा सीट के 56 केंद्रों पर वोटिंग का समय सुबह सात से शाम चार बजे तक था. इसमें केंद्र संख्या 168, 169, 228, 229, 231, 232, 233, 234, 240, 242, 248, 249, 260, 261, 262, 263, 264, 265, 266, 267, 268, 269, 270, 271, 272, 273, 362, 363, 364, 365, 366, 367, 368, 369, 370, 371, 372, 380, 385, 407, 408, 416, 417, 422, 425, 426, 427, 428, 429, 430, 431, 432, 433, 434, 435, 436 शामिल हैं. सूर्यगढ़ विधानसभा सीट के बाकि सभी केंद्रों पर वोटिंग सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगी. वहीं कल्याणपुर, वारिसनगर, समस्तीपुर, उजियारपुर, मोरवा, सराय रंजन, मोहिउद्दीननगर, बिभूतिपुर, रोसड़ा, हसनपुर, तारापुर, मुंगेर और जमालपुर में शाम 5 बजे तक मतदान संपन्न हुआ. वहीं 121 में से 105 विधानसभा सीटें ऐसी है, जहां सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोटिंग होनी है.

4:41 PM, 6 Nov 2025 (IST)

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा पर हुए हमले पर RJD MLC अजय कुमार सिंह ने कहा कि उनके लोगों ने हमारी गाड़ी रोकी और गुंडागर्दी पर उतर आए. वह चुनाव हार गए इसलिए बौखला गए हैं. विजय सिन्हा का चैप्टर बंद हो चुका है. उन पर हमला नहीं हुआ. वो कई दिनों से ये नाटक रचने का प्रयास कर रहे थे. दरअसल विजय सिन्हा और आरजेडी एमएलसी बीच रास्ते एक दूसरे से उलझ गए. दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई. विजय सिन्हा ने अजय कुमार सिंह और उनके बॉडीगार्ड पर शराब पीने का आरोप लगाया. वहीं आरजेडी एमएलसी ने कहा कि विजय सिन्हा की हार तय है, जमानत भी नहीं बचेगी इसलिए बौखला गए हैं. इस दौरान दोनों नेता शब्दों की मर्यादा तक भूल बैठे.

4:11 PM, 6 Nov 2025 (IST)

मैथिली ठाकुर ने वोटिंग में धांधली का लगाया आरोप

दरभंगा के अलीनगर सीट से बीजेपी प्रत्याशी मैथिली ठाकुर ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका आरोप है कि पोलिंग बूथ पर मतदान को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है. एक निजी चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि मैं हमेशा एक ऐसे परिवार से आई, जहां हरएक चीज सिस्टम से करना है. हम यहां नियम का पालन कर रहे हैं. लेकिन यहां इस बूथ पर लोग एक विशेष पार्टी का प्रचार कर रहे हैं. हरी साड़ी में महिलाएं 3 नंबर-3 नंबर बोल रही हैं. लोग गमछा लेकर हरे रंग का जा रहे हैं. अंदर से भगाए हैं तब ये बाहर निकले हैं. ये लोग हरा गमछा लेकर महिलाओं के पास खड़े हो रहे हैं. वहीं उन्होंने कहा की हमने इसकी जानकारी संबंधित पदाधिकारी को दी है.

FIRST PHASE VOTING
अलीनगर सीट से भाजपा प्रत्याशी मैथिली ठाकुर (ETV Bharat)

3:58 PM, 6 Nov 2025 (IST)

विजय सिन्हा के काफिला पर हमले को लेकर मुंगेर DIG राकेश कुमार ने बताया कि मुझे फोन पर इस संबंध में सूचना प्राप्त हुई है और मुख्यालय से भी दिशा निर्देश प्राप्त हुए हैं. यहां के जो प्रत्याशी हैं और उपमुख्यमंत्री हैं, उनसे मेरी बात भी हुई है. मैं इतना जरूर कहना चाहूंगा कि इस घटना के पीछे जो भी लोग जिम्मेदार हैं उनके खिलाफ बहुत कड़ी कार्रवाई होगी. इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी, जांच भी होगी और और बहुत कड़ी कार्रवाई होगी.

3:39 PM, 6 Nov 2025 (IST)

104 साल के बुजुर्ग ने अपनी 95 साल की पत्नी के साथ डाला वोट

भोजपुर से लोकतंत्र के महापर्व की खूबसूरत तस्वीर समाने आई है. संदेश विधानसभा क्षेत्र के विशुनपुर में बूथ संख्या 242 पर 104 वर्षीय रामप्रवेश सिंह ने अपनी 95 वर्षीय पत्नी सुलेश्वरी देवी के साथ वोट डाला. परिजनों से कुर्सी पर बैठाकर उन्हें मतदान केंद्र पहुंचाया और वोट डलवाया.

