कोलकाताः इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के गोदाम में भीषण आग, दमकल की 20 गाड़ियां मौके पर
आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. आग लगने के कारणों की अभी भी जांच की जा रही है.


Published : November 15, 2025 at 1:37 PM IST
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के एक बहुमंजिला इमारत में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई. एज्रा स्ट्रीट इलाके के इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के गोदाम में आग लगी थी. बताया जाता है कि आग तेजी से भीड़भाड़ वाले इलाके में फैल गई. पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. क्षति का आकलन किया जा रहा है.
स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही आग को बुझाने के लिए कम से कम 20 दमकल गाड़ियों को लगाया गया. दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के छह घंटे बाद भी अभी तक इस पर काबू नहीं पाया जा सका है.

राज्य अग्निशमन सेवा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, "आग सुबह करीब साढ़े पांच बजे लगी. आग पर काबू पाने के लिए 20 दमकल गाड़ियों को लगाया गया. दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के अभियान में लग गये. कई घंटों की लगातार कोशिश के बावजूद आग पर अभी पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है."
अधिकारी ने बताया कि चूंकि अब आग फैल नहीं रही है, इसलिए दमकल गाड़ियों की संख्या में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है. अधिकारी ने बताया, "घटना के समय किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और न ही कोई व्यक्ति इमारत के अंदर फंसा था. आपातकालीन टीमों ने एहतियात के तौर पर इलाके की घेराबंदी कर दी है, जबकि अग्निशमन कार्य जारी है."
दमकल विभाग के अधिकारी की मानें तो आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. आग लगने के कारणों की अभी भी जांच की जा रही है. आशंका जतायी जा रही है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी होगी. अधिकारी स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं.
इसे भी पढ़ेंः

