कासगंज: भीषण सड़क हादसे में राजस्थान के 6 श्रद्धालुओं की मौत, 21 घायल, सोरों जी जा रही थी पिकअप
अस्थि विसर्जन के लिए जा रही पिकअप और ट्रक की सीधी भिड़ंत में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 21 लोग घायल हो गए.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 31, 2026 at 8:29 PM IST
कासगंज: सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हो गए. हादसा मोहनपुरा गांव कंतौर स्थित शिव इंटर कॉलेज के सामने हुआ, जहां अस्थि विसर्जन के लिए सोरों जी जा रही श्रद्धालुओं से भरी मैक्स पिकअप की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई.
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. गंभीर रूप से घायल नौ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है.
अस्थि विसर्जन के लिए सोरों जी जा रहे थे श्रद्धालु: पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के मुताबिक, पिकअप में राजस्थान के करौली और भरतपुर जिले के लोग सवार थे. सभी लोग अस्थि विसर्जन के लिए सोरों जी तीर्थस्थल जा रहे थे. सोमवार को शिव इंटर कॉलेज के सामने पहुंचते ही पिकअप की शाहजहांपुर से पशु आहार लेकर जयपुर जा रहे ट्रक से सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे में छह लोगों की गई जान: हादसे में छह लोगों की मौत हो गई. मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं, जो अस्थि विसर्जन के लिए परिवार के साथ जा रही थीं. बताया गया कि हादसे में दो बेटियों सहित चार रिश्तेदारों की भी जान चली गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया.
डीएम और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल: पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त पिकअप से बाहर निकलवाया और तत्काल जिला अस्पताल कासगंज भेजा. हादसे की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह, एसपी ओपी सिंह, एएसपी सुशील कुमार समेत प्रशासन और पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया. इसके बाद जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली.
मृतकों की हुई पहचान, जांच में जुटी पुलिस: गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ भेजा गया है. पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान उमेश पुत्र बबलू (26), प्रेम पत्नी तेजराम (50), नेहरू पुत्र राम खिलाड़ी, रीना पत्नी कर्मवीर (32), अंजलि पत्नी मनीष (26) और रंजीत पुत्र तेजराम (33), सभी निवासी राजस्थान के रूप में हुई है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस यह भी पता लगा रही है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई. हादसे के बाद राजस्थान से आए परिवारों में कोहराम मचा हुआ है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में एक और निर्भया कांड! खाली स्लीपर बस के अंदर छात्रा से दुष्कर्म, ड्राइवर सहित कंडक्टर गिरफ्तार