FIRST PHASE VOTING
104 साल के बुजुर्ग ने अपनी 95 साल की पत्नी के साथ डाला वोट (ETV Bharat)

3:16 PM, 6 Nov 2025 (IST)

विजय सिन्हा ने खुद रची हमले की साजिश- वीणा देवी

लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय सिंह की कार पर हुए हमले पर मोकामा से राजद प्रत्याशी वीणा देवी ने कहा, उन्होंने खुद इसकी साजिश रची है. उन्होंने अपना वोट शेयर बढ़ाने के लिए यह सब करवाया है. उन्होंने आगे कहा कि मेरा पूरा परिवार यहां है और हमने मिलकर वोट डाला है.

3:02 PM, 6 Nov 2025 (IST)

खान सर ने किया मतदान

शिक्षक और यूट्यूबर​​ खान सर ने भी अपनी जिम्मेदारी निभाई और प्रथम चरण के चुनाव के तहत मतदान किया. ​ खान सर ने कहा, आज मतदान का पहला चरण है. सभी को इसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए. हमारा देश लोकतंत्र की जननी है. मत बहुत ताकतवर चीज होती है. यही वो दिन है जब एक गरीब के पास भी ताकत होती है.

2:56 PM, 6 Nov 2025 (IST)

विजय सिन्हा के काफिले पर हमले को लेकर DM सख्त, बोले- 'जांच के बाद होगी कार्रवाई'

लखीसराय डीएम मिथिलेश मिश्रा ने कहा कि चुनाव चल रहा है, चुनाव की मर्यादा का ध्यान रखा जाए. किसी भी उम्मीदवार को अपने क्षेत्र में जाने का पूरा अधिकार है. उम्मीदवार अपने क्षेत्र में है. जनता को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है. प्रशासन अपना काम कर रहा है. जो शिकायत प्राप्त होती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. अभी हम यहां मौजूद हैं और शांति व्यवस्था बहाल की जाएगी. जैसी स्थिति होगी उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी."

2:49 PM, 6 Nov 2025 (IST)

विजय कुमार सिन्हा के आरोपों पर बोले लखीसराय SP अजय कुमार- 'सुबह सब ठीक था'

विजय सिन्हा के आरोपों पर लखीसराय SP अजय कुमार ने कहा, "जब सुबह पहुंचे थे, तो सब कुछ शांतिपूर्वक चल रहा था. अब जब वे (विजय कुमार सिन्हा) आए, तो अचानक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया. हम अभी इसकी जांच कर रहे हैं.

2:11 PM, 6 Nov 2025 (IST)

विजय सिन्हा के काफिले पर हमला

आरजेडी समर्थकों ने उपमुख्यमंत्री और लखीसराय निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा की कार को घेर लिया, चप्पल फेंकी और "मुर्दाबाद" के नारे लगाते हुए उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी हालात को काबू करने में लगे हैं. इस दौरान विजय सिन्हा की कार पर चप्पल फेंके गए. इसको लेकर विजय सिन्हा ने आरजेडी पर जमकर हमला किया. उन्होंने कहा कि ये आरजेडी के गुंडे हैं. इनकी गुंडई देख लीजिए. बिहार के उपमुख्यमंत्री का कैसे विरोध हो रहा है. बूथ से मेरे पोलिंग एजेंट को धमकी देकर सुबह साढ़े छह बजे लौटा दिया गया. वोटर को निकलने नहीं दिया जा रहा है. गाड़ी पर पथराव किया गया है, गोबर भी फेंका गया है. चप्पल-जूता फेंका गया है. यहां के एसपी बहुत कमजोर हैं. कहते हैं कि शांतिपूर्ण मतदान हो रहा है. धिक्कार है ऐसे प्रशासन को. कोई भी घटना घटी तो मैं इसी गांव में अनशन पर बैठूंगा.

2:08 PM, 6 Nov 2025 (IST)

मांझी विधायक पर हमला

छपरा के मांझी में कम्युनिस्ट पार्टी एमएल के विधायक सत्येंद्र यादव पर हमला का मामला सामने आया है. बूथों का निरीक्षण के दौरान दाउदपुर के पास एक बूथ पर उनसे लोगों की कहासुनी हो गई. इस बीच उनकी गाड़ी पर पत्थराव की घटना हुई है. सत्येंद्र यादव की गाड़ी का शीशा टूटा है. हालांकि पुलिस ने भी इस घटना की पुष्टि नहीं की है.

