ETV Bharat / bharat

Red Fort Car Blast: दिल्ली धमाके में अब तक 10 की मौत, बुधवार को भी बंद रहेगा लाल किला मेट्रो स्टेशन

दिल्ली ब्लास्ट मामले
दिल्ली ब्लास्ट मामले (ANI)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : November 11, 2025 at 7:12 AM IST

|

Updated : November 11, 2025 at 3:07 PM IST

Choose ETV Bharat
नई दिल्ली: दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास सोमवार शाम हुए विस्फोट ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया. शाम 6 बजकर 52 मिनट पर लालकिले के पास एक कार में धमाका हुआ, जिसमें करीब नौ लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए. यह धमाका, लालकिला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के बाहर आई-20 कार में हुआ. इस धमाके ने न केवल आसपास के बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा पर गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में UAPA के तहत मामला दर्ज कर लिया है. जांच एजेंसियां सभी एंगल से पड़ताल कर रही हैं. लाइव अपडेट के लिए जुड़े रहें ईटीवी भारत से..

LIVE FEED

10:30 PM, 11 Nov 2025 (IST)

भाजपा विधायक ने निकाला कैंडल मार्च

भाजपा विधायक तरविंदर सिंह मारवाह ने दिल्ली कार विस्फोट पीड़ितों के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए कैंडल मार्च निकाला.

9:33 PM, 11 Nov 2025 (IST)

हटाया गया मलबा

दिल्ली में लाल किले के पास विस्फोट स्थल से मलबा हटाया गया.

7:39 PM, 11 Nov 2025 (IST)

मृतकों व घायलों को मिलेगा मुआवजा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'एक्स' पर पोस्ट कर जानकारी दी कि, दिल्ली सरकार इस घटना में मृतक के परिवारों को 10 लाख रुपये, स्थायी रूप से अक्षम लोगों को 5 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 2 लाख रुपये की राशि देगी.

6:46 PM, 11 Nov 2025 (IST)

12 नवंबर को भी बंद रहेगा लाल किला मेट्रो स्टेशन

उधर डीएमआरसी की तरफ से X पर जानकारी दी गई कि सुरक्षा कारणों से, लाल किला मेट्रो स्टेशन 12 नवंबर को भी बंद रहेगा. बाकी सभी स्टेशन सामान्य रूप से खुले रहेंगे.

5:22 PM, 11 Nov 2025 (IST)

चांदनी चौक व्यापारिक संगठनों ने दी श्रद्धांजलि

कार ब्लास्ट की घटना को लेकर चांदनी चौक क्षेत्र के व्यापारिक संगठनों ने मंगलवार को मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी. वहीं घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की.

5:05 PM, 11 Nov 2025 (IST)

विस्फोट स्थल की जांच जारी

दिल्ली कार विस्फोट मामले में फोरेंसिक विशेषज्ञ लाल किले के पास दिल्ली कार विस्फोट स्थल की जांच कर रहे हैं

4:00 PM, 11 Nov 2025 (IST)

नोएडा में भी स्थानों की जांच जारी

दिल्ली कार विस्फोट की घटना के बाद, नोएडा पुलिस मॉल, शॉपिंग सेंटर, मेट्रो स्टेशन और बस स्टैंड सहित प्रमुख स्थानों पर जांच कर रही है. नोएडा के डीसीपी यमुना प्रसाद ने कहा, "हम सभी प्रमुख स्थानों पर जांच कर रहे हैं और वाहनों की भी जांच की जा रही है."

3:17 PM, 11 Nov 2025 (IST)

सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर साधा निशाना

'आप' नेता सौरभ भारद्वाज ने लोक नायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल में घायलों से मुलाकात की. उन्होंने कहा, "अगर सरकार शवों को ले जाने के लिए परिवारों को एम्बुलेंस तक मुहैया नहीं करा सकती, तो सहानुभूति का कोई मूल्य नहीं है. गृह मंत्री दिल्ली के सबसे बड़े अस्पताल आए और मुख्यमंत्री ने आकर कहा कि सब कुछ ठीक चल रहा है, लेकिन मृतकों के परिवारों से कहा जा रहा है कि शव वहीं पड़े हैं और उन्हें खुद एम्बुलेंस का इंतजाम करना चाहिए. यह बेहद दुखद और गलत है. सरकार को इस बारे में चिंतित होना चाहिए. हम घायलों से मिले, डॉक्टरों से बात की, और ईश्वर से हमारी प्रार्थना है कि वे जल्द स्वस्थ हों. सरकार कई बार कह चुकी है कि अगर देश पर कोई आतंकवादी हमला होता है, तो उसे 'युद्ध' माना जाएगा.

