'अमित शाह ने वादा किया था', राज्यसभा सीट पर पर अड़े जीतनराम मांझी
केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने बिहार में राज्यसभा सीट पर दावा ठोका है. उन्होंने कहा कि अमित शाह ने उनसे वादा किया था. पढ़ें..

Published : December 25, 2025 at 6:59 PM IST
पटना: बिहार में राज्यसभा सीट को लेकर 'एक अनार सौ बीमार' वाली स्थिति बनती जा रही है. एलजेपीआर चीफ चिराग पासवान और आरएलएम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के बाद अब हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के संरक्षक जीतनराम मांझी ने भी अपनी दावेदारी जताई है. जहानाबाद में उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उनसे वादा किया था. उनकी पार्टी को लोकसभा में दो सीट और राज्यसभा में एक सीट देने का भरोसा दिया था.
'अमित शाह ने वादा किया था हमसे': केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में अमित शाह ने कहा था कि आपको दो लोकसभा की सीट और एक राज्यसभा की सीट देंगे. हालांकि लोकसभा चुनाव में सिर्फ एक सीट दी गई. उन्होंने कहा कि इसके बावजूद हमलोग एनडीए के प्रति समर्पित रहे हैं. खासकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति समर्पित हैं, क्योंकि उन्होंने एक सांसद होने के बावजूद मुझे महत्वपूर्ण विभाग का कैबिनेट मंत्री बनाया है.

'हमें भी चाहिए राज्यसभा की सीट': हम संरक्षक ने आगे कहा कि लोकसभा चुनाव में हमलोग एक सीट पर मान गए लेकिन राज्यसभा चुनाव में हमें भी सीट चाहिए. उन्होंने कहा कि अब जब राज्यसभा की बात है तो हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन से हम अपनी बात रख रहे थे कि राज्यसभा में एक सीट की मांग रखी जाए.

"2024 के लोकसभा चुनाव में अमित शाह ने कहा था कि दो लोकसभा की सीट और एक राज्यसभा की सीट देंगे. मांझी जी इसको पत्थर का लकीर मान लीजिए लेकिन मिला एक सीट. अब जब राज्यसभा की बात है तो हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, हमारी पार्टी के. उनसे हम अपनी बात रख रहे थे कि तुम अपना राज्यसभा में एक सीट की मांग रखो."- जीतनराम मांझी, केंद्रीय मंत्री सह संरक्षक, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा
कुशवाहा की दावेदारी पर क्या बोले?: वहीं, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा को लेकर जीतनराम मांझी ने कहा, 'उपेन्द्र कुशवाहा जी मेच्योर आदमी हैं, उनको लाभ मिल गया है. अपने सांसद हैं, पत्नी विधायक हैं और बेटा को भी मंत्री बना दिए हैं. जहां तक हम लोगों की बात हैं तो हम लोगों ने यह नहीं कहा है. एक बात आई है. हमारा दल अभी निबंधित है, जिससे बहुत सारा दिक्कत हो रहा है. कोई भी मीटिंग इलेक्शन कमीशन का हो, उसमें हम लोगों को नहीं बुलाया जाता है. चुनाव होता है तो वोटर लिस्ट नहीं मिलता है, क्योंकि हम पार्टी को निर्दलीय माना जाता है. इसलिए हमारी कोशिश है कि हमारी पार्टी को जल्द से जल्द राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिले.'

5 सीटों पर मिली जीत: हालिया बिहार विधानसभा चुनाव में हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के विधायकों की संख्या बढ़ी है. 6 सीटों पर पार्टी ने प्रत्याशी उतारे थे, जिनमें 5 सीटों पर जीत हासिल हुई है. उनके बेटे और पार्टी अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन बिहार सरकार में मंत्री बनाए गए हैं. जीतनराम मांझी खुद गया से सांसद हैं और मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं.
ये भी पढ़ें:
'..तो NDA छोड़ देंगे' राज्यसभा सीट पर जीतन राम मांझी के बागी तेवर, MP-MLA की खोली पोल
राज्यसभा सीट पर किचकिच, जीतन राम मांझी ने की डिमांड तो उपेंद्र कुशवाहा ने दिया जवाब
'2700 वोट से पीछे थे.. DM को बोलकर जितवा दिया' जीतनराम मांझी ने VIDEO को बताया फेक

