ETV Bharat / bharat

लखनऊ में अयोध्या रोड का महाजाम होगा खत्म, जानें कब शुरू होगा एलिवेटेड रोड पर काम

लखनऊ के अयोध्या रोड पर एलिवेटेड रोड बनाने की जिम्मेदारी सेतु निर्माण निगम को सौंपी गई है. निर्माण कार्य मार्च में शुरू होगा.

Ayodhya Road
लखनऊ में अयोध्या रोड पर बनेगा एलिवेटेड रोड. (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 3, 2026 at 3:10 PM IST

|

Updated : January 3, 2026 at 4:57 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने लखनऊ के अयोध्या रोड पर करीब 8 किमी लंबे एलिवेटेड रोड के निर्माण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट सेतु निर्माण निगम को सौंप दी है.

यह रोड पालीटेक्निक से शारदा नहर मोड़ तक बनाई जाएगी. ऐसा होने से लखनऊ की बड़ी समस्या का समाधान होगा. जानकारी के मुताबिक मार्च-अप्रैल में इसका निर्माण शुरू हो जाएगा.

Ayodhya Road
लखनऊ में अयोध्या रोड पर जल्द बनेगी एलिवेटेड रोड. (ETV Bharat)

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ तेजी से बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण ट्रैफिक जाम की बड़ी समस्या से जूझ रही है. खासकर अयोध्या रोड, जो शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है, यहां रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं.

इसकी वजह से पॉलिटेक्निक चौराहा से शुरू होकर शारदा नहर (इंदिरा नहर) मोड़ तक का यह रास्ता अक्सर जाम से भरा रहता है. लंबे समय से इस समस्या से लोग परेशान हैं.

अब इस समस्या का स्थायी समाधान नजर आ रहा है. लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अयोध्या रोड पर करीब 8 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनाने की योजना को गति दी है.

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि लखनऊ विकास प्राधिकरण को इस सड़क की परियोजना रिपोर्ट बनानी थी, जो हमने शासन को सौंप दी है. संभव है कि राज्य सेतु निर्माण निगम इसका निर्माण शुरू करेगा. इस प्रोजेक्ट पर तकरीबन 5 हजार करोड़ का खर्च आने की संभावना है.

यह एलिवेटेड रोड पॉलिटेक्निक से शारदा नहर मोड़ तक बनेगा. एलडीए ने इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) उत्तर शासन को सौंप दी है. सेतु निर्माण निगम को ही इसकी निर्माण जिम्मेदारी मिली है. यह रोड शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाएगी.

लखनऊ जनविकास महासभा के अध्यक्ष उमाशंकर दुबे ने बताया कि इससे यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा. पहले जहां इस रूट पर 40-50 मिनट लग जाते थे, वहां अब 20-30 मिनट में पहुंचा जा सकेगा. इस प्रोजेक्ट की पृष्ठभूमि काफी पुरानी है.

अयोध्या रोड लखनऊ का मुख्य प्रवेश द्वार है, जो न केवल स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि बाराबंकी, अयोध्या, गोरखपुर, सुल्तानपुर, गोंडा जैसे जिलों से आने-जाने वाले वाहनों के लिए भी जरूरी है. राम मंदिर के उद्घाटन के बाद अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भारी इजाफा हुआ है.

ये भी पढ़ें - लखनऊ की सड़कों पर दौड़ेंगी 10 नई रेसर मोबाइल, बड़े आयोजनों के लिए ये नियम अनिवार्य

Last Updated : January 3, 2026 at 4:57 PM IST