कोलकाता-पुणे इंडिगो फ्लाइट की रायपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, एक घंटे बाद उड़ा विमान
रायपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : April 30, 2026 at 5:49 PM IST
रायपुर: रायपुर के माना स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर गुरुवार को इमरजेंसी के हालात पैदा हो गए. कोलकाता से पुणे जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E-135 की यहां इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. एयरपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक एक महिला यात्री की तबियत खराब हो गई.वह अचानक बेहोश हो गई. जिसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराने का फैसला लिया गया.
एक घंटे तक एयरपोर्ट पर रहा विमान
एयरपोर्ट प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक महिला की हालत अचानक खराब होने के कारण विमान के क्रू मेंबर्स ने तुरंत रायपुर के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया. दोपहर लगभग 12:00 फ्लाइट को रायपुर एयरपोर्ट में सुरक्षित उतारा गया. लैंडिंग के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर मौजूद मेडिकल टीम ने महिला का प्राथमिक उपचार किया बाद में एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल भेजा गया. जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद फ्लाइट ने लगभग 1 घंटे के बाद फिर से पुणे के लिए उड़ान भरी.

मेडिकल टीम को किया गया अलर्ट
रायपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की खबर मिलने के बाद मेडिकल टीम को अलर्ट कर दिया गया. जैसे ही विमान ने एयरपोर्ट पर लैंडिंग की उसके बाद मेडिकल स्टाफ विमान के भीतर पहुंचा. तुरंत महिला यात्री को प्राथमिक उपचार दिया गया. महिला यात्री के बेहतर इलाज के लिए उसे नजदीक के अस्पताल में भेजा गया है. फिलहाल महिला यात्री की स्थिति की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन चिकित्सा सुविधा समय पर मिलने के कारण उसकी स्थिति कंट्रोल में बताई जा रही है.
यात्रियों को नहीं हुई कोई परेशानी
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार इस इमरजेंसी लैंडिंग को पूरी तरह से सुरक्षित तरीके से किया गया. इस दौरान विमान में सवार दूसरे अन्य यात्रियों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई. कुछ समय के लिए एयरपोर्ट पर हलचल जरूर बढ़ गई थी. लेकिन स्थिति को जल्द ही सामान्य कर लिया गया. सभी यात्रियों को विमान के अंदर सुरक्षित रखा गया. स्थिति सामान्य होने के एक घंटे के बाद फ्लाइट को दोबारा टेक ऑफ कराया गया. जिसके बाद विमान अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गया.