3:14 PM, 11 Nov 2025 (IST)

NIA की तरफ से विस्फोट स्थल की जांच जारी

एनआईए और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीमें लाल किले के पास दिल्ली कार विस्फोट स्थल पर जांच कर रही हैं.

2:56 PM, 11 Nov 2025 (IST)

सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने घायलों से की मुलाकात

दिल्ली विस्फोट घटना पर भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने लोक नायक जय प्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल में घायलों से मुलाकात की. उन्होंने कहा, "मैं सभी लोगों से मिला हूं। जो लोग घायल हैं मैंने लगभग सभी से बातचीत की... सबने इस बात पर संतोष जताया है कि उनका इलाज अच्छे तरीके से हो रहा है... जिनके परिवार के लोग चल बसे मैं उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. जो लोग घायल हैं वे जल्द ही स्वस्थ होकर अपने घर वापस जाएंगे, ऐसा मेरा विश्वास है. जो भी इसके लिए जिम्मेदार हैं उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी. अमित शाह इस पूरे मामले पर नजर रखे हुए हैं... लगातार जांच की प्रक्रिया जारी है। जांच का जो भी निर्णय आएगा उसके अनुसार सारी कार्रवाई की जाएगी..

2:42 PM, 11 Nov 2025 (IST)

अखिलेश यादव ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री ने कहा है कि जल्द ही इस साजिश के पीछे कौन है इसका पर्दाफाश होगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.हमें पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री और सरकार जरूर खुलासा करेंगे कि इसके पीछे कौन है, जिनकी वजह से हमारी राजधानी, हमारे प्रतीक पर इतनी बड़ी घटना हुई, जहां से प्रधानमंत्री स्वतंत्रता दिवस पर भाषण देते हैं.हर बार हमारी खुफिया जानकारी क्यों विफल हो रही है?.

2:16 PM, 11 Nov 2025 (IST)

दिल्ली विस्फोट पर सीएम रेखा गुप्ता की प्रतिक्रिया

दिल्ली विस्फोट पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी. सभी एजेंसियां ​​अपना काम कर रही हैं. हम कल अस्पताल गए और घायलों से मिले. सरकार उनके साथ है और उनके परिवार को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए.

2:02 PM, 11 Nov 2025 (IST)

लाल किले के पास फोन मिला

लाल किले के पास विस्फोट में कालकाजी इलाके के निवासी अमर कटारिया की मृत्यु हो गई. मृतक अमर कटारिया के पिता जगदीश कुमार कटारिया ने बताया कि अभी तक कुछ नहीं पता की क्या हुआ है कैसे हुआ है. मेरा बेटा 34 साल का था. उसकी भागीरथ में दुकान थी. रोज काम करने जाता था. शाम को 6:45 बजे वे दुकान से निकला. उसके सर पर चोट आई थी. हमने उसे फोन किया तो उसका फोन किसी महिला ने उठाया और कहा कि लाल किले के पास फोन मिला है. यहां ब्लास्ट हुआ है. बाद में हमने पहचान की.

1:47 PM, 11 Nov 2025 (IST)

CCTV फुटेज आया सामने

CCTV फुटेज में कल लाल किले के पास हुए कार विस्फोट का दृश्य दिखाई दे रहा है. पीटीआई के अनुसार, इस घटना में 12 लोगों की जान चली गई.

1:11 PM, 11 Nov 2025 (IST)

दिल्ली विस्फोट पर भाजपा नेता अपर्णा यादव की प्रतिक्रिया

दिल्ली विस्फोट पर भाजपा नेता अपर्णा बिष्ट यादव ने कहा कि बहुत ही दुखदायक घटना है..जिस प्रकार गृह मंत्री अमित शाह ने समस्त विभाग को आदेश दिया है और घायल लोगों को अच्छा इलाज मिल रहा है. सरकार की पूरी प्रतिबद्धता इस पर है. और बहुत सी जगह विस्फोट पदार्थ पकड़ी गई है. जो आतंकवाद को आगे फैलाने में काम आए ऐसी बहुत सारे हथियार कई जगहों पर पकड़ी गई है उनके लोगों को पकड़ा गया है, एक लड़की लखनऊ से पकड़ी गई है जो डॉक्टर थी. ये सरकार ने बहुत जल्दी इस पर कार्रवाई की है और भारत आतंकवाद के खिलाफ खड़ा है.मेरी प्रार्थना है कि जो घायल हुए हैं वे जल्द स्वस्थ हो जाए.

