बिहार चुनाव 2025: अंतिम चरण की वोटिंग संपन्न, 14 नवंबर को प्रत्याशियों के भाग्य का खुलेगा पिटारा

Published : November 11, 2025 at 6:44 AM IST
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण का मतदान संपन्न हो गया. 20 जिलों के 122 सीटों के लिए वोट डाले गए. दूसरी और अंतिम चरण में 1,302 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे. इस चरण में तीन दलों के प्रदेश अध्यक्ष भी चुनावी मैदान में थे. इसके अलावा कई दिग्गजों के राजनीतिक भविष्य का फैसला मतदाताओं ने किया. 14 नवंबर को 243 सीटों का रिजल्ट आएगा.
LIVE FEED
अंतिम चरण की वोटिंग संपन्न, 14 नवंबर को प्रत्याशियों के भाग्य का खुलेगा पिटारा
बिहार चुनाव 2025 को लेकर दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग संपन्न हो गयी. मंगलवार की सुबह 7 बजे से लेकर शाम के 6 बजे तक वोटिंग हुई. सुबह 9 बजे तक 14.55, 11 बजे तक 31.38, एक बजे तक 47.62, 3 बजे तक 60.40 प्रतिशत और 5 बजे तक 67.14 प्रतिशत मतदान हुआ. पहले चरण में राज्य के 18 जिलों में 121 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई थी. इसबार अंतिम चरण में 20 जिलों के 122 सीटों के लिए वोटिंग हुई है.
इस बार बदलाव होगा-मीसा भारती
राजद सांसद मीसा भारती ने बिहार चुनाव पर कहा कि इस बार बदलाव होगा, क्योंकि महिलाएं चिंतित हैं. उन्हें अपने बच्चों के भविष्य की चिंता है. 20 साल से यहां रोजगार के अवसर नहीं थे. कोई कारखाने नहीं लगे. इसलिए महिलाएं बड़ी संख्या में वोट देने आ रही हैं. जब भी मतदान प्रतिशत अधिक होता है, बदलाव होता है.
Bihar Election Live Updates: शाम 5 बजे तक 67.14 प्रतिशत मतदान
बिहार चुनाव 2025 के अंतिम चरण में बंपर वोटिंग हुई. शाम 5 बजे तक 67.14 प्रतिशत मतदान हुआ. पिछली बार से अधिक मतदान हुआ है.
Bihar Assembly election 2025 LIVE: BJP ने RJD के खिलाफ चुनाव आयोग में दर्ज करायी शिकायत
भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है और कहा है कि राष्ट्रीय जनता दल अपने ऑफिशियल फेसबुक पेज से गलत प्रचार कर रही है. कहा जा रहा है कि भाजपा और लोजपा के लोग जदयू को वोट नहीं कर रहे हैं. इसके साथ ही जदयू भी अपने मतदाताओं को भाजपा को वोट करने से मना कर रही है.

Bihar chunav 2025 Voting Live: मौजूदा सरकार जा चुकी है- शकील अहमद खान
कांग्रेस विधायक दल के नेता और कटिहार जिले के कदवा विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी शकील अहमद खान ने कहा, " मौजूदा (NDA) सरकार जा चुकी है, नई सरकार बनेगी, ये सच्चाई है. पहले चरण का चुनाव आपके सामने है. पिछले बार दूसरे चरण में जिन क्षेत्रों में सीटें कम हुई थीं, वहां से हमें इस बार उम्मीद है. महागठबंधन की सीटें भी बढ़ेंगी और हमें बहुमत से ज़्यादा सीटें मिलेंगी."
Bihar chunav 2025 phase 2 polling LIVE: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने डाला वोट
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी अपने मत काम प्रयोग किया. मतदान के बाद सोशल मीडिया एक्स पर उन्होंने तस्वीर शेयर की है और लिखा है, "पहले मतदान फिर कोई और काम बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के द्वितीय चरण के मतदान में आज अपने गांव में स्थित मतदान केंद्र उत्क्रमित मध्य विद्यालय महकार में मतदान किया."
Bihar Assembly election 2025 LIVE: कोई अधिकारी आपको जाने बोले या लाइन में लगने से रोके तो उसका फोटो खींच लें या वीडियो बना लें- तेजस्वी
आरजेडी ने सोशल मीडिया एक्स पर तेजस्वी यादव का एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो के जरिए तेजस्वी यादव मतदाताओं से अपील करते दिए रहे हैं कि मतदान करने के लिए अपने-अपने बूथ के लाइन में लगे रहिए, डटे रहिए, अपना वोट डालने के लिए अड़े रहिए. जब तक वोट नहीं पड़ेगा कोई माई का लाल आपको वोट डालने से रोक नहीं सकता, बिना वोट डाले वापस जाने बोल नहीं सकता. कोई अधिकारी आपको जाने बोले या लाइन में लगने से रोके तो उसका फोटो खींच लें या वीडियो बना लें.
Bihar chunav 2025 Voting Live: 20-25 सीटें भी आरजेडी जीत जाए तो बड़ी बात- राम कृपाल यादव
दानापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार राम कृपाल यादव ने कहा, "बिहार में पहले चरण का मतदान संपन्न हो चुका है और आज दूसरे चरण का मतदान हो रहा है. पिछला चुनाव शांतिपूर्ण रहा था और आज का चुनाव भी शांतिपूर्ण रहेगा. इस बार भी रिकॉर्ड मतदान होगा. अगर वे (राजद) 20-25 सीटें भी जीत जाएं, तो बहुत होगा." दिल्ली ब्लास्ट पर उन्होंने कहा, दिल्ली की घटना दर्दनाक और दुखद है. सरकार और प्रशासन गंभीर है, और गृह मंत्री और प्रधानमंत्री ने पूरी तत्परता से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं."
Gayaji Election 2025 Live: दीघासिन बूथ पर 50 प्रतिशत से अधिक वोटिंग
गयाजी के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में इस बार माहौल बदला हुआ है, जिस स्थान पर कभी चुनाव में गोलियां बरसती थीं, जहां डीएम और एसपी को जान बचा कर भागना पड़ता था, वहां आज बिना भय के मतदाता वोटिंग कर रहे हैं. पिछले कई चुनावों बाद उत्साह देखने को मिला है. इस बार इमामगंज विधानसभा क्षेत्र के सुदूरवर्ती और हाई रिस्क जोन वाले एरिया में भी चुनाव आयोग ने बूथ बनवाया है. छकरबंधा से लेकर अर्बन सालीया और दीघासिन तक भयमुक्त होकर लोगों ने मतदान किया है. दीघासिन बूथ पर 50 प्रतिशत से अधिक वोटिंग हो चुकी है.

