ETV Bharat / bharat

उपचुनाव 2025 परिणाम: ओडिशा में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत, कांग्रेस को भारी मतों से हराया

ASSEMBLY BYPOLL 2025 RESULTS
उपचुनाव 2025 परिणाम (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : November 14, 2025 at 7:06 AM IST

Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: सात राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की आठ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम आ गए. ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार जय ढोलकिया ने रिकॉर्ड जीत हासिल की. जम्मू-कश्मीर के बडगाम से पीडीपी के उम्मीदवार आगा सैयद मुंतजिर जीते. पंजाब के तरनतारन से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरमीत संधू विजयी रहे. वहीं, राजस्थान के अंता से कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन 'भाया' चुने गए. इसी तरह तेलंगाना के हैदराबाद के जुबली हिल्स से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार नवीन यादव ने बड़ी जीत हासिल की. जम्मू-कश्मीर की नगरोटा से बीजेपी की उम्मीदवार देवयानी राणा ने बड़ी जीत दर्ज की. पूर्वोत्तर में मिजोरम की डम्पा सीट पर मिजो नेशनल फ्रंट के उम्मीदवार डॉ. आर ललथंगलियाना ने बाजी मारी. झारखंड के घाटशिला से झारखंड मुक्ति मोर्चा उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन की जीत तय है. चुनाव आयोग की ओर से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतगणना को लेकर व्यापक तैयारी की गई.

LIVE FEED

6:10 PM, 14 Nov 2025 (IST)

जुबली हिल्स की जीत भाजपा के लिए भूकंप से पहले का झटका है: सीएम रेवंत रेड्डी

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने जुबली हिल्स उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार नवीन यादव की शानदार जीत पर उन्हें बधाई दी और इसे सरकार की ज़िम्मेदारी को और मज़बूत करने वाला जनादेश बताया. मीडिया से बात करते हुए, मुख्यमंत्री ने निर्णायक जीत सुनिश्चित करने के लिए जुबली हिल्स निर्वाचन क्षेत्र के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया. रेवंत रेड्डी ने कहा कि हालाँकि 2023 के विधानसभा चुनावों में हैदराबाद में कांग्रेस को संतोषजनक परिणाम नहीं मिले, लेकिन पार्टी लगातार बढ़त हासिल कर रही है. उन्होंने कहा, "हम न तो जीत से अभिभूत होंगे और न ही स्थिर रहेंगे. लोगों के लिए खड़े होना और लड़ना हमारा कर्तव्य है." वहीं बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामाराव पर निशाना साधते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि के. टी. रामाराव को "अपना अहंकार कम करने की ज़रूरत है", और कहा कि पद किसी के लिए भी स्थायी नहीं होते. रेवंत रेड्डी ने कहा, "हमें अभी कई सालों तक राजनीति करनी है." उन्होंने कहा कि वोट शेयर कांग्रेस सरकार के लिए स्पष्ट जन समर्थन दर्शाता है. पार्टी को 2023 के विधानसभा चुनावों में 39 प्रतिशत वोट मिले, जो छह महीने बाद हुए लोकसभा चुनावों में और बढ़ गए. मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी पर भी निशाना साधा और उन पर राज्य की मदद करने से इनकार करने और मेट्रो विस्तार तथा मुसी नदी की सफाई सहित महत्वपूर्ण परियोजनाओं की मंजूरी में बाधा डालने का आरोप लगाया. उन्होंने सवाल उठाया कि किशन रेड्डी के निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के वोटों की संख्या 65,000 से घटकर 17,000 क्यों रह गई, और कहा कि लोग उनकी कार्यशैली को देख रहे हैं. उन्होंने कहा, "जुबली हिल्स के इस नतीजे को भूकंप से पहले के झटके के रूप में देखा जाना चाहिए. अगर यही सिलसिला जारी रहा, तो भाजपा को भूकंप जैसे नतीजों का सामना करना पड़ेगा." रेवंत रेड्डी ने केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा सांसदों से राजनीति छोड़कर तेलंगाना के विकास में सहयोग करने का आग्रह किया.

5:04 PM, 14 Nov 2025 (IST)

घाटशिला से JMM उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन ने जीत हासिल की

झारखंड के घाटशिला विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन की जीत तय है. उनका सीधा मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के बाबू लाल सोरेन को 38524 मतों से हराया.