1:57 PM, 6 Nov 2025 (IST)

01:00 बजे तक राज्य में औसतन 42.31% मतदान

बिहार विधानसभा सामान्य चुनाव 2025 के पहले चरण में 6 नवंबर को दिन के 01:00 बजे तक राज्य में औसतन 42.31% मतदान दर्ज किया गया है. मधेपुरा जिले में अब तक 44.16%, सहरसा में 44.20%, दरभंगा में 39.35%, मुजफ्फरपुर में 45.41%, गोपालगंज में 46.73%, सीवान में 41.20%, सारण में 43.06%, वैशाली में 42.60%, समस्तीपुर में 43.03%, बेगूसराय में 46.02%, खगड़िया में 42.94%, मुंगेर में 41.47%, लखीसराय में 46.37%, शेखपुरा में 41.23%, नालंदा में 41.87%, पटना में 37.72%, भोजपुर में 41.15%, और बक्सर में 41.10% मतदान हुआ है. राजधानी पटना में अब तक सबसे कम 37.72% मतदान दर्ज किया गया है. कुल मिलाकर पहले चरण में मतदान की रफ्तार सुबह के समय सामान्य रही है, और चुनाव आयोग को उम्मीद है कि शाम तक मतदान प्रतिशत में और वृद्धि होगी.

1:19 PM, 6 Nov 2025 (IST)

मुजफ्फरपुर में वोट बहिष्कार, मतदाताओं में गहरी नाराजगी

मुजफ्फरपुर में मतदाताओं ने अपनी नाराजगी जतायी है और बूथ संख्या 86 पर वोट का बहिष्कार किया गया है. मामला औराई विधानसभा क्षेत्र के जीवाजोर गांव के बूथ संख्या 86 का है. वोटर्स ने वोट का बहिष्कार कर दिया है. लोगों का आरोप है कि 16 साल से पुनर्वास की मांग पूरी नहीं की गई. जनप्रतिनिधि चुनाव के समय आते हैं और वादे करते हैं, लेकिन उस वादे को पूरा नहीं करते हैं, इसलिए वोट का बहिष्कार किया गया है.

12:56 PM, 6 Nov 2025 (IST)

2 किमी दूर भैंस पर बैठकर मतदान डालने पहुंचे RJD नेता, बताया ये कारण

बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के लिए वैशाली में आरजेडी नेता केदार प्रसाद यादव भैंस पर चढ़कर वोट गिराने मतदान केंद्र पहुंचे. भगवानपुर प्रखंड के मतदान केंद्र पर मतदान के बाद केदार प्रसाद यादव ने कहा कि चुनाव को लेकर सभी गाड़ी का परिचालन बंद है इसलिए हम भैंस पर चढ़कर यहां से 2 किलोमीटर दूर मतदान केंद्र पर वोट करने गए थे.

FIRST PHASE VOTING
आरजेडी नेता केदार प्रसाद यादव (ETV Bharat)

12:44 PM, 6 Nov 2025 (IST)

जन सुराज उम्मीदवार ने BJP पर लगाया गुंडागर्दी का आरोप, बोले- 'झुकने वाला नहीं हूं'

जन सुराज पार्टी के दरभंगा सदर के उम्मीदवार आर. के. मिश्रा नगर थाना परिसर में धरने पर बैठे हैं. उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपाई गुंडागर्दी के आगे मैं झुकने वाला नहीं हूं. यह लड़ाई सिर्फ राजनीतिक नहीं, यह बाहरी गुंडों के विरुद्ध और मिथिला के आत्मसम्मान की लड़ाई है. वहीं जन सुराज उम्मीदवार आर के मिश्रा ने बताया कि जब मैं चुनाव अभियान के दौरान बूथ पर घूम रहा था तो शिवाजी नगर में भाजपा के गुंडे के द्वारा बदतमीजी की गयी जिसके कारण हम अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं.

FIRST PHASE VOTING
दरभंगा सदर के उम्मीदवार आर. के. मिश्रा (ETV Bharat)

12:27 PM, 6 Nov 2025 (IST)

JDU नेता अशोक चौधरी, उनकी पत्नी नीता चौधरी और LJP (रामविलास) सांसद शांभवी चौधरी ने बुद्धा कॉलोनी के एसटी पॉल स्कूल मतदान केंद्र में मतदान किया. अशोक चौधरी ने कहा कि जनता से यही अपील है कि जाति से ऊपर उठकर विकास के लिए वोट करना है. जो हमारी आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ाना चाहता है उसी पार्टी को वोट करना है. अपनी विरासत और अपने इतिहास को आने वाले समय में दोहराना है. वहीं अशोक चौधरी की बेटी और LJP (रामविलास) सांसद शांभवी चौधरी ने कहा, संविधान का सबसे बड़ा अधिकार वोट का अधिकार है. वोट करना जरूरी है. ये राज्य और देश के निर्माण के लिए बेहद जरूरी है. विपक्ष के सभी दावे फेल कर जाएंगे.