Bihar chunav 2025 Voting Live: 1 बजे तक 47.62 प्रतिशत मतदान
बिहार में दूसरे चरण का मतदान जारी है. कुछ बूथों पर वोट बहिष्कार के बावजूद दोपहर 1 बजे तक 47.62 प्रतिशत मतदान हुआ है. किशनगंज में सबसे ज्यादा वोटिंग हुई है. वहीं मधुबनी पीछे चल रहा है. 47.62 प्रतिशत मतदान से साफ है कि वोटिंग जमकर हो रही है. अररिया में 46.87%, अरवल में 47.11%, औरंगाबाद में 49.45%, बांका में 50.07%, भागलपुर में 45.09%, गया में 50.95%, जहानाबाद में 46.07%, जमुई में 50.91%, कैमूर में 49.89%, कटिहार में 48.50%, किशनगंज में 51.86%, मधुबनी में 43.39%, नवादा में 43.45%, पश्चिम चंपारण में 48.91%, पूर्णिया में 49.63%, पूर्वी चंपारण में 48.01%, रोहतास में 45.19%, शिवहर में 48.23%, सीतामढ़ी में 45.28%, सुपौल में 48.22% मतदान हुआ है.
Madhubani Election 2025 Live: BJP उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने डाला वोट
मधुबनी में लोक गायिका और अलीनगर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने मतदान किया. उन्होंने कहा कि मैंने मतदान कर लिया है. मैं अपने क्षेत्र के विकास के लिए वोट डालती हूं. मैं चाहती हूं कि देश हित में जो काम हो उसमें मैं अपना योगदान दे सकूं. उम्मीद से ज्यादा मुझे लोगों का प्यार और आशीर्वाद मिला. 14 तारीख को जो भी होगा वो हम सभी के लिए मान्य होगा."
Bihar chunav 2025 Voting Live: 'महुआ हमारे नाम से जाना जाता है'- तेजप्रताप यादव
जनशक्ति जनता दल प्रमुख और महुआ सीट से उम्मीदवार तेजप्रताप यादव ने दूसरे चरण पर कहा, "वोटिंग हो रही है. अपने तरीके से लोग मतदान कर रहे हैं. महिलाओं की संख्या बढ़ी है और महिलाएं बढ़-चढ़कर इसमें हिस्सा ले रही हैं, बदलाव होगा. महुआ हमारे नाम से जाना जाता है और किसी के नाम से नहीं."
Bihar Assembly Election 2025 LIVE : भाजपा उम्मीदवार सुनील कुमार पिंटू ने मतदाताओं से की वोट करने की अपील
आखिरी चरण के मतदान पर सीतामढ़ी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सुनील कुमार पिंटू ने कहा, "हमारा लोकतंत्र संदेश देता है कि जनता अपने एक वोट से अपना, अपने बच्चों का और राज्य व देश का भविष्य तय करती है. मैं सभी से अपील करता हूं कि घरों से निकलें, मतदान करें और अपना व अपने बच्चों का भविष्य तय करें."
Bihar chunav 2025 Voting Live: 'बिहार चुनाव का जब परिणाम आएगा तो कमल ही कमल खिला मिलेगा'
बिहार चुनाव पर भाजपा नेता अपर्णा बिष्ट यादव ने कहा कि पीएम मोदी ने जिस तहत बिहार में चुनाव प्रचार को लीड किया है और आपने देखा होगा कि 50 साल पहले बिहार की स्थिति क्या थी जब से NDA की सरकार आई है जो चीजें 50 साल पहले बिहार में हो जानी चाहिए थी वो अब हो रही है. जब विपक्ष किसी प्रकार का आरोप नहीं लगा पाई तो अब इन्होंने वोट चोरी का आरोप लगा दिया. मैं तो कहना चाहती हूं कि इनके जो पूर्वज थे जो राजनीति में बड़े धुरंधर थे तो उन्होंने कितनी वोट चोरी की है ये पूरा देश देख रहा है. बिहार चुनाव का जब परिणाम आएगा तो कमल ही कमल खिला मिलेगा.
Araria Election 2025 Live: कांग्रेस और बीजेपी समर्थकों के बीच झड़प
अररिया में दूसरे फेज के तहत अररिया में वोट डाले जा रहे हैं. इस बीच फारबिसगंज में जमकर बवाल हुआ है. फारबिसगंज कॉलेज चौक के पास कांग्रेस और बीजेपी समर्थकों के बीच झड़प हुई है. मौके पर पुलिस-प्रशासन ने पहुंचकर हालात को संभाल लिया है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. जानकारी के अनुसार बीजेपी उम्मीदवार विद्या सागर केसरी मतदान केंद्र का जायजा लेने पहुंचे थे, लेकिन उनकी गाड़ी पर पार्टी का झंडा लगा था. जिस पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने आपत्ति दर्ज की. बीजेपी कैंडिडेट ने भी कांग्रेस उम्मीदवार मनोज विश्वास की गाड़ी पर लगे झंडे पर ऐतराज जताया. इसी को लेकर दोनों के समर्थक आपस में भिड़ गए.