1:08 PM, 11 Nov 2025 (IST)

विस्फोट स्थल पर पहुंचे IG CRPF राजेश अग्रवाल

IG CRPF राजेश अग्रवाल दिल्ली लाल किला विस्फोट स्थल पर पहुँचे. उन्होंने कहा, "दिल्ली पुलिस विस्फोट की आधिकारिक जानकारी देगी. CRPF दिल्ली पुलिस को हर आवश्यक सहायता प्रदान करेगी..हमारी (सुरक्षा बढ़ाने की) तैयारी जारी है।

1:04 PM, 11 Nov 2025 (IST)

दिल्ली विस्फोट मामले की समीक्षा बैठक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने आवास पर एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की. केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो के निदेशक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी के महानिदेशक और दिल्ली पुलिस आयुक्त बैठक में उपस्थित रहे. जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक भी वर्चुअली बैठक में शामिल हुए. यह समीक्षा 10 नवंबर को दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद हो रही है, जिसमें आठ लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हुए थे.

12:14 PM, 11 Nov 2025 (IST)

'धमाका बहुत बड़ा था'

श्री दिगंबर जैन लाल मंदिर में काम करने वाले प्रदीप ने बताया कि मैं अपने ऑफिस में काम कर रहा था, तभी धमाके से शीशे टूट गए. मैंने लोगों को भागते देखा. मैंने बाहर पानी का एक बर्तन रखा था. मैंने लोगों को पीने के लिए दिया. मंदिर के अंदर भी नुकसान हुआ. धमाका बहुत बड़ा था.

12:04 PM, 11 Nov 2025 (IST)

दिल्ली धमाके में अब तक 12 मौतें

पीटीआई के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को बताया कि लाल किले के पास हुए विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है. अब तक तीन मृतकों की पहचान हो पाई है. इनमें उत्तर प्रदेश के अमरोहा निवासी दो दोस्त - उर्वरक व्यापारी लोकेश अग्रवाल, अशोक कुमार और दिल्ली के श्रीनिवासपुरी निवासी अमर कटारिया (35) शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, अमरोहा निवासी ये दोनों लोग दिल्ली में एक बीमार रिश्तेदार से मिलने के बाद घर लौट रहे थे, तभी यह विस्फोट हुआ। बाकी मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है. दिल्ली के अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार, इस घटना में 20 लोग घायल हुए हैं और सभी की पहचान हो गई है.

11:52 AM, 11 Nov 2025 (IST)

घायलों से मिले दिल्ली के एलजी

दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना घायलों से मिलने के बाद लोक नायक जय प्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल से रवाना हुए. वहीं, दिल्ली-नोएडा सीमा पर बैरिकेड्स के साथ चिल्ला बॉर्डर पर वाहनों की जांच जारी है. इसके अलावा लाल किले में हुए कार विस्फोट की जांच के लिए NSG कर्मियों की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची. 10 नवंबर की शाम लगभग 7 बजे हुए इस विस्फोट में नौ लोगों की मौत हो गई थी.

11:31 AM, 11 Nov 2025 (IST)

डॉक्टर मुज़म्मिल का घर

पुलवामा, जम्मू-कश्मीर: वीडियो डॉक्टर मुज़म्मिल के घर के बाहर से है, जिसे कल फरीदाबाद में गिरफ्तार किया गया था. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने फरीदाबाद में एक जांच के दौरान 360 किलोग्राम संभावित अमोनियम नाइट्रेट, एक असॉल्ट राइफल और अन्य गोला-बारूद बरामद किया. जांच के दौरान डॉक्टर मुज़म्मिल को गिरफ्तार कर लिया गया. डॉक्टर मुज़म्मिल की मां नसीमा ने कहा कि वह लगभग चार साल पहले घर से चला गया था. वह दिल्ली में डॉक्टर के तौर पर काम कर रहा था. इस दौरान हमें उसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी. जब उसे गिरफ़्तार किया गया, तो हमें दूसरों से पता चला. हमने उससे मिलने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने हमें मिलने नहीं दिया. यहां तक कि मेरे दूसरे बेटे को भी गिरफ़्तार कर लिया गया है. वे कह रहे हैं कि मेरा बेटा दिल्ली बम धमाकों में संदिग्ध है. मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता. मैं बस यही चाहती हूँ कि मेरे दोनों बेटों को रिहा कर दिया जाए.

11:02 AM, 11 Nov 2025 (IST)

दिल्ली के स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाई गई

दिल्ली में लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद सभी प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि दिल्ली में हुए दुखद विस्फोट से गहरा दुख हुआ है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना. उन्होंने आगे कहा कि सभी प्रमुख रेलवे स्टेशन विशेष सुरक्षा व्यवस्था के साथ हाई अलर्ट पर हैं. लाल किले को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है.

