ETV Bharat / bharat

नीतीश कुमार के साथ NDA के सभी पांच उम्मीदवारों ने राज्यसभा के लिए किया नामांकन

nitish Kumar
नीतीश कुमार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : March 5, 2026 at 9:14 AM IST

Choose ETV Bharat

Nitish Kumar LIVE Updates: बिहार का अगला सीएम कौन होगा, यह सवाल इसलिए क्योंकि CM नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने के लिए नामांकन कर दिया है. गुरुवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी राज्यसभा के लिए नामांकन किए, जिसमें शामिल होने केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह पटना आए. बता दें कि गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन का आखिरी दिन रहा. ऐसे में अब निशांत कुमार को लेकर कुछ बड़ा ऐलान हो सकता है.

LIVE FEED

4:01 PM, 5 Mar 2026 (IST)

'नीतीश कुमार का कार्यकाल बिहार के इतिहास में स्वर्णिम पृष्ठ के रूप में लिखा जाएगा'- अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है. बहुत ही लंबे अरसे के बाद नीतीश कुमार फिर से एक बार राष्ट्रीय राजनीति में राज्यसभा सांसद के नाते प्रवेश करेंगे. 2005 से लेकर आज तक नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री रहे. उनका ये कार्यकाल बिहार के इतिहास में स्वर्णिम पृष्ठ के रूप में लिखा जाएगा.

1:46 PM, 5 Mar 2026 (IST)

नीतीश कुमार और नितिन नबीन चले राज्यसभा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन किया. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी नामांकन किया. इसके साथ ही उपेन्द्र कुशवाहा, रामनाथ ठाकुर और शिवेश राम ने नामांकान किया.

Nitish Kumar Rajya Sabha Nomination
नीतीश कुमार नामांकन दाखिल करते हुए (ETV Bharat)

1:01 PM, 5 Mar 2026 (IST)

अमित शाह-नीतीश कुमार में मुलाकात

अमित शाह पहुंचे पटना, एयरपोर्ट से सीधे नितिन नबीन के आवास पर गए. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और अमित शाह अंदर कमरे में मुलाकात किए. अमित शाह एक अणे मार्ग में नीतीश कुमार से कर मुलाकात रहे हैं. नितिन नबीन, नित्यानंद राय, सम्राट चौधरी, संजय सरावगी साथ में मौजूद हैं. इसके बाद नॉमिनेशन के लिए नेता निकले.

12:53 PM, 5 Mar 2026 (IST)

महागठबंधन से AD सिंह ने राज्यसभा के लिए किया नॉमिनेशन

महागठबंधन से अमरेंद्र धारी सिंह ने राज्यसभा के लिए नॉमिनेशन किया. तेजस्वी यादव के साथ प्रस्तावक के तौर पर बसपा विधायक, आईपी गुप्ता और राजद के विधायक थे.

12:51 PM, 5 Mar 2026 (IST)

'नीतीश युग का कभी अंत नहीं हो सकता'

जेडीयू नेता केसी त्यागी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पोस्ट पर कहा कि नीतीश युग का कभी अंत नहीं हो सकता. उन्होंने नया बिहार बनाया है. जैसे कर्पुरी ठाकुर और चौधरी चरण सिंह जिंदा है, ऐसे ही युग-युग तक नीतीश कुमार भी याद किए जाएंगे. जाहिर है कि इससे सदन की भी गरिमा बढ़ेगी, बहस का स्तर ऊंचा होगा और यूं भी ख्याति व अच्छे बौद्धिक ज्ञान के चलते उन्हें सर्वश्रेष्ठ सांसद का पुरस्कार भी मिला था.

12:47 PM, 5 Mar 2026 (IST)

विधानसभा पहुंचने लगे विधायक और मंत्री

बिहार विधानसभा में विधायकों और मंत्रियों का आना शुरू हो गया है. जीतन नाम मांझी अपने बेटे के साथ विधानसभा पहुंचे. विधानसभा के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. केवल विधायकों और मंत्रियों को ही एंट्री दी जा रही है.