Bihar Assembly election 2025 LIVE: बिहार को चाहिए ट्रिपल R- तेजस्वी यादव
नेता प्रतिपक्ष ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए मतदाताओं से बड़ी अपील की है. उन्होंने कहा कि बिहार को अब ट्रिपल आर चाहिए. अपने पोस्ट में तेजस्वी लिखा है, बिहार को अब रिजल्ट चाहिए, रिस्पेक्ट चाहिए और RISE चाहिए. सबसे पहले हृदय से आपको धन्यवाद देता हूं कि आपने प्रथम चरण में रिकॉर्ड तोड़ मतदान किया और पूरे देश को ये संदेश दिया कि अब भाषण और जुमले नहीं चलेंगे, अब परिवर्तन का शंखनाद हो चुका है और बिहार सिर्फ़ परिणाम चाहता है. विपक्षियों की हर चाल आप लोगों ने नाकाम की. हमेशा की तरह उन्होंने बिन बात के मुद्दों में आपको उलझाने का प्रयास किया लेकिन आपने संयमित, संगठित और सारगर्भित ढंग से जिस तरह पढ़ाई, कमाई, दवाई, सिंचाई और सुनवाई वाली तेजस्वी सरकार को चुना उसके लिए मैं आजीवन आपका कृतज्ञ रहूंगा.
Bihar Election 2025 Phase 2 Voting : NDA के पक्ष में हो रहा मतदान- अश्विनी कुमार
भाजपा नेता अश्विनी कुमार चौबे ने कहा, "बिहार के तमाम लोगों से मैं अपील करना चाहता हूं कि ये लोकतंत्र का महान पर्व है इस महान पर्व को बड़ी खुशहाली से मनाए. सुबह से लोग कतार में लगे हुए हैं. मुझे लग रहा है कि NDA के पक्ष में मतदान हो रहा है. सभी लोग मतदान विकास के नाम पर, विकसित बिहार बनाने के नाम पर कर रहे हैं, NDA की सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा पीएम मोदी के मार्गदर्शन में और उनके हाथ को मजबूत करने के लिए लोग वोट कर रहे हैं. 2010 के बाद 180 से ज्यादा हमारा रुझान बन रहा जो कि 200 तक जाएगा.
Bihar Election 2025 Phase 2 Voting : उम्मीद है कि शांतिपूर्ण मतदान होगा - बिहार डीजीपी
बिहार डीजीपी विनय कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 पर कहा, "जो तैयारी थी वो हमारी तैयारी ग्राउंड पर दिख रही है. सभी जगह पुलिस की निगरानी है. जंगल क्षेत्र में CRPF और STF लगातार जांच कर रहे हैं. अपेक्षा है कि शांतिपूर्ण मतदान होगा और मतदाता भय मुक्त होकर शांति से मतदान कर पाएंगे."
Nautan Assembly Seat 2025 Live : नौतन में नाव से बूथ पर पहुंचे वोटर्स, महिलाओं-बुजुर्गों का जोश हाई
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में दूसरे चरण का मतदान हो रहा है. नौतन विधानसभा के बैरिया प्रखंड के सिंघईपु घाट के पास लोग अपना वोट डालने नाव से नदी पार करके आ रहे हैं. महिलाएं चढ़कर मतदान कर रही हैं.

GayaJi Assembly Seat 2025 Live : गयाजी में 3 गिरफ्तार, वोटरों को धमकाने का आरोप
गयाजी सिंधुगढ़ थाना क्षेत्र के बंदा गांव में वोटरों को धमकाने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार ने इस बात की पुष्टि की है.

Bihar Election 2025 Phase 2 Voting : 'आज 65% से ज्यादा लोग मतदान करेंगे'
सासाराम में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने दूसरे चरण के मतदान पर कहा, "बिहार के मतदाताओं ने प्रथम चरण में दिखाया है कि आजादी के बाद सबसे ज्यादा मतदान हुआ. आज चुनाव आयोग का जो आंकड़ा आया है उसके अनुसार प्रथम चरण से भी ज्यादा मतदान हो रहा है. मुझे विश्वास है कि आज 65% से ज्यादा लोग मतदान करेंगे और नया रिकॉर्ड बनेगा.
Bihar Election 2025 Phase 2 Voting : वोटिंग के बीच सीएम नीतीश कुमार एक्टिव, JDU कार्यालय पहुंचे
बिहार में दूसरे चरण की वोटिंग के बीच राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ा गई है. सीएम नीतीश कुमार एक्टिव दिख रहे हैं. नीतीश कुमार सबसे पहले मंत्री विजय चौधरी के घर पहुंचे. इसके बाद JDU कार्यालय पहुंचे.
Bihar Election 2025 Phase 2 Voting : शांतिपूर्ण, सौहार्द से मतदान करें - राजेश राम
औरंगाबाद में बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ई-रिक्शा से मतदान करने पहुंचे. कुटुम्बा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार राजेश राम ने कहा, "देश की अर्थव्यस्था डीजल और पेट्रोल पर निर्भर है. डीजल और पेट्रोल जब महंगा हो रहा है तो देश की अर्थव्यवस्था चरमरा रही है. छोटी दूरी को ई-रिक्शा से तय करना चाहिए जिससे पर्यावरण भी ठीक रहता है और अर्थव्यवस्था भी ठीक रहती है. मैं लोगों से अपील करूंगा कि शांतिपूर्ण, सौहार्द से मतदान करें. लोकतंत्र का यह महापर्व है, जिसका आनंद लेते हुए अपनी सरकार चुनें."
BodhGaya Assembly Seat 2025 Live : बौद्ध भिक्षुओं ने किया मतदान
बोधगया विधानसभा सीट पर बौद्ध भिक्षुओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है.

Bettiah Assembly Seat 2025 Live : बेतिया विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार रेनू देवी ने किया मतदान
बिहार चुनाव के दूसरे चरण के मतदान पर बेतिया विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रेनू देवी ने कहा, "बिहार और बेतिया के विकास के लिए बेतिया की जनता से मेरी अपील है कि आप विकासशील लोगों को वोट दें. यहां 20 वर्षों से विकास चल रहा है. यहां जंगल राज नहीं मंगलराज चाहिए."
Banka Assembly Seat 2025 Live : बांका के धोरैया में वोट बहिष्कार
बांका जिले के धोरैया विधानसभा क्षेत्र के ओड़हरा पंचायत स्थित बूथ संख्या 179 और 180 पर मंगलवार को ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया. सुबह 10 बजे तक यहां मात्र 10 मतदाताओं ने ही वोट डाला था. ग्रामीणों ने पंचायत भवन निर्माण और सड़क मरम्मत कार्य में अनदेखी का आरोप लगाते हुए मतदान न करने का फैसला लिया है.

