बड़ा हादसा : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराकर उड़े कार के परखच्चे, UP के 4 युवकों की मौत
एक्सप्रेसवे पर कोटा जिले के चेचट थाना इलाके में भीषण सड़क दुर्घटना. चार युवकों की मौके पर मौत. चारों युवक एक कार में सवार थे.

Published : February 22, 2026 at 5:15 PM IST
|Updated : February 22, 2026 at 7:23 PM IST
कोटा: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कोटा जिले के चेचट थाना इलाके में रविवार को सड़क दुर्घटना हुई है. इसमें चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है. यह चारों युवक एक कार में सवार थे, जिसकी ट्रक से भिड़ंत हो गई थी. सूचना मिलने पर चेचट थाना पुलिस मौके पर पहुंची. इसके अलावा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के कंट्रोल सेंटर से भी टीम मौके पर पहुंच गई थी. हाईवे पेट्रोलिंग वाहन भी मौके पर आ गई. आनन-फानन में इन युवकों को रामगंज मंडी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चारों को मृत घोषित कर दिया गया है. उज्जैन से महाकाल के दर्शन कर वापस उत्तर प्रदेश लौट रहे थे.
पूरे मामले पर चेचट थाना अधिकारी सुरेंद्र सिंह गोदारा का कहना है कि घटनाक्रम चेचक इंटरचेंज के नजदीक 2:30 बजे के आसपास हुआ है. यह कार मध्य प्रदेश की तरफ से आई थी और दिल्ली की तरफ जा रही थी. ट्रक से ओवरटेक कर आगे जाने का प्रयास कार चालक ने किया था. इस दौरान कार पीछे से ट्रक में घुस गई. घटना के क्या कारण रहे हैं, यह सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों से जांच की जाएगी? फिलहाल, चारों युवकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है. उनके परिजनों के संबंध में पता लगाया जा रहा है. केवल इतनी जानकारी लगी है कि यह मध्य प्रदेश से यूपी की तरफ जा रहे थे.
पढ़ें : बारात से लौटते वक्त दर्दनाक हादसा: नहर में एसयूवी गिरने से 3 की मौत, विधानसभा में उठा मुद्दा
थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह गोदारा का कहना है कि कार के पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए व चकनाचूर हो गई है. तेज गति में यह कार थी, इसी के चलते ट्रक में घुस गई. ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है. साथ ही ट्रक को भी जप्त किया है. कुछ देर यातायात बाधित भी हुआ था, जिसके बाद बैरिकेडिंग लगाकर कार को प्रोटेक्ट किया गया और ट्रक को साइड में खड़ा कर दिया गया है. घटना के बाद कार में सवार चारों युवक पूरी तरह से फंस गए थे, जिनको बड़ी मशक्कत करके बाहर निकाला गया. इसके संबंध में भी जांच पड़ताल की जा रही है. फिलहाल, युवकों के शव को रामगंज मंडी अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट करवा दिया गया है. परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. शवों का पोस्टमार्टम भी होगा.
मृतकों की हुई पहचान : चेचट थाने के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम मीणा ने बताया कि दुर्घटना में मृत चारों युवकों की शिनाख्त शाम को हुई है. यह उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के रुराह निवासी से 21 वर्षीय श्रेष्ठ वाजपेयी, 26 वर्षीय प्रांजल चतुर्वेदी और 25 वर्षीय अंकुश दुबे हैं. जबकि चौथा उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के दोनपुरवा निवासी 20 वर्षीय अंश प्रताप सिंह है. चारों ही उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए गए थे और वापस लौटते समय यह हादसा हुआ है. मृतकों में अधिकांश स्टूडेंट हैं, जबकि कुछ के जॉब करने की भी सूचना मिली है. फिलहाल, परिजनों के आने के बाद ही सबकुछ क्लियर होगा.
बूंदी में पिकअप-ऑटो की भिड़ंत, दो महिलाओं सहित 6 घायल : शहर के नैनवां रोड आईटीआई के पास रविवार शाम पिकअप और ऑटो में आमने-सामने की हुई जोरदार भिड़ंत में दो महिलाओं सहित 6 लोग गंभीर घायल हो गए. घायलों में एक छोटा बच्चा भी बताया जा रहा है. सभी को पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.

सदर थाने के सहायक उपनिरीक्षक लादू लाल नरूका ने बताया कि रविवार शाम को नैनवां रोड पर पिकअप और ऑटो में भिड़ंत की सूचना आई थी. सूचना पर मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया. एएसआई लादू ने बताया कि दुर्घटना में ऑटो में सवार दो महिलाए और एक छोटा बच्चा घायल हुआ है. जबकि ऑटो चालक और बाइक पर पास खड़े दो अन्य लोग भी पिकअप की चपेट में आने से घायल हो गए. उन्होंने बताया कि सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.