12:24 PM, 5 Mar 2026 (IST)

नितिन नवीन ने की मंदिर में पूजा

BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले गुरुवार को पटना के हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की. इस मौके पर उन्होंने कहा कि "भगवान का जीवन के हर पल में आपके साथ होता है. मैं मानता हूं कि भगवान महावीर हनुमान मंदिर का मेरे जीवन में एक खास स्थान है. आज मेरे लिए एक अलग शुरुआत है. बीजेपी के निर्णय के साथ हम लोग कार्यरत रहते हैं."

12:14 PM, 5 Mar 2026 (IST)

'3 साल पहले कहा था, राज्यसभा जाने की इच्छा है'

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर कहा, "नीतीश कुमार ने तीन साल पहले कहा था कि हमें राज्यसभा जाने की इच्छा है. अभी कोई उन्हें वहां नहीं भेज सकता, वे अपने मन से गए हैं. सरकार आगे भी उनकी इच्छा के अनुसार ही चलती रहेगी."

12:10 PM, 5 Mar 2026 (IST)

राजद नेता मनोज झा का बड़ा बयान

राजद नेता मनोज कुमार झा ने CM के ट्वीट पर कहा कि, "तमाम बातें अपनी जगह, ये नीतीश कुमार की भाषा नहीं है. विरोध और समर्थन दोनों में हम उनके साथ रहे हैं. ये ट्वीट दिल्ली में लिखा गया है. कितना बचकाना लगता है ये सुनना भी... ये कोई बात हुई? सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि मैं राज्यसभा में जाना चाहता हूं... इसकी गूंज कई वर्षों तक रहेगी... हम(राजद) राजनीतिक तौर पर संघर्ष करेंगे... बिहार की धरती में इस तरह के प्रयोग महाराष्ट्र की तरह सफल हो जाएंगे, इसकी मुझे शंका है."

12:07 PM, 5 Mar 2026 (IST)

दिलीप जायसवाल ने सीएम के ट्वीट का किया समर्थन

बिहार सरकार में उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य बनने की इच्छा जताने वाले ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आज मुख्यमंत्री ने ट्वीट करके स्पष्ट किया कि राज्यसभा एक ऐसा सदन था जिसके सदस्य वे नहीं बने थे, इसलिए उनकी प्रबल इच्छा थी कि वे राज्यसभा के सदस्य बनें. जायसवाल ने आगे कहा कि नीतीश कुमार ने विकसित बिहार के सपने को पूरा करने के लिए अपनी ओर से हर समय बिहार सरकार को पूर्ण सहयोग और मदद का आश्वासन दिया है. यह बयान ऐसे समय में आया है जब नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव-2026 के लिए नामांकन दाखिल करने की तैयारी की है और बिहार में नए मुख्यमंत्री के चयन की चर्चाएं तेज हो गई हैं.

12:04 PM, 5 Mar 2026 (IST)

उमर अब्दुल्ला ने नीतीश कुमार को दी शुभकामनाएं

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्यसभा सदस्य बनने की इच्छा जताने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यह बिहार की सरकार और उनके साथी दलों का एक अंदरूनी मामला है. उन्होंने कहा, "उनका चुनाव के मात्र तीन महीने बाद राज्यसभा जाना, तो उन्होंने यह फैसला ले लिया है. उन्होंने बिहार के लोगों की सेवा की है...आगे जाकर उनकी भूमिका राज्यसभा में अच्छी रहे, इसके लिए उन्हें बहुत शुभकामनाएं." यह बयान ऐसे समय में आया है जब नीतीश कुमार राज्यसभा चुनाव-2026 के लिए नामांकन दाखिल करने की तैयारी में हैं और बिहार में मुख्यमंत्री पद से उनके इस्तीफे की अटकलें तेज हो गई हैं. उमर अब्दुल्ला ने इस मुद्दे पर तटस्थ रुख अपनाते हुए नीतीश कुमार के पिछले योगदान को स्वीकार किया.

12:00 PM, 5 Mar 2026 (IST)

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने भाजपा पर लगाया बड़ा आरोप

महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पार्टी अपने सहयोगी दलों के साथ हमेशा षड्यंत्र और धोखाधड़ी करती आई है. उन्होंने महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए कहा कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में चुनाव लड़ा गया, सरकार बनी, लेकिन शिंदे मुख्यमंत्री नहीं बने. इसी तरह बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए ने चुनाव जीता, लेकिन अब उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाया जा रहा है. पटोले ने दावा किया कि भाजपा ऐसे ही अपने साथियों के साथ विश्वासघात करती रही है, जिससे सहयोगी दल सतर्क रहने की जरूरत है. यह बयान ऐसे समय में आया है जब बिहार में नीतीश कुमार राज्यसभा जाने की तैयारी में हैं और मुख्यमंत्री पद छोड़ने की खबरें तेज हो गई हैं, जिससे राजनीतिक हलचल बढ़ गई है.