मेट्रो स्टेशन और लाल किला बंद
मेट्रो स्टेशन और लाल किला बंद (ETV Bharat)

10:16 AM, 11 Nov 2025 (IST)

लाल किले के पास घटनास्थल पर रैपिड एक्शन फोर्स तैनात

लाल किले के पास घटनास्थल पर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) तैनात है, जहां कल शाम लगभग 7 बजे एक हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ था. दिल्ली पुलिस, FSL और अन्य सहित कई एजेंसियां ​​घटनास्थल पर जांच कर रही हैं. विस्फोट में नौ लोगों की मौत हो गई है.

10:14 AM, 11 Nov 2025 (IST)

गृह मंत्री अमित शाह ने बुलाई बैठक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सुबह 11 बजे गृह मंत्रालय के कर्तव्य भवन स्थित कार्यालय में एक उच्च-स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे. इस बैठक में गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो के निदेशक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी के महानिदेशक, दिल्ली पुलिस आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे. यह समीक्षा सोमवार शाम दिल्ली में हुए बम विस्फोटों के बाद हो रही है, जिसमें आठ लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हुए थे.

10:09 AM, 11 Nov 2025 (IST)

लाल किला मामले पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी

लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. सरकार ने इसे बहुत गंभीरता से लिया है और हमारी सरकार ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी. इस देश में आतंकवाद के समर्थकों के लिए कोई जगह नहीं है.मैं उन लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपनी जान गंवाई है.

10:04 AM, 11 Nov 2025 (IST)

दिल्ली पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक अलर्ट

दिल्ली में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने कई रास्तों पर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. चट्टा रेल कट से सुभाष मार्ग कट तक, नेताजी सुभाष मार्ग के दोनों कैरिजवे और सर्विस रोड पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे. यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे सुबह 6:00 बजे से अगले आदेश तक इन मार्गों से बचें और परेशानी मुक्त यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. उस दिन चट्टा रेल कट से सुभाष मार्ग कट तक और इसके विपरीत, नेताजी सुभाष मार्ग पर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी.

ट्रैफिक एडवाइजरी
ट्रैफिक एडवाइजरी (ETV Bharat)

9:45 AM, 11 Nov 2025 (IST)

दिल्ली का लाल किला मेट्रो स्टेशन बंद: DMRC

DMRC ने सुरक्षा कारणों से आज लाल किला मेट्रो स्टेशन बंद किया है. बाकी सभी स्टेशन सामान्य रूप से चालू हैं.

8:26 AM, 11 Nov 2025 (IST)

कोतवाली थाने में FIR दर्ज

कल शाम करीब 7 बजे लाल किले के पास एक हुंडई i20 कार में हुए विस्फोट में 9 लोगों की मौत हो गई. DCP उत्तरी दिल्ली, राजा बांठिया ने बताया कि अभी कोतवाली थाने के अंदर FIR दर्ज कर ली गई है. अपराध स्थल पर FSL की टीम और अन्य एजेंसियों की टीमें भी मौजूद हैं. जो भी इस जांच के लिए जरूरी साक्ष्य और निशान हैं वो जमा किए जा रहे हैं.

7:33 AM, 11 Nov 2025 (IST)

अस्पताल के बाहर मृतकों के परिजन

कल लाल किले के पास हुए विस्फोट में नौ लोगों की मौत हो गई है. मरने वालों के परिजन लोक नायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) शवगृह के बाहर मौजूद हैं. अस्पताल के बाहर पुलिस को तैनात कर दिया गया है, किसी को अंदर नहीं जाने दे रही है.

7:25 AM, 11 Nov 2025 (IST)

यह वीडियो आज सुबह लाल किले के पास उस जगह से है, जहां सोमवार शाम को एक हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ था. विस्फोट में 9 लोगों की मौत हो गई थी. FSL और सुरक्षाकर्मियों की टीम यहां मौजूद है.

7:07 AM, 11 Nov 2025 (IST)

दिल्ली ब्लास्ट मामले में दो लोग हिरासत में

लाल किला विस्फोट के मामले में कम से कम दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. सलमान और देवेंद्र नाम के इन दोनों लोगों के पास पहले वह कार थी जिसमें सोमवार को दिल्ली के चांदनी चौक में विस्फोट हुआ था. पुलिस ने सोमवार रात बताया कि आगे के सुराग जुटाने के लिए कार की बिक्री का विस्तृत इतिहास खंगाला जा रहा है. इससे पहले लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट के संबंध में कोतवाली पुलिस स्टेशन में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 16, 18 और विस्फोटक अधिनियम और BNS की विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस ने मामला दर्ज़ किया था.

Last Updated : November 11, 2025 at 3:07 PM IST