12:15 PM, 6 Nov 2025 (IST)

खगड़िया में चिराग पासवान ने डाला वोट

केंद्रीय मंत्री और LJP (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने पहले चरण के मतदान के तहत वोट कास्ट किया. खगड़िया के शहरबन्नी के एक बूथ में उन्होंने वोट डाला. चिराग पासवान ने वोट डालने के बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पर हमला किया और कहा कि मैं समझ सकता हूं कि एक के बाद एक चुनाव हारते ही जाना, किसी भी नेता और उसकी पार्टी के मनोबल को काफी ज्यादा तोड़ता है और निराश करता है. ऐसे में अपने दल के नेता कार्यकर्ताओं के मनोबल को बनाए रखने के लिए, उन्हें उत्साहित रखने के लिए आपको समय-समय पर कोई शिगूफा तो देना होगा आप कैसे कहेंगे कि हमारे नेतृत्व में कमी है?. यह बयान भी उन्हीं में से एक है. ये कुछ समय तक चलेगा और ये बयान जब ठंडा पड़ जाएगा तो फिर वे(राहुल गांधी) लोग कुछ नया लेकर आएंगे.

12:01 PM, 6 Nov 2025 (IST)

बूथ कैप्चरिंग का लखीसराय एसपी ने किया खंडन

लखीसराय में बूथ कैप्चरिंग के आरोपों पर एसपी अजय कुमार ने कहा कि कहीं से कोई शिकायत नहीं आ रही है. सब अफवाह है. हर जगह फोर्स तैनात है.शिकायतों पर हमारी नजर है और हम बूथों पर पहुंच रहे हैं. कहीं कोई गड़बड़ी नहीं है.

लखीसराय एसपी का बयान (ETV Bharat)

11:30 AM, 6 Nov 2025 (IST)

परिवार के साथ वोट कास्ट करने पहुंचे बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दी जानकारी

बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने परिवार के साथ पहले चरण के लिए मतदान किया. मतदान के बाद पत्रकारों से बात करत हुए कहा कि "यह बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है. आज हम सभी हमेशा के लिए सपरिवार मतदान के लिए आए हैं. मैं सभी मतदाताओं से अपील करूंगा कि निश्चित रूप से वे सभी अपने बूथ पर जाकर अपने मतदान का उपयोग करें.सभी बिहारवासियों से मेरी अपील होगी कि यह हमारे लिए बहुत-बहुत बड़ा दिन है. सभी को प्रजातंत्र के लिए अपने मत का इस्तेमाल करना चाहिए." उन्होंने आगे कहा, चुनाव आयोग के निर्देश अनुसार जो भी दिशा-निर्देश हैं, व्यवस्थाएं हैं, सभी को उसी तरह से लागू किया गया है. सारा प्रशासनिक तंत्र लगातार निगरानी कर रहा है. कहीं भी कोई भी अप्रिय घटना नहीं घटी है. निश्चित रूप से हम लोग इसे अच्छे ढंग से संवादित करेंगे.

11:27 AM, 6 Nov 2025 (IST)

अरुण भारती की राहुल गांधी को अदालत जाने की नसीहत

LJP (रामविलास) नेता अरुण भारती ने कहा कि मैं जनता से अपील करता हूं कि जैसे पिछले 19 सालों से भ्रष्टाचार और जंगलराज को आपने दूर रखा है. वैसे ही इस बार भी दूर रखिए. NDA को वोट दें ताकि बिहार के विकास की गति धीमी न हो." राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर उन्होंने कहा, "बिहार की जनता और देश के युवा सतर्क हैं और राहुल गांधी की महत्वाकांक्षाओं को पूरा नहीं होने देंगे. राहुल गांधी को अपनी बातों के पक्ष में तथ्य देने होंगे. अगर उनकी बातों में इतनी सच्चाई है, तो वे अदालत क्यों नहीं जाते.

11:22 AM, 6 Nov 2025 (IST)

रविशंकर प्रसाद ने किया मतदान, बोले- 'तेजस्वी यादव से मुख्यमंत्री बनने की कोई उम्मीद नहीं'

बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने मतदान करने के बाद कहा कि बिहार की जनता बड़े उत्साह के साथ मतदान कर रही है. बड़ी संख्या में महिलाओं, माताओं और बहनों का मतदान करना इस बात का संकेत है कि हवा किस तरफ बह रही है और ये NDA सरकार द्वारा किए गए कार्यों और बिहार के विकास का नतीजा है. जनता प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार की जोड़ी पर भरोसा करती है. जनता उत्साह से वोट कर रही है और आगे भी करती रहेगी. उनके (तेजस्वी यादव) मुख्यमंत्री बनने की कोई उम्मीद नहीं है. इस बार बिहार के नतीजे ऐतिहासिक, प्रभावी और प्रमाणिक होंगे. राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर उन्होंने कहा, "वह तो फुस्स हो गया; सब कुछ झूठ निकला. वह झूठ बोलने में माहिर हैं.