4:31 PM, 14 Nov 2025 (IST)

नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत

ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव 2025 में भाजपा ने भारी जीत दर्ज की. पार्टी के उम्मीदवार जय ढोलकिया ने 83,748 वोटों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की. कांग्रेस दूसरे जबकि बीजद तीसरे स्थान पर रही. बीजेपी के जय ढोलकिया को 1,23,869 मत मिले. वहीं, कांग्रेस के घासीराम माझी को 40,121 और बीजद की स्नेहांगिनी छुरिया को 38,408 वोट मिले.

3:56 PM, 14 Nov 2025 (IST)

बडगाम से पीडीपी के उम्मीदवार मुंतजिर जीते

जम्मू-कश्मीर के बडगाम से पीडीपी के उम्मीदवार मुंतजिर ने जीत हासिल की. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के उम्मीदवार आगा सैयद महमूद को 4478 मतों के अंतर से हराया.

3:47 PM, 14 Nov 2025 (IST)

नुआपाड़ा में बीजेपी उम्मीदवार 78534 वोटों से आगे

चुनाव आयोग के अनुसार के अनुसार ओडिशा के नुआपाड़ा में बीजेपी बड़ी जीत की ओर अग्रसर है. भाजपा उम्मीदवार जय ढोलकिया 116159 वोट पाकर अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस के उम्मीदवार घासी राम मांझी से 78534 वोटों से आगे हैं.

3:29 PM, 14 Nov 2025 (IST)

जम्मू-कश्मीर के बडगाम से पीडीपी के उम्मीदवार मुंतजिर जीत के करीब

जम्मू-कश्मीर के बडगाम विधानसभा उपचुनाव में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के उम्मीदवार आगा सैयद मुंतजिर जीत के करीब हैं. वह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के उम्मीदवार आगा सैयद महमूद से 4000 से अधिक मतों के अंतर से आगे हैं.

3:19 PM, 14 Nov 2025 (IST)

झारखंड के घाटशिला से झामुमो के सोमेश चंद्र सोरेन आगे

झारखंड के घाटशिला विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा के सोमेश चंद्र सोरेन 23385 से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं. उनका मुकाबला भाजपा के बाबू लाल सोरेन से है.

2:50 PM, 14 Nov 2025 (IST)

पंजाब के तरनतारन से आम आदमी पार्टी की जीत

पंजाब के तरनतारन से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरमीत संधू उपचुनाव जीते. उन्होंने ने शिरोमणि अकाली दल की उम्मीदवार सुखविंदर कौर रंधावा को हराकर जीत हासिल की. आप उम्मीदवार हरमीत संधू 12,091 वोटों के अंतर से जीते और उन्हें कुल 42,649 वोट मिले. हरमीत सिंह संधू चौथी बार तरनतारन सीट से विधायक चुने गए हैं.

2:12 PM, 14 Nov 2025 (IST)

राजस्थान के अंता से कांग्रेस उम्मीदवार की जीत

राजस्थान के अंता से कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन 'भाया' ने बड़ी जीत हासिल की. उन्होंने 15612 मतों से बीजेपी उम्मीदवार मोरपाल सुमन को हराया. तीसरे स्थान पर स्वतंत्र उम्मीदवार नरेश मीणा रहे. उन्हे 53800 वोट मिले.

2:01 PM, 14 Nov 2025 (IST)

हैदराबाद के जुबली हिल्स से चुनाव जीतने पर उम्मीदवार नवीन यादव ने लोगों का आभार जताया

हैदराबाद के जुबली हिल्स निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार नवीन यादव ने कहा, 'मैं उन लोगों का शुक्रगुजार हूँ जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया और मुझे इतने बड़े बहुमत से जिताया.'

