केरल स्थानीय निकाय चुनाव : त्रिशूर में भाजपा की बड़ी जीत, कांग्रेस की मुस्लिम महिला उम्मीदवार को हराया
केरल के स्थानीय निकाय चुनाव में त्रिशूर में भाजपा ने जीत हासिल कर अन्य सभी पार्टियों को चौंका दिया है.

Published : December 13, 2025 at 2:03 PM IST
त्रिशूर (केरल) : केरल में स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजे आ रहे हैं. इसी बीच कन्ननकुलंगरा वार्ड से भाजपा ने जीत हासिल कर सभी को चौंका दिया है. खास बात यह है कि हिंदू बाहुल्य इस वार्ड में भाजपा की मुस्लिम उम्मीदवार मुमताज ने चुनाव जीतकर कांग्रेस से इस सीट को छीन लिया है.
त्रिशूर नगर निगम में भाजपा की इस जीत को नए सामाजिक समीकरणों के रूप में देखा जा रहा है. कन्ननकुलंगरा हिंदू बहुल वार्ड माना जाता है, ऐसे में यहां से भाजपा की मुस्लिम उम्मीदवार की जीत ने चर्चा छेड़ दी है.
चुनाव में त्रिशूर में भाजपा की ओर से मुमताज ही इकलौती मुस्लिम उम्मीदवार थीं. मुमताज विगत आठ साल से भाजपा के साथ जुड़ी हुई हैं. इतना ही नहीं वह और उनका परिवार लंबे अरसे से पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक रहे हैं. बीते दो साल में उनको पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा की भी जिम्मेदारी दी गई थी, जिसमें उनका कार्यक्षेत्र चेन्नई आधारित रहा.
पेशे से व्यवसायी मुमताज त्रिशूर में एक पेट ग्रूमिंग शॉप चलाती हैं. उन्होंने अपनी जीत को शहर की सेवा करने का अवसर बताया. इससे पहले मुमताज ने कहा था कि पीएम मोदी की विकास की सोच और दृष्टि ने उन्हें भाजपा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया था.
भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता मुमताज ने पार्टी के कई अभियान के अलावा चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया है. वह अभिनेता से राजनेता बने सुरेश गोपी के नेतृत्व में भी चुनाव अभियानों में भाग ले चुकी हैं.
कन्ननकुलंगरा वार्ड में भाजपा की मुमताज ने कांग्रेस उम्मीदवार सिंधु चक्कोलायिल को पराजित किया.
बता दें कि इस वर्ष त्रिशूर नगर निगम चुनावों में महिलाओं की काफी संख्या में बढ़ती भागीदारी भी चर्चा के केंद्र में रही. कुल 28 महिला उम्मीदवार चुनावी मैदान में थीं, जिससे स्थानीय राजनीति में महिलाओं की मजबूत मौजूदगी का संकेत माना जा रहा है.
निर्वाचित होने के बाद मुमताज ने कहा था, "मैं पिछले आठ साल से पार्टी के लिए काम कर रही हूं, पार्टी ने मुझ पर भरोसा किया क्योंकि उसे लगा कि मैं लोगों तक पहुंच सकती हूं. चाहे मेरा व्यवसाय हो या निजी जीवन, मैं समाज से सक्रिय रूप से जुड़ी रहती हूं."
ये भी पढ़ें- पंजाब जिला पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस गंभीर, अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद

