'काला हिरण' फिल्म विवाद: दिल्ली हाईकोर्ट ने सलमान खान से पूछा- फिल्म से क्या है सीधा संबंध
दिल्ली हाईकोर्ट में फिल्म काला हिरण - द बैटल फॉर लीगेसी की रिलीज पर रोक लगाने वाली याचिका पर सुनवाई

Published : July 6, 2026 at 6:19 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्म काला हिरण- द बैटल फॉर लीगेसी की रिलीज पर रोक लगाने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए फिल्म अभिनेता सलमान खान से पूछा है कि क्या व्यक्तित्व के अधिकार फिल्म के प्रमोशन वाले कंटेट तक भी अपना दायरा रखते हैं. जस्टिस ज्योति सिंह की बेंच ने मामले की अगली सुनवाई कल यानि 7 जुलाई को करने का आदेश दिया.
सोमवार को सुनवाई के दौरान सलमान खान की ओर से पेश वकील रवि प्रकाश ने फिल्म और उसके ट्रेलर पर रोक पर कहा कि फिल्म के निर्माता उसके व्यक्तित्व का बिना किसी सहमति के वाणिज्यिक दुरुपयोग कर रहे हैं. तब कोर्ट ने कहा कि आप कोई सीधा संबंध बताइए जिससे फिल्म और सलमान खान में कोई संबंध पता चले. तब रवि प्रकाश ने कहा सलमान खान के ब्रासलेट पहनने का जिक्र किया.
उन्होंने कहा कि फिल्म के निर्माता ने सात इंटरव्यू में कहा है कि ये फिल्म सलमान खान पर आधारित है. तब कोर्ट ने कहा कि कोई ब्रासलेट पहनता है, कोई पगड़ी पहनता है तो कल आप ये कहेंगे कि ये व्यक्तित्व के अधिकारों का मामला है. आप फिल्म से सलमान खान का सीधा संबंध बताइए. तब रवि प्रकाश ने फिल्म निर्माता के इंटरव्यू और सोशल मीडिया के पोस्ट का जिक्र किया.
तब कोर्ट ने उनकी दलीलों को रोकते हुए कहा कि हम केवल याचिका में लिखी गई प्रार्थनाओं पर ही विचार करेंगे. उसके बाद कोर्ट ने फिल्म निर्माता से सलमान खान के वकील को वो वीडियो दिखाने को कहा जिस पर वो भरोसा करते हैं ताकि उस वीडियो की सत्यता का वेरिफिकेशन हो सके. याचिका में सलमान खान ने कहा है कि ये फिल्म 1998 में उनसे जुड़े काला हिरण के शिकार से संबंधित है, और इस फिल्म के प्रदर्शन से उनके व्यक्तित्व के अधिकारों का उल्लंघन होगा. याचिका में कहा गया है कि फिल्म काला हिरण के निर्माता ने फिल्म में उसके हमशक्ल का इस्तेमाल किया है और वह जो ब्रासलेट पहनता है वैसा ही ब्रासलेट भी पहने हुए दिखाया गया है.
याचिका में कहा गया है कि फिल्म के निर्माता फिल्म के प्रमोशन के दौरान सलमान खान के नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं. याचिका में कहा गया है कि फिल्म के रिलीज के बाद काला हिरण के शिकार से जुड़े मामले पर भी असर पड़ सकता है और इससे उसकी छवि पर खराब असर पड़ सकता है.
याचिका में कहा गया है कि सलमान खान ने फिल्म के निर्माता को कानूनी नोटिस भेजा था जिसमें फिल्म के प्रमोशन और रिलीज को रोकने की मांग की गई थी. कानूनी नोटिस में कहा गया था कि काला हिरण के शिकार का मामला अभी राजस्थान हाईकोर्ट में लंबित है. ऐसे में अगर इस मामले में कोई भी सनसनी पैदा की जाएगी तो केस के ट्रायल पर असर पड़ सकता है.
बता दें कि काला हिरण फिल्म का पहला पोस्टर पिछले महीने में जारी किया गया था. फिल्म में काला हिरण के शिकार से जुड़े मामले और उससे संबंधित कोर्ट की सुनवाई के दृश्यों को फिल्माया गया है. फिल्म में सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच की शत्रुता को भी दर्शाया गया है. विवादों से बचने के लिए फिल्म निर्माता ने फिल्म में सलमान से प्रेरित किरदार को अयान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से प्रेरित किरदार को लॉयन बिश्नोई नाम दिया है. फिल्म का निर्देशन भरत एस श्रीनेत ने किया और इसे प्रोड्यूस अमित जानी ने किया है.
ये भी पढ़ें :