1:30 PM, 14 Nov 2025 (IST)

जुबली हिल्स उपचुनाव में कांग्रेस की जीत

तेलंगाना के हैदराबाद के जुबली हिल्स उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी ने भारी जीत दर्ज की. पार्टी उम्मीदवार नवीन यादव ने 25000 से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की. ​​कांग्रेस ने मतगणना के हर दौर में स्पष्ट बढ़त बनाए रखी, जबकि बीआरएस एक भी दौर में बढ़त हासिल नहीं कर पाई. इस जीत के साथ तेलंगाना में सत्ता में आने के बाद हुए दोनों उपचुनावों में कांग्रेस अब विजयी हुई है. इससे पहले पार्टी ने जून 2024 में कैंटोनमेंट उपचुनाव जीता था और अब जुबली हिल्स ने अपने खाते में एक और सफलता जोड़ ली है. इस बीच भाजपा को जुबली हिल्स उपचुनाव में अपनी जमानत गंवाने से करारा झटका लगा. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इस शानदार जीत का श्रेय मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को दिया. कहा जाता है कि मुख्यमंत्री ने पूरे चुनाव प्रचार के दौरान रणनीतिक रूप से काम किया. अल्पसंख्यक मतदाताओं में असंतोष से बचने के लिए, कांग्रेस ने मतदान से पहले मोहम्मद अजहरुद्दीन को मंत्री बनाकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया. इस फैसले से कथित तौर पर पार्टी को निर्वाचन क्षेत्र में अल्पसंख्यक वोटों को एकजुट करने में मदद मिली. मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने जमीनी स्तर पर समन्वय को मजबूत करने के लिए मंत्रियों को संभागवार जिम्मेदारियाँ भी सौंपीं. उन्होंने जुबली हिल्स में चुनाव प्रचार की व्यक्तिगत रूप से निगरानी की, दैनिक रिपोर्टों की समीक्षा की और हर चरण में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया.

12:46 PM, 14 Nov 2025 (IST)

जम्मू-कश्मीर के नगरोटा से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक देवयानी राणा ने जीत पर खुशी जाहिर की

जम्मू-कश्मीर के नगरोटा से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक देवयानी राणा ने अपनी जीत पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, 'मैं भाग्यशाली हूँ कि जिस तरह नगरोटा ने राणा साहब (उनके पिता, दिवंगत विधायक देवेंद्र सिंह राणा) को आशीर्वाद दिया. उसी तरह आज भी उन्होंने एक परिवार होने का फर्ज निभाया और मुझे आशीर्वाद दिया. मैं उनकी आभारी रहूँगी. भाजपा जब चुनाव लड़ती है, तो जीतने के लिए लड़ती है.'

12:27 PM, 14 Nov 2025 (IST)

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार लीड कर रहे हैं

जम्मू- कश्मीर के बडगाम में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार आगा सैयद मुंतजिर मेहदी रुझानों में बढ़त बनाए हुए हैं. उनका मुकाबला जम्मू-कश्मीर नेशनल कान्फ्रेंस के उम्मीदवार आगा सैयद महमूद अल-मोसावी से है.

11:59 AM, 14 Nov 2025 (IST)

मिजोरम की डम्पा सीट पर मिजो नेशनल फ्रंट ने मारी बाजी

मिजोरम की डम्पा सीट पर मिजो नेशनल फ्रंट के उम्मीदवार डॉ. आर ललथंगलियाना 562 वोटों से चुनाव जीत गए हैं.

ASSEMBLY BYPOLL 2025 RESULTS
मिजोरम की डम्पा सीट पर मिजो नेशनल फ्रंट की जीत (ECI)

11:32 AM, 14 Nov 2025 (IST)

जम्मू-कश्मीर की नगरोटा की सीट पर भाजपा की जीत

जम्मू-कश्मीर की नगरोटा सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की है. बीजेपी की उम्मीदवार देवयानी राणा ने 24000 वोटों के भारी अंतर से अपने प्रतिद्वंदी को हराया. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार देवयानी राणा ने आज नगरोटा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नेशनल पैंथर्स पार्टी के हर्ष देव सिंह को 24526 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की. उन्हें 42214 वोट मिले, जबकि हर्ष देव सिंह को 17688 वोट मिले. नेशनल कॉन्फ्रेंस की उम्मीदवार शमीम बेगम को 10846 वोट मिले. पिछले साल 31 अक्टूबर को अपने पिता देवेंद्र सिंह राणा के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी, जिसके बाद देवयानी ने यह सीट जीती है. देवयानी राणा (30) दूसरी पीढ़ी की राजनीतिज्ञ हैं और नगरोटा के लोगों की सेवा के लिए अपने पिता के निर्देश पर राजनीति में आईं. अपने पिता के निधन के कुछ ही दिनों बाद वह लोगों के बीच देखी गईं और राणा को मिले समर्थन के लिए उनका धन्यवाद करने के लिए निर्वाचन क्षेत्र के कोने-कोने का दौरा किया. उपचुनावों की घोषणा होते ही भाजपा ने देवयानी को जनादेश दिया और उन्हें सहानुभूति के साथ-साथ पार्टी के वोट भी मिले और आज वह विजेता बनकर उभरीं. अपने पिता की राजनीतिक पृष्ठभूमि के अलावा, उनके नाना एस.एस. बलौरिया जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्य सचिव थे, जबकि उनकी नानी रानी बलौरिया भी विधान परिषद की सदस्य थीं. जहाँ तक उनकी शैक्षिक योग्यता का सवाल है, उन्होंने कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय (लॉस एंजिल्स) से अर्थशास्त्र में कला स्नातक की उपाधि प्राप्त कीं हैं.