11:18 AM, 6 Nov 2025 (IST)

विजय सिन्हा का आरजेडी पर बड़ा हमला

बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "RJD के लोगों की मानसिकता अभी भी बूथ कैप्चरिंग की है, लेकिन जनता, मतदाता मालिक हैं. RJD और कांग्रेस अराजकता के प्रतीक हैं और बूथ कैप्चरिंग से बाज नहीं आते. शायद वे भूल गए हैं कि बिहार में सुशासन है और आतंकवाद और उग्रवाद खत्म हो गया है और अब अपराध की बारी है. जानकारी के अनुसार उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के विधानसभा क्षेत्र लखीसराय के हलसी प्रखंड के खुडयारी गांव का मामला है. विजय सिन्हा ने बूथ संख्या 404 और 405 कोो कैप्चर करने का आरोप लगाया है. एसपी अजय कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और खुडयारी गांव में जवानों ने फ्लैग मार्च किया. जांच के बाद एसपी ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है.

11:10 AM, 6 Nov 2025 (IST)

मुख्यमंत्री बनने को लेकर तेजप्रताप यादव का बड़ा बयान, बोले- 'पापा ने खुद कहा था..'

जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने कहा बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि किसी की भी सरकार रहे, जो आम आदमी को रोजगार देगी, पलायन रोकेगी, बिहार में बदलाव लाएगी, हम उसके साथ रहेंगे. जनता मालिक है, जनता ही चीजें बनाती और बिगाड़ती है. विरासत लोहिया जी और कर्पूरी ठाकुर की है. विचारधारा सामाजिक न्याय, संपूर्ण परिवर्तन, संपूर्ण क्रांति की है. जैसे हमारे पिताजी कहते थे कि अगर हमें प्रधानमंत्री बनने का मौका मिले तो हम क्यों छोड़ेंगे, वैसे ही अगर हमें मुख्यमंत्री बनने का मौका मिले तो हम क्यों छोड़ेंगे. बनेंगे या नहीं बनेंगे, यह 14 तारीख को तय होगा, लेकिन हम इतने लोभी नहीं हैं कि हमें कुर्सी पर बैठना है.

11:06 AM, 6 Nov 2025 (IST)

कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने किया मतदान, बोले- 'वोट चोरी से बनी सरकार कभी ठीक तरह से काम नहीं करेगी'

कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने तेघरा विधानसभा क्षेत्र के सरकारी सहायता प्राप्त मध्य विद्यालय, मसनदपुर बिहट में वोट डाला. कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने कहा, "आज लोकतंत्र का महापर्व है, पहले चरण का मतदान हो रहा है, सभी से अपील है कि अपने मुद्दों, अपने बच्चों के भविष्य, रोज़ी-रोटी, कपड़े, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क के लिए वोट करें. राहुल गांधी ने सिर्फ़ सवाल नहीं उठाए, उन्होंने सबूत पेश किए. चुनाव आयोग के सामने ये तथ्य रखे गए हैं कि आप ठीक से काम नहीं कर रहे हैं. वोट चोरी से बनी सरकार कभी ठीक तरह से काम नहीं करेगी."

11:01 AM, 6 Nov 2025 (IST)

रघुनाथपुर विधानसभा के प्रतापपुर मतदान केंद्र पहुंचे RJD प्रत्याशी ओसामा शहाब, डाला वोट

आरजेडी प्रत्याशी ओसामा शहाब ने रघुनाथपुर विधानसभा के प्रतापपुर मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला. इससे पहले हिना शहाब ने भी वोट कास्ट किया और कहा कि जनता और रघुनाथपुर के मतदाता पर उन्हें पूरा भरोसा है.

10:54 AM, 6 Nov 2025 (IST)

अब तक 726 ईवीएम बदले गए, मतदान जारी

बिहार विधानसभा चुनाव के तहत पटना समेत 121 सीटों पर मतदान जारी है. इस दौरान तकनीकी खराबी के कारण अब तक 726 ईवीएम (EVM) बदले गए हैं. इनमें से 325 ईवीएम मॉक पोल के दौरान और 322 ईवीएम मतदान के समय बदले गए. चुनाव आयोग के अनुसार, जिन केंद्रों पर मशीनें बदली गईं, वहां अब मतदान सुचारू रूप से जारी है.

FIRST PHASE VOTING
मतदान केंद्र (ETV Bharat)

10:38 AM, 6 Nov 2025 (IST)

हिरासत में बीजेपी के 4 कार्यकर्ता, दारोगा पर जनप्रतिनिधि से हाथापाई करने का आरोप

बिहारशरीफ में पर्ची बांट रहे BJP के 4 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है. डॉ. सुनील ने SI पर RJD समर्थक होने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि दारोगा जानबूझकर परेशान कर रहे हैं. बिहारशरीफ के अंबेर बूथ संख्या 226-232 के पास का यह पूरा मामला है. वार्ड पार्षद प्रतिनिधि ने कहा कि BLO की पर्ची नहीं बंटी थी, इसलिए मदद कर रहे थे. वहीं प्रतिनिधि ने दारोगा पर जनप्रतिनिधि से हाथापाई करने का भी आरोप लगाया है.