Bihar chunav 2025 Voting Live : मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह - उपेंद्र कुशवाहा
राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, "इतनी अच्छी खबर है. चारों तरफ से केवल NDA ही दिख रहा है. मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह है. महिला मतदाता पूरे तौर पर उत्साहित होकर मतदान कर रही है. रुझान के आधार पर अपेक्षा से कई गुना ज्यादा NDA के पक्ष में परिणाम आने वाला है."
Valmikinagar Assembly Seat 2025 Live : बगहा के थारू बहुल इलाकों में मतदान
बगहा के थारू बहुल इलाकों में मतदान को लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. सुबह से ही ग्रामीण क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की लंबी कतारें नजर आ रही हैं. लोग पूरे उत्साह के साथ लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं.

Bihar chunav 2025 Voting Live : राजेश वर्मा ने किया मतदान
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में LJP रामविलास सांसद राजेश वर्मा ने अपने परिवार के साथ दुर्गा चरण हाई स्कूल मतदान केंद्र पर वोट किया.
Bihar chunav 2025 Voting Live : बड़ी संख्या में लोग निकल रहे हैं - संजय झा
JDU सांसद संजय झा ने दूसरे और आखिरी चरण के मतदान पर कहा, "आज अंतिम चरण का चुनाव है. लोग देख रहे हैं कि मतदाताओं में कितना उत्साह है. वोट डालने के लिए, जो सबसे अच्छी बात है. बिहार में सुशासन, शांति और विकास के लिए बड़ी संख्या में लोग निकल रहे हैं. यह बहुत सकारात्मक संकेत है. प्रथम चरण में हमें लग रहा है कि बहुत बड़े मार्जिन से हमारे पक्ष में वोट पड़े हैं."
BodhGaya Assembly Seat 2025 Live : बोधगया से प्रत्याशी कुमार सर्वजीत ने किया मतदान
बोधगया विधानसभा क्षेत्र से राजद उम्मीदवार कुमार सर्वजीत ने द्वितीय चरण के मतदान ते तहत अपने परिवार के साथ मतदान किया. कुमार सर्वजीत ने कहा, "लोकतंत्र के इस महापर्व में मैं बिहार की उन तमाम जिलों की जनता, अपनी विधानसभा के नौजवान साथियों, माता-बहनों और सभी जाति-धर्मों से अपील करता हूं. इस देश में इससे बड़ा कोई पर्व हो नहीं सकता है. यह एक ऐसा पर्व है जो व्यक्ति के जीवन को बदलता है. इसलिए मेरी सभी से अपील है कि घरों से निकलें और महापर्व के मंदिरों पर पहुंचकर मतदान करें."
Bihar chunav 2025 Voting Live : पप्पू यादव के आरोपों पर चुनाव आयोग का जवाब
जन अधिकार पार्टी के प्रमुख पप्पू यादव ने दावा किया था कि कुछ मतदान केंद्रों पर लाठीचार्ज हुआ है. इस पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अमित कुमार पांडे ने कहा कि ऐसी कोई घटना की आधिकारिक सूचना आयोग को नहीं मिली है.
दिल्ली विस्फोट की घटना पर RJD सांसद मनोज कुमार झा ने कहा, "बेहद दुखद है। जिस इलाके में घटना हुई वो अत्यंत घनी आबादी वाला इलाका है. मैं बार-बार कह रहा हूं कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर देश अलग नहीं सोचता है. सब सोचते हैं कि एक भी जान ना जाए. हाथ जोड़ कर विनती करेंगे कि राष्ट्रीय सुरक्षा को घरेलू राजनीति में लेकर मत आइए. पुख्ता कार्रवाई करिए जो भी दोषी है वो दंडित हों ऐसा की एक नजीर बने. 24X7 हमारी मैकेनिज्म होनी चाहिए. पहले पुलवामा, पहलगाम अटैक हुए. यह निरंतरता देश को असहज लग रहे हैं.
Kishanganj Assembly Seat 2025 Live : दिलीप जायसवाल ने मंदिर में की पूजा-अर्चना, बोले- 'बहुत अच्छा माहौल'
बिहार चुनाव में दूसरे चरण का मतदान जारी है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मंदिर में पूजा-अर्चना की. जायसवाल ने कहा, "आज अंतिम चरण का मतदान हो रहा है. सुबह से करीब-करीब NDA के सभी उम्मीदवारों से बात करने का मौका मिला. चारों तरफ बहुत अच्छा माहौल है. सभी बूथों पर लंबी लाइन लग गई है. मैं मतदाताओं से अपील करूंगा कि अपना मतदान अवश्य करें."
Katihar Assembly Seat 2025 Live : कटिहार में तारकिशोर प्रसाद ने किया मतदान
कटिहार में पूर्व उपमुख्यमंत्री और कटिहार से भाजपा उम्मीदवार तारकिशोर प्रसाद ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के तहत मतदान किया. तारकिशोर प्रसाद ने कहा, "बिहार विधानसभा के इस दूसरे चरण के मतदान में हमारा कटिहार विधानसभा क्षेत्र शामिल है. 2005 से लेकर लगातार कटिहार के मतदाताओं ने मुझे कटिहार विधानसभा क्षेत्र की सेवा करने का अवसर दिया. हमारी डबल इंजन की सरकार राज्य और देश के लिए विकास कर रही है और जिस तरह से केंद्र सरकार की योजनाओं को कटिहार में उतारा गया है, निश्चित तौर पर कटिहार के मतदाताओं में इसका असर देखने को मिला है."
Bettiah Assembly Seat 2025 Live : निर्दलीय प्रत्याशी रोहित कुमार सिकारिया, बेतिया मेयर ने डाला वोट
बेतिया विधानसभा सीट पूरी तरह से हॉट सीट बन गया है. दूसरे चरण का मतदान चल रहा है. बेतिया से निर्दलीय प्रत्याशी रोहित सिकारिया ने और उनकी पत्नी बेतिया की मेयर गरिमा देवी सिकारिया ने मतदान कर दिया है. उनका कहना है कि मुझे जनता का आशीर्वाद प्राप्त है. मुझे किसी भी पार्टी की सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है. मुझे जनता सर्टिफिकेट देगी और मैं जनता के आशीर्वाद से यह चुनाव लड़ रहा हूं. वहीं बेतिया की मेयर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि जिस तरह से बेतिया के लोगों ने मुझे भारी मतों से मेयर बनाया, वही प्यार और स्नेह मेरे पति रोहित सिकारिया को भी बेतिया की जनता देगी और इस बार हम चुनाव जरूर जीतेंगे.