11:48 AM, 5 Mar 2026 (IST)

दूरदर्शी नेता का नया अध्याय: सम्राट चौधरी

सम्राट चौधरी ने कहा मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को पार्टी ने आगामी राज्यसभा चुनाव-2026 के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है. नीतीश कुमार का दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन की अटूट प्रतिबद्धता तथा बिहार के समग्र विकास के लिए उनके निरंतर प्रयास लंबे समय से सभी के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं. विगत दो दशकों से अधिक समय तक बिहार की कमान संभालने वाले नीतीश कुमार के अनुभव और कुशल नेतृत्व से राज्यसभा की गरिमा एवं कार्यक्षमता में और अधिक मजबूती आने की उम्मीद जताई जा रही है.

11:42 AM, 5 Mar 2026 (IST)

नीतीश कुमार के ऐलान से जदयू कार्यकर्ताओं में रोष

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्यसभा सदस्य बनने की इच्छा जताए जाने के बाद जदयू के कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष फैल गया है. मुख्यमंत्री आवास के बाहर जुटे प्रदर्शनकारी जदयू कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद पर बने रहने की मांग की. एक कार्यकर्ता ने कहा, "ये दुखद है. जो नीतीश कुमार छात्र आंदोलन से लेकर आज तक बिहार की जनता की सेवा करते रहे... बिहार की जनता उन्हें अपना परिवार मानती है. नीतीश कुमार के अलावा दूसरा कोई यहां मुख्यमंत्री नहीं हो सकता है. हम चाहते हैं कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बने रहें."

11:39 AM, 5 Mar 2026 (IST)

नामांकन पर भूपेश बघेल की नजर

कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा, "हमें नामांकन तक इंतज़ार करना चाहिए. अगर नीतीश कुमार नामांकन दाखिल करते हैं, तो बिहार की राजनीति में परिवर्तन आएगा..."

11:35 AM, 5 Mar 2026 (IST)

नीतीश के ऐलान पर आरजेडी की प्रतिक्रिया

आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने बिहार की राजनीति में हो रहे बड़े उलटफेर पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, "बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर अचानक से कल से देखने को मिल रहा है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इतनी जल्दी चुनाव के बाद भाजपा हटा देगी, इसका अनुमान किसी को नहीं था लेकिन हमारे नेता तेजस्वी यादव लगातार कह रहे थे कि भाजपा JDU को बर्बाद कर देगी और नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी से बेदखल करेगी..." तिवारी ने यह बयान ऐसे समय में दिया जब नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और बिहार की मुख्यमंत्री पद छोड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं, जिससे NDA गठबंधन में बड़ा बदलाव संभव दिख रहा है और विपक्ष इसे भाजपा की रणनीति का हिस्सा बता रहा है.

11:18 AM, 5 Mar 2026 (IST)

नीतीश कुमार का औपचारिक ऐलान

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव लड़ने का औपचारिक ऐलान कर दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश साझा करते हुए कहा कि पिछले दो दशकों से अधिक समय से बिहार की जनता ने उन पर अटूट विश्वास और समर्थन बनाए रखा, जिसके बल पर उन्होंने राज्य की निष्ठापूर्वक सेवा की और बिहार को विकास एवं सम्मान के नए आयाम प्रदान किए. नीतीश कुमार ने अपनी पुरानी इच्छा का जिक्र करते हुए बताया कि संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनके मन में बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) का सदस्य बनने की चाहत थी. इसी क्रम में वे अब राज्यसभा के सदस्य बनना चाहते हैं. उन्होंने जनता से आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि उनका जनता से रिश्ता भविष्य में भी अटूट रहेगा और विकसित बिहार के संकल्प के साथ नई सरकार को पूरा सहयोग व मार्गदर्शन मिलता रहेगा.

