कुरनूल में बस हादसा कैसे हुआ? बाइक डिवाइडर से टकराई और...पुलिस जांच में रहस्य से उठा पर्दा
बेंगलुरु जा रही इस बस में 43 यात्री सवार थे और कई लोग आग से बचकर बाहर निकलने में सफल रहे.

Published : October 25, 2025 at 7:04 PM IST
कुरनूल: तेलुगु राज्यों में बड़ी त्रासदी का कारण बने कुरनूल बस हादसे की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है. बस हादसे की पुलिस जांच में अहम तथ्य सामने आए हैं. बता दें कि, वेमुरी कावेरी ट्रेवल्स की बस और दोपहिया वाहन के बीच टक्कर और आग लगने की घटना में 19 लोगों की मौत हो गई थी.
मोटरसाइकिल चला रहे शिवशंकर नाम के एक युवक की भी इस हादसे में मौत हो गई. हालांकि, पुलिस ने बाइक पर शिवशंकर के पीछे बैठे शख्स की पहचान येरीस्वामी के तौर पर की है. उससे इस बस हादसे के संबंध में अलग-अलग पहलुओं पर पूछताछ की गई और महत्वपूर्ण सबूत जुटाए गए.
कुरनूल जिले के एसपी विक्रांत पाटिल ने मीडिया के सामने शुक्रवार को हुए बस हादसे की पूरी जानकारी दी. उन्होंने मीडिया को जांच के बारे में जानकारी देते हुए मोटरसाइकिल सवार शिवशंकर और बाइक के पीछे बैठ शख्स की पहचान बताई. बता दें कि, इस हादसे में मोटरसाइकिल चालक शिवशंकर की मौत हो गई. हालांकि, पीछे बैठ शख्स की जान बच गई.
उन्होंने कहा कि, बाइक के पीछे बैठे शख्स की पहचान येरीस्वामी उर्फ नानी के तौर पर हुई है. एसपी विक्रांत ने कहा कि, येरीस्वामी से इस दुर्घटना के संबंध में पूछताछ हुई है.
उन्होंने कहा कि, एर्रीस्वामी और शिवशंकर पल्सर बाइक पर सवार थे. वे आधी रात (लगभग 2 घंटे) के बाद लक्ष्मीपुरम गांव से तुग्गली के लिए बाइक से निकले थे. रास्ते में, 2 बजकर 24 मिनट को उन्होंने केआईए शोरूम के पास एक पेट्रोल पंप पर 300 रुपये का पेट्रोल डलवाया.
वहां से निकलने के कुछ ही देर बाद, शिवशंकर की बाइक चिन्नाटेकुरु के पास फिसल गया और सड़क के दाईं ओर डिवाइडर से टकरा गया. दुर्घटना में शिवशंकर की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, बाइक के पीछे सवार येरीस्वामी को मामूली चोटें आईं. जब उसने सड़क के बीच में पड़े शिवशंकर को किनारे खींचकर बाइक उठाने की कोशिश की, तो एक तेज रफ्तार बस ने बाइक को टक्कर मार दी और उसे थोड़ी दूर तक घसीटते हुए ले गई.
इस दौरान बस में आग लगते ही येरीस्वामी डर गया और अपने गृहनगर तुग्गली भाग गया. कुरनूल जिले के एसपी विक्रांत पाटिल ने कहा कि, उलिंडाकोंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बस दुर्घटना की आगे की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही बस में लगी भीषण आग, 19 लोगों की मौत