Gaya Assembly Seat 2025 Live : गया के 15 बूथों पर ईवीएम मशीन खराब
गया जिले के विभिन्न 15 बूथों पर ईवीएम मशीन खराब होने की सूचना के बाद उन सभी जगहों पर ईवीएम बदली गई है. जिला पदाधिकारी गयाजी शशांक शुभंकर ने कहा लगभग 15 ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी आई थी, उन सभी मशीनों को बदल दिया गया है. शांतिपूर्ण ढंग से वोटिंग हो रही है. लोग बेफिक्र हो कर मतदान करें. गयाजी टाउन विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी धीरेन्द्र अग्रवाल ने गया कॉलेज में बने आदर्श बूथ पर वोटिंग की है, उन्होंने अपनी जीत का दावा किया और कहा कि विकास के मुद्दे और साफ छवि पर लोगों का उन पर भरोसा हुआ है.

Bihar chunav 2025 Voting Live : खूब वोट दें और NDA के पक्ष में वोट दें - मांझी
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान पर कहा कि "लोगों से मेरी दिल से अपील है जिस प्रकार से आप लोगों ने 6 तारीख को मतदान किया, आज उससे भी ज्यादा मतदान करें. NDA के पक्ष में मतदान करें. आज सड़कें अच्छी बन गई हैं, बिजली 24 घंटे आ रही है. अस्पताल में दवाइयां हैं, नहीं तो पहले जानवर बैठते थे. इससे अ्च्छी सरकार नहीं हो सकती है. हम जनता से अपील करते हैं कि खूब वोट दें और NDA के पक्ष में वोट दें."
Bihar chunav 2025 Voting Live : लोकतंत्र में हिस्सा लें - संतोष कुमार सुमन
हम (सेक्युलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान पर कहा, "हम यही अपील करेंगे कि लोकतंत्र में हिस्सा लें और ऐसी सरकार चुने जो आपका विकास कर सके, आपको शांति दे और बिहार को आगे बढ़ाए. प्रथम चरण के चुनाव के तहत रिकॉर्ड तोड़ मतदान हुआ और इस बार भी उसी तरह का मतदान हो. सरकार ने जो काम किए हैं उसका असर दिखाई दे रहा है."
-
#WATCH | गयाजी, बिहार: HAM(सेक्युलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान पर कहा, "हम यही अपील करेंगे कि लोकतंत्र में हिस्सा लें और ऐसी सरकार चुने जो आपका विकास कर सके, आपको शांति दे और बिहार को आगे… pic.twitter.com/QH45jCGvqP
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 11, 2025
Bihar chunav 2025 Voting Live : बिहार में परिवर्तन की लहर है- RJD
आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान पर कहा, "बिहार में दूसरे चरण का मतदान आज हो रहा है. जिस तरह से प्रथम चरण के मतदान में बिहार की जनता ने बढ़-चढ़कर मतदान किया, दूसरे चरण में भी जनता के बीच वही उत्साह देखा जा रहा है. जो बिहार में बदलाव और बिहार का भविष्य बनाने के लिए मतदान करने निकले हैं उन्हें हम सलाम करते हैं. बिहार में परिवर्तन की लहर है. दूसरे चरण के मतदान में भी अपार जनसमर्थन तेजस्वी यादव और महागठबंधन की सरकार को मिलने जा रहा है."
-
#WATCH | पटना: राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान पर कहा, "बिहार में दूसरे चरण का मतदान आज हो रहा है। जिस तरह से प्रथम चरण के मतदान में बिहार की जनता ने बढ़-चढ़कर मतदान किया, दूसरे चरण में भी जनता के बीच वही उत्साह देखा जा रहा है। जो… pic.twitter.com/o8zjifv3U7
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 11, 2025
Narkatiyaganj Assembly Seat 2025 Live : केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने मतदान किया
नरकटियागंज में केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने बिहार चुनाव के दूसरे चरण के तहत मतदान किया. केंद्रीय मंत्री कहा, "NDA गठबंधन को वोट डल रहे हैं. 100% NDA और डबल इंजन की सरकार स्थापित होने जा रही है. हम सभी लोगों से आग्रह करेंगे कि अपने बच्चों के भविष्य के लिए, अपने देश व प्रदेश के भविष्य के लिए अपना-अपना मत NDA के पक्ष में दें." उन्होंने आगे कहा, "विपक्ष के पास आरोप लगाने के अलावा कोई मुद्दा नहीं है."
-
#WATCH | नरकटियागंज, पश्चिम चंपारण: केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने #BiharElection2025 के दूसरे चरण के तहत मतदान किया। pic.twitter.com/qWdYGc6ja5
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 11, 2025
Atri Assembly Seat 2025 Live : गयाजी में हम समर्थकों पर हमला- मांझी
बिहार के गयाजी में अतरी विधानसभा से हम समर्थकों का आरोप है कि उनपर गोली चलाई गई है. साथ ही वोट देने से रोकने का भी आरोप लगाया है. घायल समर्थकों से मिलने हम के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना.
Bhagalpur Assembly Seat 2025 Live: 'मताधिकार का प्रयोग करें'- भागलपुर प्रशासन
भागलपुर जिले में कुल 22 लाख 30 हजार 208 मतदाता हैं. सुबह से ही वोटर्स अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. सुरक्षा को लेकर भागलपुर पूर्वी क्षेत्र के आईजी विवेक कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार और सिटी डीएसपी अजय चौधरी लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भिक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें. कहलगांव विधानसभा में सुबह से ही अलग-अलग मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ देखी जा रही है.

