झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर का पीएम पर विवादित बयान, कहा- अगर कांग्रेस अर्बन नक्सलियों का घर तो...
पलामू में झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने प्रधानमंत्री और बीजेपी पर विवादित बयान दिया है.

Published : May 5, 2026 at 6:20 PM IST
पलामू: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री और कांग्रेस नेता राधाकृष्ण किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर तीखा हमला बोला है. उससे पूछा गया था कि पीएम ने कांग्रेस को अर्बन नक्सलियों का गढ़ बताया है, जिसके बाद उन्होंने विवादित बयान दिया.
मंगलवार को पलामू में पंचायती राज विभाग द्वारा आयोजित मुखिया सम्मेलन के बाद पत्रकारों से बातचीत में राधाकृष्ण किशोर ने विवादास्पद टिप्पणी की है. प्रधानमंत्री द्वारा कांग्रेस को "अर्बन नक्सलियों का गढ़" बताए जाने के सवाल के जवाब में किशोर ने कहा, " अगर पीएम ने कांग्रेस अर्बन नक्सलियों का घर बताया है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद का गढ़ है."
दीपिका पांडेय सिंह का पलटवार
झारखंड सरकार की पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने भी प्रधानमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पीएम कुछ भी बोल सकते हैं, लेकिन कांग्रेस उनकी बातों पर ध्यान नहीं देती. उन्होंने कांग्रेस की स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका का जिक्र करते हुए कहा, "कांग्रेस और उसके नेता इस देश की आजादी दिलाने में शामिल रहे हैं. हम लोग सत्ता से अधिक सेवा में विश्वास रखते हैं."
'डकैती' का आरोप, जनता देगी जवाब
दीपिका पांडेय सिंह ने भाजपा सरकार पर चुनाव आयोग के साथ मिलकर "डकैती" करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आने वाले समय में जनता इसका उचित जवाब देगी.
सम्मेलन में शामिल हुए दोनों मंत्री
दोनों मंत्री पलामू में मुखिया सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे थे और कई घंटों तक कार्यक्रम में मौजूद रहे. सम्मेलन के बाद दिए गए इन बयानों ने स्थानीय और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है.
ये भी पढ़ें:
विकसित झारखंड बनाने में आ रही बाधा पर खुद वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने दिखाया अधिकारियों को आईना!

