ETV Bharat / bharat

जयपुर में सजा Miss Teen International 2026 का ग्रैंड फिनाले , क्यूबा की जोआना उरांगा बनीं विजेता

प्रतियोगिता का मुख्य आयोजन जयपुर में हुआ, जिसमें दुनिया के अलग-अलग देशों की युवा ब्यूटी क्वीन ने हिस्सा लिया.

Miss Teen International 2026
Miss Teen International 2026 (Photo credit - Organizers Miss Teen)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 31, 2026 at 8:53 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : राजस्थान की राजधानी और गुलाबी शहर में आयोजित भव्य समारोह में क्यूबा की जोआना उरांगा ने मिस टीन इंटरनेशनल 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ ही उन्होंने स्पेन की पूर्व विजेता लोरेना रुइज से ताज अपने सिर पर सजाया. अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में दुनिया के 30 से अधिक देशों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न चरणों में अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और प्रस्तुति का प्रदर्शन किया.

प्रतियोगिता का आयोजन जयपुर में बेहद भव्य स्तर पर किया गया, जहां विभिन्न देशों की प्रतिभागियों ने कई दौर की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद फाइनल तक का सफर तय किया. निर्णायकों के लिए विजेता चुनना आसान नहीं था, क्योंकि सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.

इसे भी पढ़ें: Miss Universe India 2026 : कैजिया लिज मैजो ने कहा- अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात

ये रहीं टॉप-5 विजेता : मिस टीन इंटरनेशनल 2026 में क्यूबा की जोआना उरांगा को विजेता घोषित किया गया. इसके अलावा नामीबिया की चैंटल बोएरेन प्रथम रनर-अप रहीं, जबकि पराग्वे की जूलियाना ओकारिज द्वितीय रनर-अप बनीं. अमेरिका कीएंड्रिया अल्मेस्टिका को तृतीय रनर-अप और यूएस वर्जिन आइलैंड्स की डैरेलिस निको को चौथी रनर-अप का स्थान मिला.

जयपुर में बिछा मिस टीन इंटरनेशनल 2026 का रेड कारपेट
जयपुर में बिछा मिस टीन इंटरनेशनल 2026 का रेड कारपेट (Photo credit - Organizers Miss Teen)

भारत ने मुझे घर जैसा एहसास कराया - जोआना उरांगा : खिताब जीतने के बाद क्यूबा की विजेता जोआना उरांगा ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस सम्मान को पाकर बेहद आभारी और गौरवान्वित महसूस कर रही हैं. उन्होंने भारत और यहां के लोगों के प्रति विशेष स्नेह जताते हुए कहा कि भारत में उन्हें घर जैसा अपनापन मिला. जोआना ने कहा, मैं इस सम्मान के लिए बेहद आभारी हूं. मेरे परिवार और समर्थकों का धन्यवाद. मैं भारत से बहुत प्यार करती हूं और दोबारा यहां आने का इंतजार कर रही हूं. यहां के लोगों ने मुझे अपने परिवार जैसा महसूस कराया.

आयोजक बोले- विजेता चुनना था बेहद कठिन : मिस टीन इंटरनेशनल के मालिक निखिल आनंद ने ग्रैंड फिनाले के बाद कहा कि इस बार सभी प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसके कारण निर्णायकों के लिए चयन प्रक्रिया काफी चुनौतीपूर्ण रही. उन्होंने कहा, क्यूबा को पहली बार मिस टीन इंटरनेशनल का ताज मिला है और हम जोआना उरांगा के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं. उन्होंने प्रतियोगिता में असाधारण प्रदर्शन किया.

इसे भी पढ़ें: Miss Universe India 2026 : केरल की 19 वर्षीय कैजिया लिज मैजो के सिर सजा ताज, प्यूर्टो रिको में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

भारतीय प्रतिभागी दिव्या वाधवा ने भी किया प्रभावित : निखिल आनंद ने भारत की प्रतिभागी दिव्या वाधवा के प्रदर्शन की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि दिव्या ने पहले मिस टीन दिवा का खिताब जीता और उसके बाद मिस टीन इंटरनेशनल में भारत का प्रतिनिधित्व किया. हालांकि वह अंतिम चरण तक नहीं पहुंच सकीं, लेकिन उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा. उन्होंने कहा, प्रतियोगिताओं में जीत-हार होती रहती है. भारत बहुत कम अंतर से आगे नहीं बढ़ सका, लेकिन दिव्या एक शानदार प्रतिभागी रहीं और मुझे विश्वास है कि वह भविष्य में भी देश का नाम रोशन करेंगी.

जोआना उरांगा  को Miss Teen International 2026 का खिताब
जोआना उरांगा को Miss Teen International 2026 का खिताब (Photo credit - Organizers Miss Teen)

जयपुर बना अंतरराष्ट्रीय मंच : लगातार अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी पेजेंट्स की मेजबानी से जयपुर को ग्लैमर, फैशन और पर्यटन के वैश्विक नक्शे पर नई पहचान मिल रही है. एक ओर जहां मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 में देशभर की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, वहीं कुछ ही दिनों बाद मिस टीन इंटरनेशनल 2026 में 30 से अधिक देशों की प्रतिभागियों ने जयपुर को अपना मंच बनाया. इन आयोजनों के जरिए जयपुर की ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति, आतिथ्य और पर्यटन को भी अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है. इस लिहाज से हाल के दिनों में हुए दोनों बड़े ब्यूटी पेजेंट जयपुर के लिए केवल ग्लैमर और फैशन के आयोजन नहीं, बल्कि शहर की वैश्विक पहचान को मजबूत करने वाले महत्वपूर्ण इवेंट के तौर पर भी देखे जा सकते हैं.

इसे भी पढ़ें: MISS OCEAN WORLD 2026 : यूके की मॉली मैरी बक्ली के सिर सजा ताज, भारत की हीना ठाकुर बनीं सेकंड रनर अप