जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गैर-कानूनी तरीके से चलाए जा रहे होटलों, गेस्ट हाउसों के खिलाफ की कार्रवाई
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर पुलिस समय-समय पर होटल, गेस्ट हाउस और अन्य जगहों की जांच पड़ताल करती रहती है.

Published : January 11, 2026 at 8:55 AM IST
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में अवैध रूप से होटलों और गेस्ट हाउसों के चलाने के खिलाफ कार्रवाई की है. पुलिस ने श्रीनगर टूरिस्ट पुलिस स्टेशन के साथ मिलकर श्रीनगर में होमस्टे, होटल और गेस्ट हाउस द्वारा कानूनी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए एक वेरिफिकेशन और इंस्पेक्शन ड्राइव चलाया.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'कई होटल और गेस्ट हाउस बगैर वैध रजिस्ट्रेशन के चलाते पाए गए. बिना जरूरी रजिस्ट्रेशन के चलाने वालों पर जुर्माना लगाया गया. इसके अलावा, ऐसे सभी बिना रजिस्टर्ड प्रतिष्ठानों के मालिकों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126/170 के तहत निवारक कार्रवाई शुरू की जाएगी.'
पिछले महीने, पुलिस ने बडगाम जिले में एक अवैध रूप से चल रहे होमस्टे से एक चीनी नागरिक को पकड़ा था. चीनी व्यक्ति ने वीजा नियमों का उल्लंघन किया था और वह अवैध रूप से जम्मू- कश्मीर और लद्दाख आया था, जिसके कारण उसे वीजा उल्लंघन के लिए भारत से डिपोर्ट कर दिया गया.
अब, पुलिस अधिकारी ने कहा कि उन्होंने होमस्टे, होटल और गेस्ट हाउस के सभी मालिकों और ऑपरेटरों को सलाह दी है कि वे निर्धारित कानूनी दस्तावेजों का सख्ती से पालन करें और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए संबंधित अधिकारियों के पास समय पर रजिस्ट्रेशन करवाएं. पुलिस ने आगे कहा, 'जिले में नियमों का पालन सुनिश्चित करने और सुरक्षित, कानूनी और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी ऐसे वेरिफिकेशन और प्रवर्तन अभियान जारी रहेंगे.'
उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस करीब है. इसकी तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है. पुलिस इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखना चाहती है. जम्मू-कश्मीर सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील रहा है. सीमापार से नापाक हरकतों की कोशिश की जाती है जिसे नाकाम कर दिया जाता है. ऐसे में पुलिस सुरक्षा को लेकर कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती है.

