बांकीपुर उपचुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर? बोले PK- 'जो कुछ भी करना पड़ेगा, वो सब किया जाएगा'
BJP को अगर राजनीतिक सबक सिखाना है तो उनके मांद में घुसकर हराना होगा, पढ़िए बीजेपी पर क्यों फायर है प्रशांत किशोर?.

Published : June 27, 2026 at 8:59 AM IST
पटना: जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है. प्रशांत किशोर ने कहा है कि अगर बांकीपुर सीट से विधानसभा का उपचुनाव लड़ना पड़ा तो वे चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि बीजेपी को हराने के लिए जो कुछ करना पड़े वो करेंगे. बांकीपुर सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है.
क्या आप बांकीपुर उपचुनाव लड़ेंगे?: पटना में एक सभा के दौरान जनसुराज नेता प्रशांत किशोर से जब पूछा गया कि, क्या आप बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे?. इस सवाल पर उन्होंने कहा कि, बीजेपी को हराने के लिए, सम्राट चौधरी को उनकी जगह बताने के लिए, मोदी और अमित शाह को बताने के लिए कि आपने गलत इंसान को मुख्यमंत्री के तौर बिहार पे थोपा है, इसके लिए जो भी करना पड़े वो किया जाएगा.
BJP बांकीपुर हारने वाली है- PK: उन्होंने आगे कहा कि, अगर बांकीपुर से चुनाव लड़ना पड़े तो बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे. बांकीपुर विधानसभा बीजेपी 40-45 साल से नहीं हारी. 2015 में जब लालू-नीतीश और कांग्रेस का गठबंधन था तब भी बांकीपुर नहीं हारे थे, अब बांकीपुर के विधायक बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हो गए. बीजेपी के लिए यह प्रतिष्ठा का सीट है. इसलिए मैं कह रहा हूं कि बीजेपी बांकीपुर हारने वाली है.
''हम लोगों ने तय किया है कि बीजेपी ने जनसुराज को हराने के लिए जो काम हम लोगों के साथ किया 10-10 हजार बांटकर वोट खरीदा, बराबर हिसाब करेंगे.'' - प्रशांत किशोर, नेता, जनसुराज के संस्थापक
'EVM का बटन दबाइये, भाजपा को हराइए': वहीं बांकीपुर में एक सभा के दौरान जनसुराज नेता ने कहा, मोदी जी से बात करना है, मोदी जी को सूचना देना है कि आप अच्छा आदमी को मुख्यमंत्री नहीं बनाए है. महंगाई और भ्रष्ट्राचार से हम लोग परेशान है. ऐसे में आपके पास अभी एक रास्ता है. अभी जब बांकीपुर में चुनाव होगा, ईवीएम आएगा. उसपर जब बटन दबाइयेगा तब मोदी के कान में झनझनाएगा.
''अगर आप मोदी को हराएं तो मोदी के घर में घंटी बजेगा कि जिस बांकीपुर में 45 साल से बीजेपी नहीं हारी थी. अगर आपने बीजेपी को हरा दिया तो मोदी के कान में झन-झन बजने लगेगा तब पता चलेगा कि बांकीपुर की जनता बेवकूफ नहीं है.'' - प्रशांत किशोर, नेता, जनसुराज के संस्थापक
'बीजेपी का अहंकार देखिए..': प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि. बीजेपी का अहंकार देखिए, कहता है बांकेपुर हमारा गढ़ है, कुत्ता-बिल्ली भी खड़ा कर देंगे तो जीत जाएगा, मतलब यहां के लोग इतने बेवकूफ हैं कि कुत्ता-बिल्ली को भी वोट दे देंगे, इनका अहंकार देखिए.
भरत तिवारी एनकाउंटर पर क्या बोले पीके?: बिहार के भोजपुर में भरत तिवारी एनकाउंटर पर प्रशांत किशोर ने कहा कि, विभिन्न समाज के लगभग 80 परिवारों के बिजली, पानी और रहने की सही व्यवस्था के लिए भरत तिवारी लड़ रहा था और प्रशासन ने उसे गोली मार दी. ये रुकने वाला नहीं है. अगर आपको इसे रोकना है, तो बांकीपुर चुनाव में भाजपा को हराइए, तब जाके ही ये रुकेगा.
बांकीपुर विधानसभा सीट, 45 साल से बीजेपी का गढ़: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पिता नवीन किशोर सिन्हा बांकीपुर सीट से चार बार विधायक रहे. उनके निधन के बाद बेटे नितिन नबीन ने 2006 में बांकीपुर उपचुनाव जीता. तब से लगातार इस सीट को जीतते रहे हैं. 2026 में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने इस सीट से इस्तीफा दे दिया. अब इस सीट पर उपचुनाव होगा. ऐसे में प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी में बांकीपुर में जनसंपर्क अभियान चला रखा है.
ये भी पढ़ें: नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद बांकीपुर सीट के लिए BJP में दावेदारी तेज, रेस में ये नाम
ये भी पढ़ें: प्रशांत किशोर बांकीपुर सीट से उपचुनाव लड़ेंगे? मनोज भारती बोले- पार्टी कार्यकर्ताओं की तो यही इच्छा है
ये भी पढ़ें: Explainer: नितिन नबीन वाली बांकीपुर सीट पर प्रशांत किशोर का 'UGC' वाला दांव काम करेगा?
ये भी पढ़ें: Explainer: 5 साल तक जिस 'हाईटेक' आश्रम में रहेंगे PK, जानिए उसकी खासियत
ये भी पढ़ें: प्रशांत किशोर का सरकार पर बड़ा हमला, परिवारवाद पर लालू-नीतीश से लेकर मांझी तक को घेरा