Dehri Assembly Seat 2025 Live: सासाराम में पिंक बूथ पर महिलाओं की लंबी कतार
सासाराम के डेहरी विधानसभा के रामारानी गर्ल्स हाई स्कूल के पिंक बूथ पर महिलाओं की लंबी कतार देखी जा रही है. फर्स्ट टाइम वोटर्स में भी गजब का उत्साह है. इस बूथ पर दिव्यांग वोटरों को व्हीलचेयर ना मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ा. ऐसे में रोहतास पुलिस ने एक दिव्यांग को गोद में उठा कर मतदान केंद्र तक पहुंचाया और फिर मतदान करने के बाद बूथ से बाहर तक पहुंचाया.

Bhabua Election 2025 Live: कैमूर में मॉडल और पिंक बूथ आकर्षक का केंद्र
लोकतंत्र के महापर्व को मनाने में बढ़ चढ़ कर जिलेवासी भाग ले रहे है. भभुआ संजय शहीद महिला कॉलेज में चार मतदान केंद्र बनाए गए है. जिसमे दो मॉडल बूथ और दो पिंक बूथ बनाए गए है. मॉडल बूथ पर मतदाताओं के लिए सेल्फी पॉइंट बनाए गए है. मतदान करने के बाद मतदाता अपना सेल्फी ले रहे है. वहीं महिलाओं के लिए पिंक बूथ बनाए गए है. जो आकषर्क का केंद्र बने हुए है. जिले में मॉडल बूथ आठ बने है.
Sitamarhi Election 2025 Live: बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने की वोटिंग
सुपौल में बीजेपी नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने बिहार चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के तहत वोट डाला. सैयद शाहनवाज हुसैन ने दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट की घटना पर कहा, "दिल्ली में लाल किला के सामने जो विस्फोट हुआ वह बहुत दुखद है. जो लोग इसमें शामिल है वो बख्शे नहीं जाएंगे. वहां की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं की जांच कर रही है. गृह मंत्री ने घटनास्थल का दौरा किया है और इस संबंध में बैठक भी की जा रही है. इस बात की भी कोशिश की जा रही है कि इसके पीछे की वजह पता की जाए. सभी एजेंसियां जांच कर रही है. जब तक कोई रिपोर्ट ना आए तब तक विपक्ष के लोगों को कोई बयानबाजी बंद करनी चाहिए."
-
#WATCH | सुपौल, बिहार: भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने #BiharElection2025 के दूसरे चरण के मतदान के तहत वोट डाला। pic.twitter.com/2t2ZhL6Ncq
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 11, 2025
Bihar chunav 2025 Voting Live : कई बूथों पर मतदाताओं पर लाठी चार्ज- पप्पू यादव
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, "कई बूथों पर मतदाताओं पर लाठी चार्ज किया जा रहा है. कई बूथों पर मशीन खराब है. लोकतंत्र में ये गलत है. सीमांचल, कोसी जिसके साथ खड़ा रहता है सरकार उसकी बनती है."
-
#WATCH पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, "कई बूथों पर मतदाताओं पर लाठी चार्ज किया जा रहा है। कई बूथों पर मशीन खराब है। लोकतंत्र में ये गलत है... सीमांचल कोसी जिसके साथ खड़ा रहता है सरकार उसकी बनती है।" https://t.co/uZ8GvYlA8S pic.twitter.com/MCNoxg80uX
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 11, 2025
Bihar chunav 2025 Voting Live: 'मैं 50,000 वोटों के अंतर से जीतूंगा' हरसिद्धि सीट से BJP उम्मीदवार कृष्णनंदन पासवान का दावा
बिहार सरकार में मंत्री और मोतिहारी के हरसिद्धि सीट से भाजपा उम्मीदवार कृष्णनंदन पासवान ने दूसरे चरण के तहत मतदान किया. उन्होंने कहा कि मैंने मतदान से पहले देवताओं को प्रणाम किया. यह एक मशीन है, इसलिए कभी-कभी तकनीकी समस्या हो सकती है, लेकिन ज़्यादा देरी नहीं हुई. हरसिद्धि के मतदाता मुझे अपना आशीर्वाद दे रहे हैं, इसलिए मैं कह सकता हूं कि मैं 50,000 वोटों के अंतर से जीतूंगा. NDA एक बार फिर बिहार में भारी बहुमत से सरकार बनाएगा.
-
#WATCH | मोतिहारी: बिहार सरकार में मंत्री और हरसिद्धि सीट से भाजपा उम्मीदवार कृष्णनंदन पासवान ने #BiharElection2025 के दूसरे चरण के तहत मतदान किया। pic.twitter.com/eNH9Vr8oCs
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 11, 2025
Bihar chunav 2025 phase 2 polling LIVE : PM मोदी ने युवाओं से की ये अपील
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है, बिहार विधानसभा चुनावों में आज दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग है. सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे इसमें बढ़-चढ़कर भागीदार बनें और मतदान का नया रिकॉर्ड बनाएं. पहली बार वोट देने जा रहे राज्य के अपने नौजवान साथियों से मेरा विशेष आग्रह है कि वे खुद तो मतदान करें ही, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें.
-
बिहार विधानसभा चुनावों में आज दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे इसमें बढ़-चढ़कर भागीदार बनें और मतदान का नया रिकॉर्ड बनाएं। पहली बार वोट देने जा रहे राज्य के अपने नौजवान साथियों से मेरा विशेष आग्रह है कि वे खुद तो मतदान करें ही, दूसरों को भी…
— Narendra Modi (@narendramodi) November 11, 2025
Motihari Election 2025 Live: मोतिहारी के एक मतदान केंद्र के बाहर मतदाताओं की लंबी लाइन
पूर्वी चंपारण जिले के 12 सीटों पर भी मतदान जारी है. मोतिहारी के एक मतदान केंद्र के बाहर भी मतदाताओं की कतार नजर आ रही है. पूर्वी चंपारण के जिन 12 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें रक्सौल, सुगौली, नरकटिया, हरसिद्धि, गोबिन्दगंज, केसरिया, कल्याणपुर, पीपरा, मोतिहारी, मधुबन, चिरैया और ढाका शामिल है.
-
#WATCH | मोतिहारी, पूर्वी चंपारण: #BiharElection2025 के दूसरे चरण का मतदान शुरू हुआ। वीडियो मोतिहारी के एक मतदान केंद्र के बाहर से है। pic.twitter.com/TQnZprNfL5
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 11, 2025
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा, बिहार के लोगों से अपील करेंगे कि जो पिछले चरण में रिकॉर्ड मतदान हुआ है उसको आज ब्रेक करिए. बिहार में बदलाव के लिए वोट करें अपने बच्चों के शिक्षा और रोजगार के लिए वोट करें. जैसे पहले चरण में लोगों ने वोट किया है उससे भी ज्यादा बढ़-चढ़कर वोट करिए. दिल्ली ब्लास्ट पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव के समय में इस तरह की बातें यदा कदा होती रहती है. उससे बिहार के लोगों को विचलित होने की जरूरत नहीं है. बिहार का चुनाव है बिहार के मुद्दे पर वोट होना चाहिए. सुरक्षा के लिए बिहार और देश के लोगों ने संसद में लोगों को भेजा है. पक्ष-विपक्ष वहां है. राष्ट्रीय सुरक्षा देश का मामला है. सब लोग सरकार के साथ खड़े हैं. उचित कार्रवाई सरकार करेगी.
हाई अलर्ट के बीच बिहार में अंतिम चरण का मतदान जारी, दिल्ली धमाके के बाद बढ़ी चौकसी
दिल्ली में हुए भीषण धमाके के बाद चुनाव के मद्देनजर बिहार में हाई अलर्ट है. चुनाव होने की वजह से हालांकि बिहार पहले से ही अलर्ट मोड पर है. बिहार के डीजीपी ने मतदाताओं से अपील की है कि सभी लोग निर्भिक होकर मतदान करें. बिहार में एयरपोर्ट से लेकर रेलवे स्टेशन तक में चौकसी बढ़ा दी गई है. गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है.

'मैं जीत रही हूं'.. काराकाट से निर्दलीय उम्मीदवार ज्योति सिंह का दावा
काराकाट से निर्दलीय उम्मीदवार ज्योति सिंह ने कहा कि जनता से मैं बस इतना ही कहूंगी बहुत जगहों पर मैं नहीं पहुंच पाई उसके लिए मैं माफी मांगती हूं. आगे भी मुझे एक सेवा का मौका दें. बस एक मौका चाहती हूं. जनता का जिस हिसाब से प्यार मिला और जिस तरह से समर्थन मैंने देखा उस हिसाब से लोगों ने पहले ही अंदाजा लगा लिया है कि मैं जीत रही हूं. लोग भी आकर बोल रहे हैं. परिणाम 14 नवंबर को पता चलेगा.
-
#WATCH रोहतास, बिहार: काराकाट से निर्दलीय उम्मीदवार ज्योति सिंह ने कहा, "जनता से मैं बस इतना ही कहूंगी बहुत जगहों पर मैं नहीं पहुंच पाई उसके लिए मैं माफी मांगती हूं। आगे भी मुझे एक सेवा का मौका दें। बस एक मौका चाहती हूं। जनता का जिस हिसाब से प्यार मिला और जिस तरह से समर्थन मैंने… pic.twitter.com/8uqw1v9YTI
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 11, 2025
एनडीए प्रत्याशी श्रेयसी सिंह ने जमुई में किया मतदान
जमुई विधायक सह भाजपा नेता श्रेयसी सिंह ने अपना मतदान किया. श्रेयसी सिंह जमुई विधानसभा सेएनडीए प्रत्यासी हैं.

किशनगंज में कई बूथों पर ईवीएम गड़बड़
किशनगंज में कई बूथों पर ईवीएम खराब है. खगड़ा मध्य विद्यालय बूथ नंबर 29 व 31 में भी ईवीएम खराब है. इससे पहले बूथ नंबर 325 आधा घंटा से ईवीएम खराब की सूचना आयी है.
गया एसएसपी आनंद कुमार ने किया मतदान
गया जी में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है. आदर्श बूथ गया कॉलेज में पहुंच कर जिला के वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार ने भी अपना मतदान किया. सुबह सात बजे से लेकर 7:30 तक बूथों पर भीड़ या लंबी कतार नहीं पहुंची है.

भागलपुर में दो बूथ पर देर से मतदान शुरू
भागलपुर जिले के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के मध्य विद्यालय चकगरैया के स्थित बूथ नंबर 125 एवंम 126 पर लगभग 15 मिनट विलंब से मतदान शुरू हुआ. इस कारण मतदाता कतार में खड़े रहें.
किशनगंज में ईवीएम खराब
बिहार चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग हो रही है. इसी बीच किशनगंज में ईवीएम खराब होने की सूचना मिली है. जिले के बूथ नंबर 325 आधा घंटा से ईवीएम खराब है. इस कारण मतदाताओं की लंबी कतार लगी है.
दूसरे चरण में 75% से ऊपर मतदान अवश्य करें- संजय जायसवाल
भाजपा नेता संजय जायसवाल ने कहा, सभी से अनुरोध है कि दूसरे चरण में 75% से ऊपर मतदान अवश्य करें. आपका मतदान बिहार के गरीबों को मुफ्त अनाज देता है. मुफ्त इलाज की व्यवस्था देता है. मुफ्त बिजली की व्यवस्था देता है. प्रत्येक महिला के खाते में 10 हजार जाते हैं. सभी से अनुरोध है कि मतदान अवश्य कीजिए.
-
#WATCH बेतिया, बिहार: भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने बिहार के बेतिया में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। https://t.co/wy9JyNXf16 pic.twitter.com/dSNcsyWGL6
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 11, 2025
संजय जायसवाल ने सबसे पहले पूरे परिवार के साथ डाला वोट
बेतिया विधानसभा के बूथ संख्या 73 में बेतिया बीजेपी सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने सबसे पहले मतदान किया. साथ ही मतदाताओं से वोट देने की अपील की है. संजय जायसवाल ने कहा कि सभी लोग घर से निकले और अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें.

