महाराष्ट्र के होटल से निकाले गए कश्मीरी बीजेपी नेता, नेशनल कॉन्फ्रेंस बोली- 'नफरत की राजनीति का खुद हुए शिकार'
महाराष्ट्र के होटल में कश्मीरी पहचान के कारण साजिद यूसुफ शाह को जगह नहीं मिली. नेशनल कॉन्फ्रेंस ने बेजेपी पर तीखा हमला बोला है.

Published : June 8, 2026 at 4:10 PM IST
|Updated : June 8, 2026 at 4:55 PM IST
श्रीनगरः जम्मू-कश्मीर भारतीय जनता पार्टी के एक पदाधिकारी साजिद यूसुफ शाह ने आरोप लगाया है कि उनकी "कश्मीरी पहचान" के कारण उन्हें महाराष्ट्र में ठहरने की जगह नहीं दी गई. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को टैग करते अपनी बात रखी. उनके इस आरोप पर सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
भाजपा के मीडिया प्रभारी शाह ने कहा कि छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) शहर के एक होटल में चेक-इन करने के एक घंटे बाद उन्हें वहां से बाहर निकाल दिया गया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को टैग करते हुए कहा, "महाराष्ट्र के औरंगाबाद के एक होटल में चेक-इन करने के बाद, मुझे मेरी कश्मीरी पहचान से जुड़ी चिंताओं के कारण वहां से जाने के लिए कह दिया गया."
हालांकि, उन्होंने होटल के मालिक को विनम्र और स्पष्टवादी बताया, जिसने यह स्वीकार किया कि यह फैसला गलत और ठेस पहुंचाने वाला था. शाह ने अपनी बात जोड़ते हुए कहा, "लेकिन (होटल मालिक ने) कहा कि वह निर्देशों का पालन कर रहा था. मैंने उसकी ईमानदारी की तारीफ की और बिना किसी बहस या विवाद के वहां से चला गया."
उन्होंने कहा, "मैं यह बात सहानुभूति पाने या किसी को दोषी ठहराने के लिए साझा नहीं कर रहा हूं. मैं इसे इसलिए साझा कर रहा हूं क्योंकि ऐसे पल हमें याद दिलाते हैं कि कानून भले ही एक देश को एकजुट कर सकते हैं, लेकिन भरोसा और समझ बनने में अधिक समय लगता है."
भाजपा नेता के अनुसार, दशकों से कश्मीरियों ने जम्मू-कश्मीर और शेष भारत के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए काम किया है. शाह ने कहा, "अधिकांश भारतीयों ने गर्मजोशी और सम्मान के साथ हमारा स्वागत किया है. फिर भी इस तरह की घटनाएं दिखाती हैं कि रूढ़िवादिता और आशंकाएं अभी भी बनी हुई हैं."
उन्होंने उम्मीद जतायी कि देश एक ऐसे भविष्य की ओर बढ़ते रहेंगे जहां किसी भी नागरिक को उसके क्षेत्र, धर्म या पहचान से नहीं, बल्कि उसके चरित्र और व्यवहार से आंका जाएगा.
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने इस घटना को लेकर भाजपा नेता पर तंज कसा और कहा कि उन्हें "अपनी ही करनी का फल भुगतना पड़ रहा है." नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रवक्ता इमरान नबी डार ने कहा कि भाजपा जिस नफरत की राजनीति का पूरे देश में प्रचार करती है, वह अब उसी के अपने एक सदस्य के सामने आ खड़ी हुई है. उन्होंने कहा- "भाजपा के शाह, जो कश्मीर में आरएसएस (RSS) के माहौल में पले-बढ़े हैं, आज खुद भाजपा के मुस्लिम विरोधी एजेंडे का शिकार हो रहे हैं."
इसे भी पढ़ेंः