10:23 AM, 6 Nov 2025 (IST)

तेजप्रताप यादव का दिखा अनोखा अंदाज

तेजप्रताप यादव सादगी भरे अंदाज में वोट करने पहुंचे थे. लालू परिवार से अलग होने के बाद तेजप्रताप लगातार अपनी जीत का दावा कर रहे हैं.

10:15 AM, 6 Nov 2025 (IST)

तेजप्रताप ने किया मतदान, बोले- 'जनता के आशीर्वाद का अपना महत्व है'

जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार तेजप्रताप यादव ने पटना के एक मतदान केंद्र में अपना वोट डाला. उन्होंने कहा कि, "बिहार की जनता को अपना वोट ज़रूर डालना चाहिए. हर वोट महत्वपूर्ण है. माता-पिता का आशीर्वाद विशेष स्थान रखता है और जनता के आशीर्वाद का अपना महत्व है.

10:01 AM, 6 Nov 2025 (IST)

नीतीश कुमार ने किया मतदान, बोले- 'अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें'

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के बख्तियारपुर में मतदान किया. पहले चरण के मतदान को लेकर सोशल मीडिया में पोस्ट डालते हुए मतदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि लोकतंत्र में मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, दायित्व भी है. आज बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान हो रहा है. सभी मतदाताओं से आग्रह है कि अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें. मतदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें. पहले मतदान, फिर जलपान.

9:57 AM, 6 Nov 2025 (IST)

मुकेश सहनी ने परिवार के साथ किया मतदान, बोले- 'अपने वोट का सही इस्तेमाल करना चाहिए'

VIP प्रमुख और महागठबंधन के उपमुख्यमंत्री उम्मीदवार मुकेश सहनी ने परिवार के साथ बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में वोट डाला. मुकेश सहनी ने कहा, "बस यही संदेश है कि सब लोग अपने घरों से निकलें और अपने वोट का प्रयोग करें. अपने वोट का इस्तेमाल एक बेहतर बिहार, एक बेहतर सरकार बनाने के लिए करें. जनता इस देश की मालिक है और आपको अपने वोट का सही इस्तेमाल करना चाहिए."

9:39 AM, 6 Nov 2025 (IST)

बिहार में सुबह 9:00 बजे तक 13.13% मतदान, सहरसा में सबसे अधिक वोटिंग

बिहार में सुबह 9:00 बजे तक 13.13% मतदान हुआ है. बेगूसराय में 14.60%, भोजपुर में 13.11%, बक्सर में 13.28%, दरभंगा में 12.48% गोपालगंज में 13.97%, खगड़िया में 14.15, लखीसराय में 07.00%, मधेपुरा में 13.74%, मुंगेर में 13.37% मुजफ्फरपुर में 14.38% मतदान दर्ज किया गया है. नालंदा में 12.45%, पटना में 11.22%, सहरसा में 15.27%, समस्तीपुर में 12.86%, सारण में 13.30%, शेखपुरा में 12.97%, सिवान में 13.35%, वैशाली में 14.30% और समस्तीपुर में सुबह 9 बजे तक 12 फीसदी मतदान हुआ है.

9:36 AM, 6 Nov 2025 (IST)

सम्राट चौधरी का राहुल गांधी पर हमला, बोले- 'ऐसा नेता प्रतिपक्ष कभी नहीं देखा'

बिहार के उपमुख्यमंत्री और तारापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सम्राट चौधरी ने मतदान के बाद कहा, "बिहार में पूरी तरह से अच्छी सरकार बने और नीतीश कुमार द्वारा किए गए काम निर्बाध चलते रहे. बिहार में बदलाव बहुत मेहनत के बाद आया है. 2005 से पहले गड्ढों में सड़क थी या सड़क में गड्ढे ये जनता जानती है, इसलिए विकास के मॉडल पर वोट करें." राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर उन्होंने कहा कि 4 महीने हो गए हैं और राहुल गांधी एक भी सबूत नहीं दे पाए हैं. हमने ऐसा नेता प्रतिपक्ष कभी नहीं देखा. उन्हें कम से कम कुछ तैयारी तो करनी चाहिए.

9:15 AM, 6 Nov 2025 (IST)

शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब ने कहा- 'जनता पर है भरोसा'

सिवान लोकसभा की रघुनाथपुर सीट से शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब चुनावी मैदान में हैं. ओसामा पिता के नाम पर वोट मांग रहे हैं. शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शाहब ने कहा कि हमारी अपनी सोच है, समाज को लेकर चलने वाले लोग है. उन्होंने कहा कि ऊपरवाले पर और रघुनाथपुर की जनता पर पूरा भरोसा है.

