आर्थिक तंगी से बढ़ीं मोहम्मद दीपक की मुश्किलें, बंद होने की कगार पर जिम, जानिये वजह
कोटद्वार बाबा विवाद से चर्चाओं में मोहम्मद दीपक आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं. वे खुद की ईएमआई भी नहीं भर पा रहे हैं.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : May 26, 2026 at 7:05 PM IST
|Updated : May 26, 2026 at 8:20 PM IST
पौड़ी गढ़वाल: जनवरी 2026 को चर्चाओं में आए उत्तराखंड कोटद्वार के दीपक कुमार फिर से खबरों में हैं. खबर है कि दीपक कुमार अब गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं. इतना ही नहीं अब दीपक कुमार का जिम भी बंद होने की कगार पर पहुंच गया है. बताया जा रहा है कि लगातार बढ़ते किराये के बकाये के कारण उन पर जिम खाली करने का दबाव है.
“मोहम्मद दीपक” नाम से चर्चाओं में आये: दरअसल, जनवरी 2026 में कोटद्वार में एक मुस्लिम बुजुर्ग दुकानदार के कथित उत्पीड़न का मामला सामने आया था. आरोप था कि दुकान के नाम को लेकर कुछ संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध और दबाव बनाया जा रहा था. उस दौरान दीपक कुमार खुलकर बुजुर्ग दुकानदार के समर्थन में सामने आए. इसके बाद से वह सोशल मीडिया और स्थानीय चर्चाओं में “मोहम्मद दीपक” नाम से पहचाने जाने लगे.
आर्थिक संकट से गुजर रहे दीपक कुमार: अब दीपक कुमार ने दावा किया है कि पिछले कुछ महीनों से उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती चली गई है. उनका कहना है कि वह बीते चार महीनों से जिम का किराया नहीं चुका पाए हैं. जिसके चलते मकान मालिक की ओर से जिम खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है.
उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो हैं।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) February 1, 2026
दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं - उस संविधान के लिए जिसे BJP और संघ परिवार रोज़ रौंदने की साज़िश कर रहे हैं।
वे नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का जीवित प्रतीक हैं और यही बात सत्ता को सबसे ज़्यादा चुभती है।
संघ परिवार… pic.twitter.com/c1D4VHV5XO
जिम का किराया, ईएमआई सब रुकी: जानकारी के अनुसार जिम का मासिक किराया करीब 40 हजार रुपये है. इसके अलावा घरेलू खर्च और अन्य वित्तीय दायित्वों ने भी उनकी परेशानियां बढ़ा दी है. दीपक कुमार के मुताबिक आय के सीमित साधनों और बढ़ते खर्चों के कारण वह समय पर ईएमआई और अन्य भुगतान भी नहीं कर पा रहे हैं. उनका कहना है कि आर्थिक दबाव के चलते जिम संचालन प्रभावित हो रहा है. स्थिति लगातार कठिन होती जा रही है. स्थानीय स्तर पर यह मामला अब चर्चा का विषय बना हुआ है. कई लोग इसे सामाजिक और आर्थिक संघर्ष से जोड़कर देख रहे हैं. कुछ लोग दीपक कुमार के समर्थन में आगे आने की बात भी कह रहे हैं.

बाबा नाम से शुरू हुआ विवाद, मोहम्मद दीपक हुआ फेमस: पौड़ी जिले के कोटद्वार में बाबा दुकान नाम को लेकर बवाल शुरू हुआ. ये दुकान एक मुस्लिम बुजुर्ग की थी. जनवरी 2026 में ये मामला सामने आया. इस मामले ने उस समय तूल पकड़ा, जब एक दुकानदार के समर्थन में बजरंग दल के विरोध में एक युवा खड़ा हो गया. हिंदू संगठनों का कहना था कि ‘बाबा’ शब्द धार्मिक आस्था और पहचान से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसके इस्तेमाल को लेकर उन्होंने विरोध दर्ज कराया. विवाद के बीच अचानक ‘मोहम्मद दीपक’ नाम सोशल मीडिया और समाचारों में चर्चा का केंद्र बन गया.
कोटद्वार के दीपक और उनके साथियों के जज्बे को सलाम.
— Indresh Maikhuri (@indreshmaikhuri) January 31, 2026
जिस तरह दीपक और उनके साथियों ने सांप्रदायिक उत्पाती तत्वों को खदेड़ा, यह हर अमनपसंद, न्यायपसंद नागरिक का कर्तव्य है, जो मनुष्यता में विश्वास रखता है. एक बूढ़े व्यक्ति को सिर्फ दुकान का नाम " बाबा" रखने के लिए धमका रहे… pic.twitter.com/sixJQPZyjz
दरअसल, विवाद के दौरान एक युवा दीपक ने भीड़ के बीच फंसे एक बुजुर्ग दुकानदार का समर्थन करते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने और बचाने का प्रयास किया. इस घटना का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद लोगों ने इसे इंसानियत और सामाजिक सौहार्द की मिसाल बताया. सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों ने युवा दीपक के इस कदम की सराहना की. लोगों का कहना है कि किसी भी परिस्थिति में मानवता सबसे ऊपर होनी चाहिए. जिस तरह उन्होंने बुजुर्ग का साथ दिया, वह समाज में भाईचारे और एकता का सकारात्मक संदेश देता है. वहीं, यह मामला अब धार्मिक पहचान, सामाजिक संवेदनशीलता और आपसी सौहार्द को लेकर भी बहस का विषय बन गया है.
पढ़ें---
- कोटद्वार बाबा विवाद: नहीं बदलेगा दुकान का नाम, पुलिस अलर्ट-सीमाएं सील, 'दीपक तुम बब्बर शेर'- बोले राहुल गांधी
- कोटद्वार बाबा दुकान विवाद, सड़कों पर उतरे हिंदूवादी संगठन, फिर किया हंगामा, भारी पुलिस फोर्स तैनात
- 'मेरा नाम मोहम्मद दीपक', कोटद्वार बाबा विवाद के बाद सुर्खियों में बॉडी बिल्डर शख्स, जानिये वजह
- कोटद्वार में विशेष समुदाय की दुकान का नाम 'बाबा' रखने पर विवाद, बजरंग दल ने जताई आपत्ति
- कोटद्वार में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का जबरदस्त विरोध, कांग्रेस ने घेराव कर दिखाए काले झंडे