10:36 AM, 5 Mar 2026 (IST)

CM आवास की सुरक्षा कड़ी

हिलसा विधायक कृष्ण मुरारी को कार्यकर्ताओं ने सीएम हाउस के बाहर से खदेड़ दिया है. गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की गई है. कार्यकर्ताओं के हंगामे को देखते हुए डीजीपी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे है. पटना डीएम और एसएसपी भी मुख्यमंत्री आवास के बाहर नजर बनाए हुए हैं.

JDU कार्यकर्ताओं में हड़कंप (ETV Bharat)

10:35 AM, 5 Mar 2026 (IST)

CM आवास के बाहर लगे 'जयचंद होश में आओ' के नारे

इस बीच, मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आवास के बाहर बैरिकेडिंग कर दी गई है. इधर कार्यकर्ता 'जयचंद होश में आओ' के नारे लगा रहे हैं.

10:17 AM, 5 Mar 2026 (IST)

'नीतीश कुमार के साथ साजिश बर्दाश्त नहीं'

CM आवास के बाहर कार्यकर्ताओं का हंगामा जारी है. कार्यकर्ता नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं. जेडीयू नेता संतोष कुशवाहा का कहना है कि नीतीश कुमार को राज्यसभा नहीं जाना चाहिए. वहीं जेडीयू कार्यकर्ता मनोज कुशवाहा ने आरोप लगाया कि, नीतीश कुमार के साथ साजिश की जा रही है, जो बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

9:55 AM, 5 Mar 2026 (IST)

नीतीश के राज्यसभा जाने पर कार्यकर्ता रो पड़े

JDU नेता राजीव रंजन पटेल ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन की संभावना पर गहरा दुख जताते हुए कड़ा विरोध व्यक्त किया है. पटना में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को राज्यसभा भेजा जा सकता है, लेकिन नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बने रहना चाहिए, क्योंकि बिहार की जनता रो रही है और होली के मौके पर भी किसी ने उत्सव नहीं मनाया. उन्होंने कार्यकर्ताओं की भावनाओं का हवाला देते हुए कहा कि हजारों जदयू कार्यकर्ता रो रहे हैं, उन्होंने घर-घर जाकर नीतीश कुमार के नाम पर वोट मांगे थे, न कि किसी अन्य के लिए। पटेल ने जोर देकर कहा कि नीतीश कुमार का स्वास्थ्य ठीक है, उन्हें कोई समस्या नहीं है और यदि कोई बड़ा निर्णय लिया जाना था तो कार्यकर्ताओं से सलाह ली जानी चाहिए थी. जनता ने नीतीश के नाम पर वोट दिया है, इसलिए उनसे पूछना जरूरी है.

9:12 AM, 5 Mar 2026 (IST)

होली पर ऐसे मजाक आम बात - गिरिराज सिंह

नीतीश कुमार के राज्यसभा में जाने की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "होली पर ऐसे मज़ाक आम बात हैं."

9:11 AM, 5 Mar 2026 (IST)

नीतीश कुमार पर क्या बोले RJD नेता मृत्युंजय तिवारी

इधर RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन दाखिल करने की संभावना पर कहा, "ऐसी खबरे चल रही हैं कि नीतीश कुमार राज्यसभा जा सकते हैं. हमारे नेता तेजस्वी यादव चुनाव से पहले यह बात कहते थे कि नीतीश कुमार को भाजपा मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी. अगर उन्होंने उन्हें राज्यसभा भेज दिया तो ये लोग सफल हो जाएंगे."

9:10 AM, 5 Mar 2026 (IST)

नीतीश कुमार पर क्या बोले विजय चौधरी?

इससे पहले बुधवार को वरिष्ठ नेता और बिहार के मंत्री विजय चौधरी पटना में JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के घर पहुंचे. बैठक में JDU के नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट संजय झा और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी JDU MLC संजय गांधी मौजूद रहें. पटना में नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों पर बिहार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आखिरी फैसला लेंगे. बातचीत चल रही है, आखिरी फैसला उन्हें ही लेना है. इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के बारे में उन्होंने कहा, कि पार्टी के सभी नेता चाहते हैं कि वे राजनीति में एक्टिव हों और पार्टी की एक्टिविटी में हिस्सा लें."