हिना शाहब का बयान (ETV Bharat)

9:12 AM, 6 Nov 2025 (IST)

सम्राट चौधरी ने किया मतदान

बिहार के उपमुख्यमंत्री और तारापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सम्राट चौधरी बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत मतदान करने पहुंचे.

8:56 AM, 6 Nov 2025 (IST)

वोट डालने के लिए जा रहा हूं शहरबन्नी, चिराग पासवान ने राहुल गांधी पर किया हमला

केंद्रीय मंत्री और LJP (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान पर कहा, "सभी मतदाताओं से अपील करूंगा कि मतदान जरूर करें. मैं चाहता हूं कि आज मतदान का रिकॉर्ड बने और सबसे ज्यादा मतदान हो. आज सबको एकजुट होकर मतदान करना चाहिए. राहुल गांधी की वोट चोरी के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस पर उन्होंने कहा, "अगर ये जानकारियां आपके सामने आई हैं तो आप कोर्ट का रास्ता क्यों नहीं अपनाते हैं. SIR की प्रक्रिया से भी आपको समस्या है."

8:47 AM, 6 Nov 2025 (IST)

राजद नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा मतदान किया. मतदान करने के बाद उन्होंने कहा कि "सभी मतदाताओं से अपील है कि वोट डालें. दोनों बेटों को मां की शुभकामना है. दोनों को आशीर्वाद है. तेजस्वी यादव राघोपुर से उम्मीदवार हैं. वहीं तेजप्रताप यादव महुआ सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. तेजप्रताप यादव जनशक्ति जनता दल से चुनाव लड़ रहे हैं. इसपर राबड़ी देवी ने कहा कि वह अपने पैरों पर खड़ा होकर लड़ रहा है, मेरी शुभकामना है.

8:43 AM, 6 Nov 2025 (IST)

लालू यादव ने किया मतदान, बोले- 'बदलाव होगा'

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पटना के एक मतदान केंद्र पर पहले चरण के लिए अपना वोट डाला. वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि बदलाव होगा. उसके बाद लालू परिवार बूथ से रवाना हो गया.

8:32 AM, 6 Nov 2025 (IST)

पत्नी राजश्री संग वोट डालने पहुंचे तेजस्वी यादव, लालू यादव, राबड़ी देवी और मीसा भारती ने भी किया वोट कास्ट

लालू परिवार ने भी मतदान किया. पटना के वेटनरी कॉलेज बूथ में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मतदान किया. राजद नेता और महागठबंधन के सीएम चेहरे तेजस्वी यादव अपनी पत्नी राजश्री यादव के साथ पहले चरण के लिए वोट डालने पहुंचे. साथ ही लालू यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती ने भी मतदान किया. रोहिणी आचार्य ने कहा कि ये चुनाव गांवों में रोजगार के लिए दर-दर ठोकर खाने वाले हमारे मजदूर भाइयों के लिए है. मुझे विश्वास है कि हमारे लोग, बिहार के लोग, रोजगार देने वाली सरकार चुनेंगे और डबल इंजन सरकार को उखाड़ फेंकेंगे.

8:23 AM, 6 Nov 2025 (IST)

दरभंगा और खगड़िया में ईवीएम खराब, मतदान बाधित

दरभंगा में ग्रामीण विधानसभा के नैनाघाट बूथ नंबर 132 पर ईवीएम खराब हो गया है. इस कारण मतदान बाधित रहा. वहीं खगड़िया के अलौली विधानसभा अंतर्गत रानी सकरपूरा के मत केंद्र संख्या 244 का EVM पांच वोट डालने के बाद खराब हो गया. प्रशासन की ओर से इसे ठीक किया जा रहा है.

8:17 AM, 6 Nov 2025 (IST)

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने किया मतदान, बोले- 'विकास के नाम पर किया मतदान'

समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम के बूथ नंबर 73 पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने पहले मतदान किया. मतदान करने के बाद उन्होंने बताया कि विकास के नाम पर वह मतदान करते हैं. आज भी उन्होंने विकास के नाम पर मतदान किया. जिले में प्रथम चरण का मतदान शुरू हो गया है. 3603 मतदान केंद्रों पर 29 लाख मतदाता मतदान करेंगे.

FIRST PHASE VOTING
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर (ETV Bharat)

8:08 AM, 6 Nov 2025 (IST)

RJD उम्मीदवार खेसारी लाल यादव ने कहा- 'बेहतर बिहार बनाने पर करें चर्चा'

छपरा विधानसभा सीट से अभिनेता और राजद उम्मीदवार खेसारी लाल यादव ने कहा, मुझे यहां से कुछ लेकर नहीं जाना है. एक बेहतर इंसान बनने का प्रयास हमेशा करता हूं और लड़ता रहूंगा. बेहतर बिहार कैसे बनेगा हम इसपर चर्चा करें तो बेहतर है. हमारे व्यक्तिगत जीवन से लोगों को क्या लेना देना है। लोगों का बिहार की व्यवस्था से लेना देना है.