10:34 AM, 14 Nov 2025 (IST)

जम्मू-कश्मीर के बडगाम विधानसभा उपचुनाव के लिए रुझानों में पीडीपी उम्मीदवार आगे

जम्मू-कश्मीर के बडगाम विधानसभा उपचुनाव के लिए शुरुआती रुझानों में पीडीपी के आगा सैयद मुंतजिर मेहदी कुल 17राउंड के तीसरे दौर की मतगणना के बाद 32 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं.

10:30 AM, 14 Nov 2025 (IST)

पंजाब के तरनतारन में शुरुआती रुझानों में आप उम्मीदवार आगे

पंजाब के तरनतारन उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती के शुरुआती रुझानों में 6/16 राउंड की मतगणना के बाद आप उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू 892 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं.

10:19 AM, 14 Nov 2025 (IST)

राजस्थान के अंता विधानसभा क्षेत्र में शुरुआती रुझानों में कांग्रेस उम्मीदवार आगे

राजस्थान के अंता विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती के शुरुआती रुझानों में कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन 'भाया' 1/20 राउंड की मतगणना के बाद 246 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं.

9:59 AM, 14 Nov 2025 (IST)

ओडिशा के नुआपाड़ा में शुरुआती रुझानों में बीजेपी के जय ढोलकिया आगे

ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव के शुरुआती रुझानों के अनुसार भाजपा के जय ढोलकिया, 26वें राउंड की मतगणना के बाद बीजद की स्नेहांगिनी छुरिया से 3547 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं.

9:55 AM, 14 Nov 2025 (IST)

पंजाब तरनतारन, रुझानों पर अकाली दल नेता की प्रतिक्रिया

पंजाब के तरनतारन विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव की मतगणना के पहले दौर में अकाली दल की बढ़त पर प्रतिक्रिया देते हुए अकाली दल नेता हरवंत सिंह ने कहा, 'नतीजे शानदार हैं.' 2027 के राज्य चुनावों के बारे में उन्होंने कहा, 'अकाली दल सरकार बनाएगा. अगर गठबंधन बनता है तो अच्छी बात है, लेकिन अकाली दल पहली बार अपने दम पर चुनाव जीतेगा. दिल्ली से लुटेरे आए थे, लेकिन कामयाब नहीं हुए.'

9:51 AM, 14 Nov 2025 (IST)

हैदराबाद: जुबली हिल्स, कांग्रेस उम्मीदवार नवीन यादव शुरुआती रुझानों में आगे

हैदराबाद के जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है. चुनाव आयोग के अनुसार कांग्रेस उम्मीदवार नवीन यादव शुरुआती रुझानों में आगे चल रहे हैं.

9:48 AM, 14 Nov 2025 (IST)

झारखंड के घाटशिला में शुरुआती रुझानों में झामुमो उम्मीदवार आगे

झारखंड के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए काउंटिंग जारी है. शुरुआती रुझानों में झामुमो उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन 2164 वोटों से आगे हैं.

9:42 AM, 14 Nov 2025 (IST)

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में NC उम्मीदवार की बढ़त

जम्मू-कश्मीर के बडगाम विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है. चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार 17वें राउंड की मतगणना के बाद एनसी के आगा सैयद महमूद अल मोसावी पीडीपी के आगा सैयद मुंतजिर मेहदी से 624 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं.