'2005 से पहले और बाद की स्थिति का मूल्यांकन करके वोट दें'- श्रवण कुमार
बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने भी मतदाताओं से लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है. उन्होंने कहा, मैं मतदाताओं से अपील करता हूं कि 2005 से पहले और बाद की स्थिति का मूल्यांकन करके वोट दें. अपने बच्चों का भविष्य के निर्माण के लिए NDA को जिताएं.
-
#WATCH पटना, बिहार | #BiharElection2025 | बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा, "मैं मतदाताओं से अपील करता हूँ कि 2005 से पहले और बाद की स्थिति का मूल्यांकन करके वोट दें। अपने बच्चों का भविष्य के निर्माण के लिए NDA को जिताएं..." pic.twitter.com/EgIsNH5JWm
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 11, 2025
'नीतीश कुमार पर भरोसा करें और उनको ताकत दीजिए'- अशोक चौधरी
बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि मतदाता हमारे पक्ष में ज्यादा से ज्यादा मतदान करें और बिहार के विकास को ताकत दें..पहले चरण के चुनाव में ही हमने INDI गठबंधन को बहुत पीछे छोड़ दिया है. दूसरे चरण में और अच्छी स्थिति होगी. डबल इंजन की सरकार पर भरोसा बनाएं रखें.
-
#WATCH पटना, बिहार | #BiharElection2025 | बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा, "मतदाता हमारे पक्ष में ज्यादा से ज्यादा मतदान करें और बिहार के विकास को ताकत दें... पहले चरण के चुनाव में ही हमने INDI गठबंधन को बहुत पीछे छोड़ दिया है। दूसरे चरण में और अच्छी स्थिति होगी।" pic.twitter.com/6bdThFF7gL
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 11, 2025
बिहार में दूसरे चरण का मतदान शुरू, 122 सीटों पर मतदाता डाल रहे वोट, सीएम नीतीश की अपील
दूसरे चरण के मतदान को लेकर सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए अपील करते हुए कहा, लोकतंत्र में मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, दायित्व भी है. आज बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान हो रहा है, सभी मतदाताओं से आग्रह है कि अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें. मतदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें. पहले मतदान, फिर जलपान. बता दें कि इस चरण में 1 करोड़ 95 लाख से अधिक पुरुष मतदाता और 1 करोड़ 74 लाख से अधिक महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर कर रहे हैं. जिन 122 सीटों पर वोटिंग होगी, उनमें 101 सामान्य सीटें हैं, जबकि 19 अनुसूचित जाति और 2 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटें हैं.
-
लोकतंत्र में मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, दायित्व भी है।
— Nitish Kumar (@NitishKumar) November 11, 2025
आज बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान हो रहा है — सभी मतदाताओं से आग्रह है कि अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।
मतदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।
पहले मतदान, फिर जलपान!
दूसरे चरण के मतदान को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
बिहार में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दूसरे चरण का मतदान शुरू हो चुका है. 20 जिलों के 122 सीटों के लिए मतदाता वोट डाल रहे हैं. पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी और तारकिशोर प्रसाद, कांग्रेस नेता अजीत शर्मा सहित अन्य उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत आज ईवीएम में कैद हो रही है.
पूर्णिया के एक मतदान केंद्र पर मॉक पोल
बिहार में दूसरे चरण के मतदान से पहले मॉक पोल हो रहा है. वहीं पूर्णिया के एक मतदान केंद्र पर मॉक पोल चल रहा है. बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए कुछ मिनटों में मतदान शुरू हो जाएगा.
-
#WATCH बिहार: पूर्णिया के एक मतदान केंद्र पर मॉक पोल चल रहा है। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए आज मतदान होगा। pic.twitter.com/u47re5NoYn
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 11, 2025
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कई मंत्रियों की किस्मत का फैसला
दूसरे चरण के चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कई मंत्रियों की किस्मत का फैसला जनता करेगी. हालांकि फैसला जानने के लिए 14 नवंबर तक का इंतजार करना होगा. सुपौल से बिजेंद्र यादव, चकाई से सुमित कुमार सिंह, अमरपुर से जयंत राज, झंझारपुर से नीतीश मिश्रा, बेतिया से रेणु देवी, छातापुर से नीरज कुमार सिंह बबलू, धमदाहा से लेशी सिंह, हरसिद्धि से कृष्णनंदन पासवान और चैनपुर से जमा खान मैदान में हैं.
कई दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में होगी कैद
तीन दलों के प्रदेश अध्यक्षों में लोजपा (रामविलास) के राजू तिवारी गोविंदगंज सीट से मैदान में हैं. वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार हैं. हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार टिकारी से भाग्य आजमा रहे हैं. महागठबंधन की ओर से राजद के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी भी जमुई के सिकंदरा से उम्मीदवार हैं. दूसरे चरण में कुल 1302 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. सबसे अधिक 71 आरजेडी ने तो बीजेपी ने 53 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है. जेडीयू ने 44, कांग्रेस ने 37, लोजपा (R) ने 15, वीआईपी ने 8, भाकपा माले और हम ने 6-6, आरएलएम और भाकपा ने 4-4 उम्मीदवार उतारे हैं. वहीं मापका ने एक उम्मीदवार को मैदान में उतारा है.

