'टीचर का एनकाउंटर क्यों नहीं.. फांसी क्यों नहीं हुई' NEET पेपर लीक पर भड़के खान सर
खान सर ने NTA पेपर लीक माफिया और परीक्षा प्रणाली पर निशाना साधा और कहा कि आरोपी शिक्षकों का अब तक एनकाउंटर क्यों नहीं हुआ?

Published : June 1, 2026 at 4:09 PM IST
पटना: बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम आने के बाद पटना में एक अनोखा और भावुक नजारा देखने को मिला. हजारों सफल अभ्यर्थियों के बीच पहुंचे खान सर ने उन्हें मेडल और यूनिफॉर्म वितरित किया. इस दौरान उन्होंने न सिर्फ चयनित युवाओं की मेहनत की सराहना की, बल्कि पेपर लीक माफिया और परीक्षा प्रणाली को लेकर भी तीखे सवाल उठाए.
पेपर लीक माफिया पर बरसे खान सर : खान सर ने नीट पेपर लीक माफिया को भी कटघरे में खड़ा किया और जोरदार हमला करते हुए पूछा कि अब तक जो शिक्षक पेपर लीक कराने के मामले में पकड़े गए हैं उनका एनकाउंटर क्यों नहीं हुआ? उनका घर बुलडोजर से तोड़ा क्यों नहीं गया? उन टीचरों को अब तक फांसी क्यों नहीं हुई?

NEET परीक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल : खान सर ने NEET परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि केवल प्रश्नपत्रों के परिवहन की व्यवस्था मजबूत करने से समस्या का समाधान नहीं होगा.
"समस्या प्रश्न-पत्र पहुंचाने में नहीं है, बल्कि वहां है जहां पेपर तैयार और प्रिंट किए जाते हैं. यदि लीक की जड़ पर कार्रवाई नहीं होगी तो केवल सुरक्षा बढ़ाने से कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा."- खान सर
'बीमारी कहीं और, इलाज कहीं और' : खान सर ने अपने अंदाज में कहा कि परीक्षा प्रणाली की असली समस्या को पहचानना जरूरी है. उन्होंने कहा कि अगर प्रश्नपत्र बनने और छपने की प्रक्रिया में ही गड़बड़ी हो रही है, तो केवल परिवहन व्यवस्था पर फोकस करना पर्याप्त नहीं होगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना समय की मांग है.

NTA पर भी साधा निशाना : अपने संबोधन के दौरान खान सर ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों को लेकर एजेंसी का रवैया कई बार संतोषजनक नहीं दिखता. उन्होंने कहा कि जब परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं तो छात्रों का भरोसा प्रभावित होता है. इसलिए जरूरी है कि ऐसे मामलों में पारदर्शी जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
'12 हजार बच्चे आए वर्दी ही खत्म हो गई' : खान सर ने कहा कि बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों की संख्या इतनी अधिक है कि यूनिफॉर्म की मांग अचानक बढ़ गई. उन्होंने कहा, "बिहार पुलिस का रिजल्ट आने के बाद लगभग 12 हजार से ज्यादा बच्चे यहां पहुंचे. हालत यह हो गई कि पूरी पटना में वर्दी ही खत्म हो गई. अब बच्चों को अगली तारीख देकर यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाएगी."

'मेहनत करने वालों का हक बचा' : खान सर ने सफल अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि मेहनत करने वाले छात्र अपनी काबिलियत के दम पर बिहार पुलिस में सिपाही की नौकरी तक पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि अगर परीक्षा प्रक्रिया ईमानदार नहीं होती और पेपर लीक हो जाता, तो शायद इन गरीब और मेहनती बच्चों की जगह कोई दूसरा व्यक्ति नौकरी पा जाता. मेहनत करने वाले युवाओं का हक छिन जाता.
''अच्छा लगता है कि बच्चे ईमानदारी से अब जाएंगे और ड्यूटी करेंगे. लेकिन यदि पेपर लीक हुआ रहता तो शायद ये बच्चे भी नहीं आ पाते, कोई अमीर का आदमी आता और इनका हक छीन कर ले जाता.''- खान सर
सफल अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा का संदेश : विवादित मुद्दों पर अपनी राय रखने के साथ साथ खान सर ने बिहार पुलिस में चयनित युवाओं को बधाई भी दी. उन्होंने कहा कि अब इन युवाओं पर समाज और राज्य की जिम्मेदारी है तथा उन्हें ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी निभानी चाहिए.
ये भी पढ़ें-