9:38 AM, 14 Nov 2025 (IST)

हैदराबाद के जुबली हिल्स विधानसभा सीट, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती जारी

हैदराबाद के जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर हैदराबाद के संयुक्त पुलिस आयुक्त तफसीर इकबाल ने कहा, 'स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. धारा 144 लगा दी गई है. आदर्श आचार संहिता 16 नवंबर तक लागू रहेगी. संवेदनशील स्थानों की पहचान कर ली गई है और 15 प्लाटून और 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं.'

9:35 AM, 14 Nov 2025 (IST)

झारखंड के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी

जमशेदपुर के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है. कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती हो रही है. कुल 13 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद है.

9:26 AM, 14 Nov 2025 (IST)

राजस्थान की अंता सीट, काउंटिंग जारी

राजस्थान के अंता उपचुनाव के लिए काउंटिंग शुरू हो गई है. यहां 14 टेबलों पर 20 राउंड में वोटों की गिनती होगी.

9:18 AM, 14 Nov 2025 (IST)

पंजाब की तरनतारन सीट पर 16 राउंड की मतगणना है: कमिश्नर

पंजाब की तरनतारन सीट पर काउंटिंग के दौरान मौजूद डिप्टी कमिश्नर राहुल ने बताया, '222 बूथों पर 60.95फीसदी मतदान हुआ. आज 14 काउंटरों पर 16 राउंड की मतगणना है. इसके अलावा, हमें ईटीपीबीएमएस सर्विस वोटर्स से पोस्टल बैलेट और दिव्यांग मतदाताओं के 250 से ज्यादा बैलेट मिले हैं. नतीजों का संकलन दोपहर 2.30 बजे तक हो सकता है. किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए मतगणना केंद्रों पर बीएसएफ और पंजाब पुलिस सहित 3-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है.'

9:14 AM, 14 Nov 2025 (IST)

जम्मू-कश्मीर की नगरोटा विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार की बढ़त

चुनाव आयोग के अनुसार जम्मू-कश्मीर की नगरोटा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए काउंटिंग के दौरान शुरुआती रुझानों के अनुसार भाजपा की देवयानी राणा, जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी (इंडिया) के हर्ष देव सिंह से 1111 मतों के अंतर से आगे चल रही हैं.

9:11 AM, 14 Nov 2025 (IST)

मिजोरम की डम्पा विधानसभा सीट, शुरुआती रुझानों में मिजो नेशनल फ्रंट के उम्मीदवार आगे

मिजोरम की डम्पा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के शुरुआती रुझानों के अनुसार मिजो नेशनल फ्रंट के डॉ. आर. लालथंगलियाना, जोरम पीपुल्स मूवमेंट के वनलालसैलोवा से 1/5 राउंड की मतगणना के बाद 170 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं.

9:04 AM, 14 Nov 2025 (IST)

तरनतारन उपचुनाव, शुरुआती रुझानों में शिरोमणि अकाली दल आगे

चुनाव आयोग के अनुसार पंजाब के तरनतारन उपचुनाव के शुरुआती रुझानों में शिरोमणि अकाली दल की सुखविंदर कौर, आप के हरमीत सिंह संधू से 1/16 राउंड की मतगणना के बाद 625 वोटों के अंतर से आगे चल रही हैं.

8:42 AM, 14 Nov 2025 (IST)

हैदराबाद के जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव के लिए मतगणना जारी

तेलंगाना के हैदराबाद के जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव के लिए मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई. यूसुफगुडा स्थित कोटला विजय भास्कर रेड्डी इंडोर स्टेडियम में स्थापित मतगणना केंद्र में वोटों की गिनती तेजी से जारी है. बीआरएस विधायक मगंती गोपीनाथ के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी. यहां उपचुनाव 11 नवंबर को हुए थे.

8:31 AM, 14 Nov 2025 (IST)

पंजाब के तरनतारन सीट के लिए वोटों की गिनती शुरू

पंजाब के तरनतारन विधानसभा क्षेत्र के एक मतगणना केंद्र पर मतगणना शुरू हो गई है. यह सीट आम आदमी पार्टी के विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद खाली हुई थी. फिलहाल यहां चहल-पहल है.

8:06 AM, 14 Nov 2025 (IST)

विधानसभा उपचुनाव 2025 के लिए वोटों की गिनती शुरू

सात राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की आठ विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है. तेलंगाना में जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव के लिए मतगणना शुरू हो गई है.