8:04 AM, 6 Nov 2025 (IST)

लोक गायिका और भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने जीत की मांगी दुआ

दरभंगा के अलीनगर विधानसभा सीट से लोक गायिका और भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की. उन्होंने कहा कि मैं भगवान से यही मांगती हूं कि अगर मेरे हाथों से किसी की सेवा लिखी है तो मुझे ये अवसर मिले. उम्मीद करती हूं कि जो होगा सब के हित में होगा.

8:00 AM, 6 Nov 2025 (IST)

बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत मतदान किया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव दोनों अनुकंपा की राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने राजनीति को अपनी जागीर समझ लिया है. डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने कहा था कि रानी के पेट से राजा पैदा नहीं होगा और अब बिहार की धरती ये साबित करेगी कि रानी के पेट से राजा पैदा नहीं होगा, जो जमीन पर काम करेगा वही सेवक के रूप में काम करेगा. लोकतंत्र के इस महापर्व में हम भी शामिल हुए हैं. लोकतंत्र के इस महापर्व में ही हम अपने वोट के जरिए देश के प्रधानमंत्री और बिहार के मुख्यमंत्री का चुनाव करते हैं. बिहार को जंगलराज और गुंडाराज से मुक्ति दिलाई जाएगी. मतदान बहुत ही शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है. यह बिहार का सम्मान बढ़ाने के लिए है, हर बिहारी को इसमें हिस्सा लेना चाहिए.

7:58 AM, 6 Nov 2025 (IST)

विजय कुमार सिन्हा ने अपने आवास पर की पूजा-अर्चना

बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने अपने आवास पर पूजा-अर्चना की और ईश्वर से जीत के लिए दुआ की.

7:55 AM, 6 Nov 2025 (IST)

पटना में नितिन नवीन ने किया मतदान

पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नितिन नवीन ने मतदान किया. उन्होंने कहा, मैं तो यही कहूंगा कि आप ज़्यादा से ज़्यादा संख्या में मतदान करें. लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, पहले मतदान फिर जलपान. हमारा मानना ​​है कि एक अच्छी, व्यवस्थित, विकसित करने वाली सरकार सत्ता में आए.

7:52 AM, 6 Nov 2025 (IST)

वैशाली के मतदान केंद्रों में भी वोटरों की भीड़ देखने को मिल रही है. कड़ी सुरक्षा के बीच मतदाता मत का प्रयोग कर रहे हैं. सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है.

7:50 AM, 6 Nov 2025 (IST)

पूर्व सांसद सूरजभान सिंह की वोट करने की अपील, पत्नी हैं मोकामा से उम्मीदवार

पूर्व सांसद सूरजभान सिंह ने कहा, "हमने भगवान से आशीर्वाद लिया है, आज बहुत बड़ा त्योहार है, मैं बिहार के सभी लोगों से अपील करूंगा कि आज भाईचारा दिखाएं, पहले मतदान फिर जलपान."

7:48 AM, 6 Nov 2025 (IST)

राजद उम्मीदवार वीणा देवी ने किया वोट, लोगों से शांतिपूर्वक वोट की अपील

मोकामा विधानसभा क्षेत्र से राजद उम्मीदवार वीणा देवी ने कहा, "हमने भगवान के दर्शन किए हैं, हमारी लोगों से अपील है कि घरों से निकलें और वोट करें, किसी से न डरें. हम बस यही कहेंगे कि जैसे हमने शांतिपूर्वक प्रचार किया, वैसे ही शांतिपूर्वक वोट भी करें."

7:47 AM, 6 Nov 2025 (IST)

पटना के AN कॉलेज स्थित बूथ नंबर 47 पर मॉक पोलिंग

पटना के AN कॉलेज स्थित बूथ संख्या 47 पर मॉक पोलिंग जारी है. चाक-चौबंद इंतजामों के बीच मतदान शुरू होगी. पोलिंग बूथों पर तमाम इंतजाम किए गए हैं, ताकि मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी ना हो.

7:44 AM, 6 Nov 2025 (IST)

'पहले मतदान, फिर जलपान' प्रधानमंत्री मोदी ने की बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर लोगों से अपील

प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर लोगों से वोट करने की अपील की है. ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, "बिहार में आज लोकतंत्र के उत्सव का पहला चरण है. विधानसभा चुनावों में इस दौर के सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे पूरे उत्साह के साथ मतदान करें. इस मौके पर पहली बार वोट डालने जा रहे राज्य के अपने सभी युवा साथियों को मेरी विशेष बधाई। याद रखना है- पहले मतदान, फिर जलपान!"