कोटद्वार बाबा विवाद, पहली बार आया बजरंग दल का ऑफिशियल स्टेटमेंट, जानिये क्या कहा
बजरंग दल के अनुज वालिया ने कहा कोटद्वार बाबा विवाद को जानबूझकर बड़ा रूप दे दिया गया. उन्होंने दीपक कुमार पर भी आरोप लगाए हैं.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 12, 2026 at 5:54 PM IST
देहरादून: कोटद्वार बाबा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. पहले दुकान के नाम और पोस्टर को लेकर शुरू हुई तनातनी अब दीपक कुमार के खिलाफ दर्ज मुकदमे और हिंदू रक्षा दल के प्रस्तावित कोटद्वार कूच तक पहुंच गई. हालांकि यूपी पुलिस ने हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी को हाउस अरेस्ट कर इस मामले को बढ़ने से रोक दिया. अब इस पूरे घटनाक्रम पर बजरंग दल के क्षेत्र संयोजक (उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश) अनुज वालिया ने आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है.
ईटीवी भारत से बातचीत में अनुज वालिया ने कहा कोटद्वार की घटना को एकतरफा तरीके से प्रस्तुत किया गया है. एक व्यक्ति को हीरो बनाने की कोशिश की गई है. उन्होंने कहा कोटद्वार में केवल एक ही बाबा हैं और वह हैं सिद्धबली बाबा है. अगर कोई उनके नाम से अपनी दुकान का नाम रखता है, या फिर पोस्टर या अन्य माध्यम से आपत्तिजनक कार्य करता है तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सिर्फ ऐसा करने से ही रोका था.
अनुज वालिया ने आरोप लगाया कि दीपक कुमार और उसके साथी ने मौके पर आकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से उलझने का काम किया. उन्होंने पूरे मामले को मोहम्मद नाम रखें जाने के मुद्दे तक सीमित कर बड़ा रूप दे दिया गया. अनुज वालिया ने कहा हम सनातन संस्कृति को किसी भी तरह से बदनाम नहीं होने देंगे. अनुज वालिया ने कहा कोटद्वार की घटना के बाद राज्य में एक विशेष तरह का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है. यह बिल्कुल भी सही नहीं है. उन्होंने दीपक कुमार पर भी कई आरोप लगाए हैं.
अनुज वालिया ने कहा अगर कोई बजरंग दल का कार्यकर्ता दुकान पर नाम बदलवाने जाता है तो नेशनल न्यूज बन जाती है. उन्होंने कहा इस मामले को लेकर एकतरफा खबरें चलती हैं. उन्होंने कहा धीरे धीरे समाज जाग रहा है. इस तरह की घटनाओं का विरोध भी हो रहा है. अनुज वालिया ने कहा बजरंग दल देश के साथ ही सनातन और संस्कृति रक्षा की लड़ाई लड़ रहा है. उन्होंने कहा देश में किसी को भी सनातन के साथ छेड़छाड़ करने की अनुमति नहीं है.
विवाद ने पकड़ा तूल: गौरतलब है कि कोटद्वार में दुकान के नाम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कानूनी और सामाजिक बहस का रूप ले चुका है. एक ओर दीपक कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की चर्चा है, तो दूसरी ओर विभिन्न संगठनों की ओर से कूच और विरोध की बातें भी सामने आ रही हैं. फिलहाल प्रशासन की ओर से शांति बनाए रखने की अपील की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में नजर रखी जा रही है.

