JEE MAIN 2026: पेपर 2 B.Arch व B.Planning का परिणाम जारी, चार कैंडिडेट को 100 परसेंटाइल, केरलम का दबदबा
पेपर 2 BArch व BPlanning में 100 परसेंटाइल लाने वालों में से तीन कैंडिडेट्स केरलम के हैं.

Published : May 6, 2026 at 6:57 AM IST
कोटा : देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (JEE MAIN 2026) के पेपर 2 बैचलर ऑफ आर्किटेक्ट (B.Arch) और बैचलर ऑफ प्लानिंग (B.Planning) का परिणाम नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने मंगलवार रात को जारी कर दिया है. कैंडिडेट एनटीए की ऑफिशियल वेबसाइट या इस लिंक पर क्लिक कर रिजल्ट देख सकते हैं. इस परीक्षा में कुल चार विद्यार्थी 100 परसेंटाइल का स्कोर कर पाए हैं. इनमें बीआर्क व बी प्लानिंग के दो-दो विद्यार्थी हैं. परिणाम में केरलम का दबदबा सामने आया है. 100 परसेंटाइल लाने वालों में से तीन कैंडिडेट्स केरलम के हैं.
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि बी प्लानिंग की परीक्षा में केरलम के गौरीशंकर वी और उत्तर प्रदेश के सार्थक अग्रवाल 100 परसेंटाइल लेकर आए हैं. बीआर्क में केरलम की मीरा कृष्णा आरएस और सूर्य तेजस एस ने 100 परसेंटाइल हासिल किया है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने बीआर्क और बी प्लानिंग दोनों में टॉप 10 विद्यार्थियों की सूची भी जारी की है. बीआर्क में टॉपर्स की सूची में केरल से 3, तमिलनाडु से 2, आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और कर्नाटक से एक-एक कैंडिडेट हैं. इसी तरह से बी प्लानिंग की टॉपर्स सूची में केरल से 3, कर्नाटक से 2, उत्तर प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना, तमिलनाडु व राजस्थान से एक-एक विद्यार्थी हैं. विद्यार्थी अपने स्कोर कार्ड नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की आधिकारिक जेईई मेन की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं.
पढ़ें. सावन को नहीं रोक पाई परिवार की खराब माली हालत और पोलियो...जेईई मेन में पाए 99 पर्सेंटाइल से ज्यादा
केरलम की मीरा कृष्णा आरएस फीमेल टॉपर भी : देव शर्मा ने बताया कि बीआर्क की परीक्षा में 94513 रजिस्टर्ड हुए थे. इनमें से 67139 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जबकि बी प्लानिंग में 45729 विद्यार्थी रजिस्टर्ड हुए थे और इनमें से 30050 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है. जेईई मेन के पहले सेशन में 29 जनवरी को यह परीक्षा हुई थी. दूसरे सेशन में 7 अप्रैल को यह परीक्षा आयोजित की गई. दोनों परीक्षाओं को देने वाले विद्यार्थियों के आधार पर परिणाम जारी किया है. विद्यार्थियों की पेपर 2 की ऑल इंडिया रैंक जारी कर दी गई है. बीआर्क परीक्षा में बात की जाए तो 100 परसेंटाइल लाकर मीरा कृष्णा आरएस फीमेल टॉपर बनी हैं. वहीं, बीप्लानिंग में कोई भी छात्रा 100 परसेंटाइल नहीं ला पाई है. बीआर्क में 100 परसेंटाइल लाने वाली मीरा कृष्णा आरएस 99.9808356 परसेंटाइल के साथ बी प्लानिंग में भी फीमेल टॉपर बनी हैं.
पढ़ें. JEE ADVANCED 2026: जेईई मेन से क्वालीफाई 60 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स ने नहीं किया आवेदन
यह बने हैं टॉपर्स, केरलम का दबदबा : बीआर्क के टॉपर्स में केरलम की मीरा कृष्णा आरएस, सूर्य तेजस एस, तमिलनाडु के सुशील नारायण एस, कर्नाटक की अंशिता सुरेश मालियट, तमिलनाडु के निवंदथी वेंकटेश, आंध्र प्रदेश के वसन्तु अन्वी, हिमाचल प्रदेश के पार्थ ठाकुर, महाराष्ट्र के सारा शकील अख्तर बोहरी, तेलंगाना की तेलुरी श्रेयस रेड्डी और केरलम की नंदना अझई शामिल हैं. बी प्लानिंग के टॉपर्स में केरलम के गौरीशंकर, उत्तर प्रदेश के सार्थक अग्रवाल, राजस्थान के अर्णव शुक्ला, झारखंड के युवराज सिंह संधू, कर्नाटक के सोहम शर्मा, तेलंगाना के मद्दूरी नागा प्रद्युम्ना रेड्डी, केरलम के लुई ब्राइट कांजीराथिंगल, तमिलनाडु के यशवन्त महेंद्रन प्रिया, केरलम की मीरा कृष्णा आरएस व कर्नाटक के आदित्य कुमार शामिल हैं.

