कैंसर-किडनी जैसी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए विधायक अपने फंड से देंगे रुपये; जानिये किस राज्य में शुरू हुई यह स्कीम?
जम्मू-कश्मीर सरकार ने कैंसर और किडनी जैसी जानलेवा बीमारियों से जूझ रहे बीपीएल परिवारों को बड़ी राहत दी है.


Published : July 7, 2026 at 7:19 PM IST
श्रीनगरः जम्मू-कश्मीर के विधायक अब कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों के कारण वित्तीय संकट का सामना कर रहे गरीब परिवारों को अपने विकास कोष से 20 लाख रुपये तक आवंटित कर सकते हैं. यह फैसला जम्मू-कश्मीर में कैंसर मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लिया गया है. इससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे उन मरीजों को मदद मिलने की उम्मीद है, जो इलाज के खर्च के लिए तेजी से सोशल मीडिया पर क्राउड फंडिंग का सहारा ले रहे हैं.
जम्मू-कश्मीर के वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश में एक विधायक अपने सालाना 3 करोड़ रुपये के निर्वाचन क्षेत्र विकास फंड का 6.7 प्रतिशत है यानी कि 20 लाख रुपये तक आवंटित कर सकता है. सोमवार को जारी आदेश में कहा गया है कि इस राशि का उपयोग जानलेवा बीमारियों से पीड़ित मरीजों को चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए किया जाएगा.
आदेश में आगे कहा गया है, "एक व्यक्तिगत लाभार्थी को मिलने वाली यह सहायता कैंसर के इलाज के लिए अधिकतम 2.75 लाख रुपये, अंग प्रत्यारोपण (ऑर्गन ट्रांसप्लांटेशन) के लिए 5 लाख रुपये और डायलिसिस की आवश्यकता वाली क्रॉनिक किडनी बीमारी व सरकार द्वारा अधिसूचित अन्य बीमारियों के लिए 1 लाख रुपये से अधिक नहीं होगी."
यह वित्तीय सहायता केवल गरीबी रेखा से नीचे (BPL) और आर्थिक रूप से कमजोर श्रेणियों (EWS) में आने वाले मरीजों को ही मिलेगी. इसके साथ ही यह शर्त भी जोड़ी गई है कि मरीज पीएम-जय सेहत (PM-JAY SEHAT), मेडिकल एड ट्रस्ट (MAT), गरीबों के लिए कैंसर उपचार और प्रबंधन कोष (CTMFFP) और अन्य सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभों का पूरा इस्तेमाल कर चुका हो.
आदेश में कहा गया है कि यह सहायता इलाज के कुल खर्च को वहन नहीं करेगी, बल्कि प्रत्येक मरीज के लिए तय की गई एक विशिष्ट मौद्रिक सीमा के साथ आंशिक रूप से मदद करेगी. इसमें नोट किया गया है, "भुगतान सीधे संबंधित (पैनल में शामिल) अस्पताल या चिकित्सा संस्थान को किया जाएगा, न कि लाभार्थी को."
यह वित्तीय सहायता सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) सरकार के उस चुनावी वादे को पूरा करने में योगदान देगी, जिसमें कैंसर, हृदय और किडनी प्रत्यारोपण जैसी गंभीर बीमारियों के लिए प्रति वर्ष 5,00,000 रुपये के मुफ्त बीमा कवर के साथ एक मेडिकल ट्रस्ट बनाने का लक्ष्य रखा गया था.
नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक तनवीर सादिक ने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की सराहना की. कहा कि इससे जम्मू-कश्मीर के अनगिनत परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी. उन्होंने कहा कि जीवन के लिए खतरा पैदा करने वाली बीमारियों से जूझ रहे मरीजों और उनके परिवारों को वित्तीय सहायता के लिए दर-दर भटकना पड़ता था.
इसे भी पढ़ेंः

