झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सीएम साय से की मुलाकात, सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर हुई चर्चा
छत्तीसगढ़ प्रवास पर पहुंचे झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सीएम विष्णुदेव साय से मुलाकात की है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 7, 2026 at 8:45 PM IST
रायपुर: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने मंत्रालय महानदी भवन में सीएम विष्णुदेव साय से मुलकात की. इस बैठक में छत्तीसगढ़ और झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और जनकल्याण पर चर्चा हुई. दोनों नेताओं ने सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और जनकल्याण के साझा प्रयासों को और मजबूत करने पर जोर दिया.
झारखंड से जशपुर का आत्मीय जुड़ाव- सीएम साय
इस अवसर पर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और झारखंड केवल भौगोलिक रूप से पड़ोसी राज्य ही नहीं हैं, बल्कि दोनों राज्यों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों की मजबूत परंपरा रही है. उन्होंने कहा कि विशेष रूप से जशपुर क्षेत्र का झारखंड से वर्षों पुराना आत्मीय जुड़ाव रहा है, जिसने दोनों राज्यों के लोगों के बीच विश्वास और निकटता को निरंतर मजबूत किया है.
मीटिंग में क्या चर्चा हुई ?
बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा परस्पर अनुभवों के आदान-प्रदान जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ. मुख्यमंत्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों राज्यों के बीच सहयोग से विकास के नए अवसर पैदा होंगे. सीएम साय ने कहा कि दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को फायदा होगा. सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों को इसका अच्छा लाभ मिलेगा. दोनों नेताओं ने मुलाकात को सार्थक बताया.
छत्तीसगढ़ का जशपुर, बलरामपुर रामानुजगंज जिला झारखंड की सीमा से लगता है. यहां के लोग कई तरह के कार्यों के लिए झारखंड जाते हैं. झारखंड के लोग भी कई तरह के कार्य के लिए छत्तीसगढ़ आते हैं. दोनों राज्यों के लोगों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंध भी देखने को मिलते हैं.

